Last Updated:May 19, 2026, 14:29 IST
सुभाष घई ने कहा कि किसी भी फिल्म की असली ताकत डायरेक्टर की सोच, कल्पना और विजन में होती है, क्योंकि वही एक साधारण कहानी को बड़े पर्दे पर यादगार बनाता है. घई के मुताबिक, सिर्फ बड़े बजट और सुपरस्टार्स के भरोसे अच्छी फिल्में नहीं बनाई जा सकतीं, बल्कि मजबूत कहानी और उसे समझने वाला निर्देशक ही फिल्म को सफल बनाता है.
ख़बरें फटाफट
सुभाष घई ने बॉलीवुड को लेकर अपने मन की बात सोशल मीडिया पर रखी है.
नई दिल्ली. सुभाष घई ने ‘ताल’, ‘परदेस’, ‘हीरो’ और ‘खलनायक’ जैसी फिल्मों से हिंदी सिनेमा को नया अंदाज दिया। उनकी फिल्मों में सिर्फ बड़े सितारे नहीं, बल्कि दमदार कहानी, शानदार संगीत और एक अलग सिनेमाई विजन देखने को मिलता था. अब निर्देशक ने सोशल मीडिया पर बॉलीवुड के मौजूदा दौर को लेकर चिंता जाहिर की है. सुभाष घई का मानना है कि आज इंडस्ट्री फिल्म बनाने की असली कला को भूलती जा रही है और सिर्फ स्टार पावर और पैसों के पीछे भाग रही है. सुभाष घई ने हिंदी सिनेमा में एक-से-बढ़कर फिल्में देकर अपना नाम बेहतरीन निर्देशकों में स्थापित किया. मंगलवार को निर्देशक ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इंडस्ट्री के बदलते माहौल पर विचार व्यक्त किए.
इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर कर निर्देशक ने लिखा, ‘बड़े पर्दे पर दिखने वाले सिनेमा की असली ताकत सिर्फ और सिर्फ डायरेक्टर की सोच, उसकी कल्पना और उसके विजन में होती है. यह फिल्म इंडस्ट्री का पुराना और वास्तविक सत्य है, जिसे शायद बदला नहीं जा सकता.’
आज के दौर की फिल्मों पर व्यक्त की चिंता
सुभाष घई ने आज के दौर की फिल्मों पर चिंता व्यक्त करते हुए लिखा, ‘आजकल हम फिल्म बनाने की कला को बहुत जल्दी भूलते जा रहे हैं. हम सिर्फ पैसे और स्टार पावर के पीछे भाग रहे हैं. यही कारण है कि आज फिल्मों को इसके बुरे नतीजे भी भुगतने पड़ रहे हैं.’ निर्देशक ने समझाते हुए कहा कि केवल भारी बजट या बड़े सितारों के दम पर अच्छी फिल्में नहीं बनाई जा सकतीं. किसी फिल्म की सफलता के लिए अच्छी कहानी और उसे पर्दे पर उतारने वाले कुशल निर्देशक की सबसे ज्यादा जरूरत होती है.
View this post on Instagram
उन्होंने अपनी प्रोडक्शन कंपनी का जिक्र करते हुए लिखा, ‘मैं और मेरी कंपनी मुक्ता आर्ट्स हमेशा से ऐसे निर्देशकों पर भरोसा करते आए हैं, जो किसी भी आम कहानी को थिएटर में दर्शकों के लिए मजेदार और यादगार बना सकें. इसलिए हमारी पहली पसंद हमेशा एक समझदार और सिनेमा की खूबसूरती को समझने वाला डायरेक्टर होगा.बाकी सब उसके बाद आता है. डायरेक्टर्स का समय फिर से वापस आ रहा है.’
सुत्भाष घई ने बॉलीवुड को दी कई शानदार फिल्में
सुभाष घई अपनी फिल्मों के शानदार संगीत और भव्य सेट के लिए जाने जाते हैं. उनकी फिल्मों के गाने, जैसे ‘ताल’ और ‘परदेस’ के गीत, आज भी बेहद लोकप्रिय हैं. उन्होंने कई नए और स्थापित कलाकारों को बेहतरीन भूमिकाएं दीं. जैकी श्रॉफ और मीनाक्षी शेषाद्रि को बॉलीवुड में लॉन्च करने का श्रेय भी उनकी फिल्म ‘हीरो’ को जाता है. फिल्म निर्माण के अलावा, सुभाष घई ने ‘मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड’ नाम से अपनी खुद की प्रोडक्शन कंपनी स्थापित की है. वे मुंबई स्थित प्रसिद्ध फिल्म संस्थान ‘व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल’ के संस्थापक और चेयरमैन भी हैं, जो फिल्म और मीडिया की शिक्षा प्रदान करता है.
About the Author
शिखा पाण्डेय पिछले 15 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में एक्टिव हैं. शिखा दिसंबर 2019 से न्यूज 18 हिंदी के साथ हैं और बतौर चीफ सब एडिटर के पद काम कर रही हैं. पिछले 6 सालों से वह एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही …और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh











