सुपर संडे महामुकाबला…आज भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, थम जाएगा वक्त

नई दिल्ली. जब भी क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होती हैं, तो वह महज 22 गज की पट्टी पर खेला जाने वाला खेल नहीं रह जाता. वह मुकाबला बन जाता है करोड़ो दिलों की धड़कन, देश-भक्ति का चरम और एक ऐसा जुनून जो सरहदों के पार हर घर को अपनी चपेट में ले लेता है. आज यानी रविवार (14 जून) को बर्मिंघम के मैदान पर एक बार फिर इतिहास खुद को दोहराने के लिए तैयार है. आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के सबसे बड़े और सबसे प्रतीक्षित महामुकाबले में भारतीय शेरनियां और पाकिस्तान की टीम आमने-सामने होंगी. इसे सिर्फ एक मैच कहना इस राइवलरी के साथ नाइंसाफी होगी. यह ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ की वह जंग है, जहां जीत के मायने टूर्नामेंट में आगे बढ़ने से कहीं ज्यादा, देश के सम्मान और तिरंगे की आन-बान-शान से जुड़े हैं.

इस महायुद्ध की गूंज बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान से लेकर सरहद के दोनों पार हर गली-कूचे में सुनाई दे रही है, जहां आज टीवी स्क्रीन के सामने बैठने वाले हर शख्स की धड़कनें सिर्फ देश की जीत के लिए रुकेंगी. यह मुकाबला सिर्फ बल्ले और गेंद का नहीं, बल्कि मैदान पर हर एक रन बचाने के लिए लगाए जाने वाले गोतों, जीत के लिए बहने वाले पसीने और दबाव के उस पहाड़ को चीरने का है जो खिलाड़ियों के साथ-साथ करोड़ों फैंस के कंधों पर भी होता है. इतिहास भले ही चीख-चीखकर आईसीसी टूर्नामेंट्स में भारत के प्रचंड दबदबे की कहानी बयां कर रहा हो, लेकिन इस चिर-प्रतिद्वंद्विता की कड़वी सच्चाई यह है कि यहां पुराना कोई भी रिकॉर्ड मायने नहीं रखता. मायने रखता है तो बस आज के दिन का वो पल जब हरमनप्रीत कौन (Harmanpreet Kaur) की सेना मैदान पर कदम रखेगी और पूरा देश एक सुर में ‘चक दे इंडिया’ का उद्घोष कर अपनी शेरनियों के पीछे चट्टान की तरह खड़ा हो जाएगा.

भारत और पाकिस्तान आज सात समंदर पार होंगे आमने सामने.

आंकड़ों में भारत का दबदबा
इतिहास गवाह है कि जब-जब आईसीसी के बड़े मंचों पर ये दोनों टीमें टकराई हैं, भारतीय टीम ने अपना परचम लहराया हैण् आंकड़े पूरी तरह से टीम इंडिया के पक्ष में गवाही देते हैं. टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में दोनों टीमों का आमना सामना आठ बार हुआ है जहां भारत 6-2 से आगे है. ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल मैच में भी भारतीय टीम पाकिस्तान से आगे है. भारत का दबदबा 13-3 के भारी अंतर से कायम है. भले ही आंकड़े भारत को ‘फेवरेट’ बताते हों, लेकिन जब बात भारत-पाकिस्तान मैच की हो, तो पुराना इतिहास डस्टबिन में चला जाता है. उस दिन जो टीम दबाव को बेहतर झेलेगी, मैदान पर तिरंगा या चांद-तारा उसी का लहराएगा. दोनों ही टीमों पर टूर्नामेंट की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में करने का भारी दबाव होगा.

टीम इंडिया की रणनीति और ‘प्लेइंग इलेवन’ का सिरदर्द
वनडे चैंपियन भारतीय टीम इस समय आत्मविश्वास से लबरेज है, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर के सामने अंतिम एकादश को चुनने की कुछ बड़ी चुनौतियां हैं. बर्मिंघम की परिस्थितियों को देखते हुए टीम कॉम्बिनेशन सबसे अहम होने वाला है. भारत को बल्लेबाजी क्रम में यास्तिका भाटिया और भारती फुलमाली में से किसी एक को चुनना होगा. यास्तिका के पास अनुभव है, तो भारती अपनी आक्रामक शैली के लिए जानी जाती हैं. पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है. ऐसे में भारत को अरुंधति रेड्डी, अनुभवी रेणुका सिंह और हाल ही में डेब्यू करने वाली युवा सनसनी नंदनी शर्मा में से किन्हीं दो को चुनना होगा. रेणुका की स्विंग और नंदनी का जोश पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त करने का माद्दा रखता है.

शेफाली वर्मा पर रहेगी सबकी नजर
भारत की सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में से एक शेफाली वर्मा महज 22 साल की हैं, लेकिन वह अपना चौथा टी20 वर्ल्ड कप खेलने उतर रही हैं. वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहीं शेफाली का बल्ला टी20 वर्ल्ड कप में अब तक उस तरह नहीं गरजा है जिसकी उनसे उम्मीद की जाती है. वह अब तक इस टूर्नामेंट में एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाई हैं. हालिया द्विपक्षीय सीरीज में स्मृति मंधाना और शेफाली की जोड़ी पावरप्ले में बड़ी साझेदारियां नहीं कर सकी थी, इसलिए पाकिस्तान के खिलाफ यह जोड़ी अपनी पूरी ताकत झोंकने को बेताब होगी. अगर बर्मिंघम की पिच का मिजाज शुक्रवार जैसा रहा, तो शेफाली इंग्लैंड के डैनी व्याट-हॉज की तरह एक आतिशी और विशाल पारी खेलकर पाकिस्तान के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाना चाहेंगी.

पाकिस्तान का ‘फातिमा’ फैक्टर और चोट की चिंता
दूसरी ओर, पाकिस्तानी खेमे में थोड़ी चिंता की लकीरें हैं, तो कुछ उम्मीद की किरणें भी हैं. पाकिस्तान की पूरी रणनीति दो ‘फातिमा’ के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है. शनिवार को नेट्स में गेंदबाजी करते समय एक शॉट सीधे कप्तान फातिमा सना के घुटने पर जा लगा. हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने उम्मीद जताई कि वह रविवार के इस महामुकाबले के लिए पूरी तरह फिट हो जाएंगी. कप्तान का मैदान पर होना पाकिस्तान के हौसले के लिए बेहद जरूरी है. 21 साल की युवा सनसनी एयमन फातिमा भारत के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द साबित हो सकती हैं. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2023 की इस लीडिंग स्कोरर ने भले ही सिर्फ 6 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 150 से ऊपर का है. आखिरी के ओवरों में गगनचुंबी छक्के लगाने की उनकी काबिलियत डेथ ओवरों में भारतीय गेंदबाजों की परीक्षा लेगी.

बर्मिंघम का मौसम और पिच का मिजाज
शुक्रवार के चमकदार और धूप खिले दिन के बाद, रविवार को बर्मिंघम का मौसम थोड़ा करवट ले रहा है. आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन राहत की बात यह है कि बारिश की कोई संभावना नहीं है. फैंस को पूरे 40 ओवर का रोमांच देखने को मिलेगा. तापमान 13 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जो एशियाई खिलाड़ियों के लिए थोड़ा ठंडा और चुनौतीपूर्ण हो सकता है. बादलों के घेरे की वजह से शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को हवा में मूवमेंट (स्विंग) मिलने की पूरी उम्मीद है.

खेल भावना बनाम कड़ा मुकाबला
मैच से पहले दोनों कप्तानों के बयानों ने इस मुकाबले की गंभीरता और खेल के प्रति सम्मान को साफ कर दिया है. पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने कहा, ‘बर्मिंघम के दर्शक कमाल के हैं. मैंने कई बार देखा है कि वे सिर्फ अच्छे क्रिकेट का समर्थन करते हैं उन्हें फर्क नहीं पड़ता कि सामने पाकिस्तान है, भारत है या ऑस्ट्रेलिया. वे बस अच्छे शॉट्स और अच्छी गेंदबाजी की तारीफ करते हैं.’

हरमनप्रीत कौर की दहाड़- फर्क नहीं पड़ता सामने कौन सी टीम है
हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘हम यहां क्रिकेट खेलने आए हैं और हम सिर्फ क्रिकेट की बात करते हैं. क्रिकेट के अलावा हम कुछ नहीं जानते और न ही कुछ और सोचते हैं. क्रिकेट पहले दिन से हमारा सपना रहा है. पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए हम इसे सिर्फ एक और मुकाबले की तरह देख रहे हैं जिसे हमें जीतना है.

भारत (संभावित 11): स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी/रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी, नंदनी शर्मा.

पाकिस्तान (संभावित XI): मुनीबा अली, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सायरा जबीन, रमीन शमीम, आलिया रियाज, फातिमा सना (कप्तान), एयमान फातिमा, डायना बेग, नशरा संधू, सादिया इकबाल.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति