सचिन तेंदुलकर नहीं, जानिए किसने जड़ा था वनडे इतिहास का पहला दोहरा शतक

नई दिल्ली. वनडे इंटरनेशनल में जब पहले दोहरे शतक की बात होती है, तो हर किसी के जेहन में 24 फरवरी 2010 की वह तारीख घूम जाती है. ग्वालियर के मैदान पर भारत के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए नाबाद 200 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी. इस मैच को भारत ने 153 रनों के बड़े अंतर से जीता और सचिन की इस 147 गेंदों की पारी (25 चौके और 3 छक्के) को पुरुषों के वनडे क्रिकेट का पहला दोहरा शतक मानकर इतिहास के पन्नों में दर्ज कर दिया गया. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में वनडे का पहला दोहरा शतक सचिन तेंदुलकर के बल्ले से नहीं निकला था?

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) के इस कारनामे से करीब 12 साल पहले ही वनडे इंटरनेशनल में दोहरे शतक का सूखा खत्म हो चुका था. यह कारनामा पुरुष क्रिकेट में नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट के मैदान पर हुआ था. 16 दिसंबर 1997 को मुंबई के मैदान पर महिला वर्ल्ड कप का एक मुकाबला खेला जा रहा था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया और डेनमार्क की टीमें आमने-सामने थीं. इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई महिला कप्तान बेलिंडा क्लार्क (Belinda Clark) ने अपनी टीम के लिए पारी की शुरुआत की और अंत तक नाबाद रहते हुए इतिहास रच दिया. उन्होंने महज 155 गेंदों का सामना करते हुए 22 चौकों की मदद से नाबाद 229 रन बनाए थे.

वनडे में सचिन नहीं तो किसने जड़ा पहला दोहरा शतक.

16 साल तक कायम रहा वनडे का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर
बेलिंडा क्लार्क की इस तूफानी पारी के दम पर ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 3 विकेट खोकर 412 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और डेनमार्क को 363 रनों से हरा दिया. उनका यह नाबाद 229 रनों का स्कोर 2013 तक पूरे वनडे क्रिकेट इतिहास में किसी भी बल्लेबाज का उच्चतम व्यक्तिगत स्कोर बना रहा. इस महारिकॉर्ड को साल 2014 में भारत के रोहित शर्मा ने तोड़ा, जब उन्होंने कोलकाता में श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी.

सचिन की तरह ही बेलिंडा ने भी खेला केवल एक टी20 मैच
ऑस्ट्रेलिया की महान दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार बेलिंडा क्लार्क का करियर बेहद शानदार रहा है. दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने टेस्ट और वनडे दोनों ही प्रारूपों में 45 से अधिक की औसत से रन बनाए हैं. उन्होंने अपने करियर में 15 टेस्ट मैचों में 45.95 की औसत से 919 रन बनाए, जिसमें 2 शतक शामिल रहे. वहीं 118 वनडे इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्होंने 47.49 की औसत से 4844 रन बनाए, जिसमें 5 शतक शामिल हैं. सचिन तेंदुलकर की ही तरह उन्होंने भी अपने देश के लिए केवल एक टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था.

पुरुष वर्ल्ड कप से दो साल पहले शुरू हुआ था महिला वर्ल्ड कप
अक्सर यह माना जाता है कि पुरुष क्रिकेट ही खेल के सभी बड़े रिकॉर्ड्स का केंद्र है, लेकिन सच तो यह है कि कई मायनों में महिला क्रिकेट पुरुषों के मुकाबले कहीं आगे रहा है. ज्यादातर क्रिकेट प्रेमी इस तथ्य से अनजान हैं कि जिस वनडे वर्ल्ड कप का सुरूर आज पूरी दुनिया पर छाया रहता है, उसकी शुरुआत भी पुरुषों से पहले महिलाओं के जरिए हुई थी. पहला मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप साल 1975 में इंग्लैंड में आयोजित हुआ था जिसे वेस्टइंडीज ने जीता था. लेकिन इससे पूरे दो साल पहले, यानी साल 1973 में ही पहला वुमेंस वर्ल्ड कप इंग्लैंड में खेला जा चुका था, जहां मेजबान इंग्लैंड की टीम विजेता बनी थी.

लगातार 3 मैचों में 400+ स्कोर बनाने का अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड
रिकॉर्ड्स की बात करें तो न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम ने वनडे में एक ऐसा कीर्तिमान बनाया है, जिसकी बराबरी आज तक पुरुषों की कोई भी टीम नहीं कर पाई है. कीवी महिला टीम के नाम लगातार तीन वनडे मैचों में 400 से अधिक का स्कोर बनाने का अद्भुत रिकॉर्ड दर्ज है. साल 2018 में आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड की महिलाओं ने पहले मैच में 4 विकेट पर 491 रन बनाए. इसके बाद दूसरे मैच में 418 रन और तीसरे मैच में 3 विकेट खोकर 440 रन थोप दिए. इतना ही नहीं, महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास में दर्ज टॉप 4 सबसे बड़े स्कोर भी अकेले न्यूजीलैंड टीम के ही नाम हैं. इसमें 29 जनवरी 1997 को क्राइस्टचर्च में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया गया 455 रनों का विशाल स्कोर भी शामिल है.

मिताली राज का 22 साल से ज्यादा लंबा ऐतिहासिक करियर
इंटरनेशनल करियर की लंबाई और रनों की बात करें तो भारत की महिला क्रिकेट की जननी मानी जाने वाली मिताली राज का नाम भी सचिन तेंदुलकर के साथ गर्व से लिया जाता है. मिताली राज ने 26 जून 1999 को आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू किया था और अपना आखिरी मैच 27 मार्च 2022 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला. उनका यह 22 साल और 274 दिनों का सफर किसी भी महिला क्रिकेटर का सबसे लंबा इंटरनेशनल करियर है.

6 वर्ल्ड कप और 10 हजार से अधिक रन बनाने की उपलब्धि
इसके अलावा, मिताली राज ने 6 वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व किया है, जो महिला क्रिकेट में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है. पुरुषों के क्रिकेट में यह उपलब्धि केवल भारत के सचिन तेंदुलकर और पाकिस्तान के जावेद मियांदाद के नाम दर्ज है. अगर पुरुषों में सर्वाधिक इंटरनेशनल रन सचिन तेंदुलकर (34,357 रन) के नाम हैं, तो महिला क्रिकेट में तीनों प्रारूपों को मिलाकर सबसे ज्यादा 10,868 रन बनाने का मुकाम भी भारत की मिताली राज ने ही अपने नाम किया है.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति