वनडे इतिहास का सबसे बेहतरीन स्लिप कैच! शुभमन गिल के वीडियो ने मचाया तहलका
Last Updated:June 13, 2026, 21:23 IST
Shubman Gill Slip Catch: भारत और अफगानिस्तान के बीच धर्मशाला वनडे मैच के दौरान भारतीय कप्तान शुभमन गिल अपनी जबरदस्त फील्डिंग से सोशल मीडिया पर छा गए. गिल ने स्लिप में एक ऐसा जादुई कैच पकड़ा, जिसे देखकर स्टेडियम में मौजूद फैंस से लेकर कॉमेंटेटर्स तक, किसी को अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हुआ. गिल के कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर मिनटों में वायरल हो गया.
शुभमन गिल ने स्लिप कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर छाया.
नई दिल्ली. भारत और अफगानिस्तान के बीच धर्मशाला में खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया है. भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पहली स्लिप में हवा में गोता लगाते हुए एक हाथ से ऐसा हैरतअंगेज कैच लपका, जिसे ‘वनडे इतिहास का सबसे बेहतरीन स्लिप कैच’ कहा जा रहा है. इस अविश्वसनीय कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही आग की तरह फैल गया है. दुनियाभर में इस कैच की तारीफ में कसीदे पढ़े जा रहे हैं. सोशल मीडिया गिल के कैच के वीडियो से भर चुका है.
हर्ष दुबे की गेंद और गिल की चीते जैसी फुर्ती
यह अद्भुत नजारा अफगानिस्तान की पारी के 22वें ओवर में देखने को मिला. भारत के लिए अपना डेब्यू मैच खेल रहे युवा स्पिनर हर्ष दुबे ने ओवर की चौथी गेंद को थोड़ा धीमा और ऑफ-स्टंप से बाहर की तरफ फ्लाइट कराते हुए फेंका. अफगानिस्तान के बल्लेबाज अल्लाह गजनफर ने इस गेंद को क्रीज से थोड़ा पीछे हटकर जोर से मारने का प्रयास किया, लेकिन गेंद की गति और टर्न के कारण वह पूरी तरह चूक गए और गेंद उनके बल्ले का मोटा ऊपरी किनारा लेकर बेहद तेज रफ्तार से पहली स्लिप के बाईं ओर हवा में चली गई.
What. A. Catch 🤯
Captain Shubman Gill with an absolute stunner of a grab 🫡
हवा में उड़कर एक हाथ से लपका कैच
गेंद इतनी तेजी से निकली थी कि किसी भी फील्डर के लिए पलक झपकने तक का समय नहीं था, लेकिन कप्तान शुभमन गिल ने चीते जैसी फुर्ती दिखाई. उन्होंने सेकंड्स में अपनी बाईं ओर पूरी ताकत से हवा में गोता लगाया और अपने बाएं हाथ को आगे बढ़ाते हुए एक हाथ से इस करिश्माई कैच को अंजाम दिया. इस कैच की सबसे खास बात यह रही कि जमीन पर गिरते समय भी गिल का अपनी बॉडी और गेंद पर गजब का संतुलन था, जिससे गेंद उनके हाथ से नहीं छूटी. गिल की इस फुर्ती और जबरस्त कैच का हर कोई कायल हो रहा है.
सोशल मीडिया पर फैंस हुए दीवाने
जैसे ही इस कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर आया, यह तुरंत वायरल हो गया. फैंस और दिग्गज क्रिकेटर्स शुभमन गिल की फील्डिंग की तुलना दुनिया के महानतम स्लिप फील्डर्स से कर रहे हैं. कोई इसे वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे बेहतरीन स्लिप कैच बता रहा है तो कोई दशक का सर्वश्रेष्ठ स्लिप कैच करार दे रहा है. सोशल मीडिया पर हर तरफ गिल के इस कैच के ही चर्चे हैं.
गुरबाज के शतक से अफगानिस्तान ने बनाए 195 रन
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला में बारिश की वजह से मैच देरी से शुरू हुआ और 50-50 ओवर की जगह 25-25 ओवर का खेला गया. अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 195 रन का लक्ष्य दिया. भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया था. अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. टीम ने 26 के स्कोर पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे. पारी की शुरुआत करने आए रहमानुल्लाह गुरबाज ने एक छोर थाम रखा था. गुरबाज ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ चौथे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की और टीम का स्कोर 142 रन तक पहुंचाया.
इस साझेदारी के दौरान गुरबाज ने अपना 9वां वनडे शतक लगाया. गुरबाज ने मात्र 48 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. वनडे में अफगानिस्तान की तरफ से यह सबसे तेज शतक है. गुरबाज 51 गेंदों पर 8 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 102 रन बनाकर आउट हुए. गुरबाज 15.3 ओवर में चौथे विकेट के रूप में आउट हुए. उनका विकेट गिरने के बाद अफगानिस्तान का मध्यक्रम और निचलाक्रम ध्वस्त हो गया. टीम 25 ओवर नहीं खेल सकी और 24.5 ओवर में 194 रन पर सिमट गई. कप्तान शाहिदी ने 27 और अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 26 रन बनाए. भारत की तरफ से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत कर रहे गुरनुर बरार और हर्ष दूबे ने शानदार गेंदबाजी की. गुरनुर ने 4.5 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि हर्ष दूबे ने 5 ओवर में 47 रन देकर 2 विकेट लिए. अर्शदीप सिंह और नीतिश कुमार रेड्डी को 2-2 विकेट मिला. प्रसिद्ध कृष्णा और वाशिंगटन सुंदर को विकेट नहीं मिला.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…
और पढ़ेंNews18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi










