Last Updated:September 07, 2026, 06:01 IST
Rinku Singh Meerut Mavericks becomes Champion: रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स टीम ने भुवनेश्वर कुमार की लखनऊ फाल्कंस को 94 रन से हराकर यूपी टी20 लीग ट्रॉफी जीत ली. मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिव्यांश जोशी के विस्फोटक शतक की बदौलत विशाल स्कोर बनाया. रनों का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कंस विशाल चौधरी की घातक गेंदबाजी के आगे 109 रनों पर ढेर हो गई.
रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावरिक्स टीम बनी यूपी टी20 लीग चैंपियन.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट के दो बड़े नाम रिंकू सिंह और स्विंग के सुल्तान भुवनेश्वर कुमार. जब इन दोनों दिग्गजों की टीमें यूपी टी20 लीग 2026 के महामुकाबले में आमने-सामने आईं, तो फैंस को एक रोमांचक मैच की उम्मीद थी. अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस फाइनल में रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स ने एकतरफा अंदाज में भुवनेश्वर कुमार की ‘खनऊ फाल्कंस को 94 रनों से हराकर खिताब जीत लिया. लगातार चौथे सीजन के फाइनल में पहुंची मेरठ मावेरिक्स ने अपनी बादशाहत कायम रखते हुए सीजन 4 की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली.
हाई-वोल्टेज फाइनल मैच में मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह (Rinku Singh) ने टॉस जीतकर बिना किसी झिझक के पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. रिंकू का यह फैसला मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ. पारी का आगाज करने उतरे स्वास्तिक चिकारा और फाइनल मैच के लिए विशेष रूप से टीम में शामिल किए गए दिव्यांश जोशी ने लखनऊ के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही प्रहार करना शुरू कर दिया. दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 53 रनों की तूफानी साझेदारी कर डाली और टीम को एक मजबूत शुरुआत दिलाई.
रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावरिक्स टीम बनी यूपी टी20 लीग चैंपियन.
दिव्यांश जोशी का ऐतिहासिक शतक और भुवी पर पलटवार
स्वास्तिक चिकारा के आउट होने के बाद क्रीज पर दिव्यांश जोशी (Divyansh Joshi) का असली तूफान आना बाकी था. दिव्यांश ने लखनऊ के गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया. भारत के अनुभवी और सबसे किफायती गेंदबाजों में शुमार भुवनेश्वर कुमार भी दिव्यांश के इस काउंटर-अटैक को रोकने में नाकाम रहे. दिव्यांश जोशी ने लीग के इतिहास की सबसे यादगार पारियों में से एक खेलते हुए महज 40 गेंदों में 105 रनों का गगनचुंबी शतक जड़ दिया. अपनी इस अविश्वसनीय पारी में उन्होंने 12 चौके और 7 करारे छक्के जड़े. भुवनेश्वर कुमार जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाज के सामने युवा बल्लेबाजों का यह बेबाक अंदाज देखने लायक था. दिव्यांश की इस आतिशी पारी के दम पर मेरठ मावेरिक्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 203 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया.
204 रनों का विशाल लक्ष्य और लखनऊ का समर्पण
पहली बार यूपी टी20 लीग का फाइनल खेल रही भुवनेश्वर कुमार की लखनऊ फाल्कंस को ट्रॉफी जीतने के लिए 204 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करना था. विशाल लक्ष्य के जवाब में उतरी लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही. मेरठ के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से गेंदबाजी करते हुए लखनऊ के बल्लेबाजों को हाथ खोलने का जरा भी मौका नहीं दिया. दबाव में लखनऊ की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. टीम की ओर से अकेले अजीत वर्मा ने कुछ संघर्ष दिखाने की कोशिश की. उन्होंने 24 गेंदों में 39 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, लेकिन एक रन आउट ने उनकी इस उम्मीद पर भी पानी फेर दिया. इसके बाद लखनऊ की वापसी के सारे रास्ते बंद हो गए.
मेरठ के गेंदबाजों का घातक प्रहार और पर्पल कैप पर कब्जा
मेरठ मावेरिक्स की गेंदबाजी के सामने लखनऊ का मध्यक्रम और निचला क्रम पूरी तरह बेबस नजर आया. विशाल चौधरी ने गेंद से कहर ढाते हुए 24 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए और लखनऊ के बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ तोड़ दी. दूसरी तरफ, मेरठ के स्टार स्पिनर जीशान अंसारी ने अपनी फिरकी का जादू बरकरार रखा. उन्होंने फाइनल मुकाबले में 2 शिकार किए. इन 2 विकेटों के साथ ही जीशान अंसारी के नाम इस टूर्नामेंट में कुल 25 विकेट दर्ज हो गए और उन्होंने इस सीजन की प्रतिष्ठित ‘पर्पल कैप’ अपने नाम की. लखनऊ फाल्कंस की पूरी टीम 16 ओवरों में महज 109 रनों पर सिमट गई और मेरठ मावेरिक्स ने 94 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली.
दिव्यांस बने प्लेयर ऑफ द मैच
फाइनल मुकाबले में अपनी 105 रनों की आतिशी शतकीय पारी से मैच का रुख बदलने वाले दिव्यांश जोशी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. टूर्नामेंट के व्यक्तिगत अवॉर्ड्स की बात करें तो मेरठ के जीशान अंसारी को 25 विकेटों के साथ ‘पर्पल कैप’ मिली, जबकि काशी रुद्रास के कप्तान करण शर्मा ने पूरे सीजन में सबसे ज्यादा 361 रन बनाकर ‘ऑरेंज कैप’ पर अपना कब्जा जमाया.
About the Author
Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 07, 2026, 06:01 IST










