रायबरेली: रायबरेली में बारिश का मौसम एक गांव के लिए मुसीबत बन गया है. इस गांव का चारों तरफ से जल भराव के चलते मुख्य मार्ग से संपर्क टूट गया है. मामला शिवगढ़ थाना इलाके के कोड़री गांव का है. इस गांव के बगल से शिवगढ़ ड्रेन निकली हुई है. इस ड्रेन की सफाई सही ढंग से न होने से पिछले दिनों हुई बारिश के चलते सम्पर्क मार्ग समेत आसपास के खेत जलमग्न हो गये हैं. साथ ही जहां एक तरफ बाजारों से सम्पर्क टूटने के चलते रोजमर्रा के कारोबार पर असर आया है, तो वहीं हजारों बीघा फसल जलमग्न हो गयी है. इसे लेकर एडीएम एफआर ने उप जिलाधिकारी महराजगंज के साथ पहुंचकर एक दिन पहले मौके का मुआयना किया है.
मुख्य मार्ग से टूटा गांव का संपर्क
कोडरी गांव की रहने वाली महिला रेनू बताती हैं कि शिवगढ़ ड्रेन की सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई, जिसकी वजह से हमारे गांव में जल भराव की समस्या उत्पन्न हो गई है. हमारे गांव से हम लोगों के निकलने का सिर्फ और सिर्फ एक ही रास्ता है, वह भी जल भराव की वजह से डूब गया है. इससे मुख्य मार्ग से हम लोगों का संपर्क टूट गया है. हम लोगों को रोजमर्रा की जरूरत का सामान लेने के लिए बाजार जाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. यदि इसी तरह रहा तो बीमारियों के फैलने का भी खतरा बढ़ सकता है.
आगे की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि शुक्रवार को कोई टीम आई थी, जो एमापुर गांव से ही निरीक्षण कर लौट गई. यहां तक किसी भी अधिकारी ने आकर देखना भी मुनासिब नहीं समझा. वही गांव के ही दूसरी महिला सावित्री देवी बताती हैं कि हमारे लोगों के घरों के चारों ओर बारिश का पानी भर गया है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त होने के साथ ही जानवरों पर भी गहरा संकट आ गया है. उन्होंने प्रशासनिक अफसर पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीते लगभग चार दिन से हम लोगों की यह समस्या जस की तस बनी हुई है, लेकिन किसी भी संबंधित अधिकारी ने यहां आकर हम लोगों से जानकारी लेना भी उचित नहीं समझा.
हजारों बीघे फसल हुई जलमग्न
किसान अंकित कुमार बताते हैं कि ड्रेन की सही सफाई न होने की वजह से बारिश का पानी गांव में भर गया है, जिससे लगभग कई हजार बीघा फसल जलमग्न हो गई है. शिकायत पर रायबरेली जिले के एडीएम वित्त एवं राजस्व सहदेव मिश्र, उप जिला अधिकारी महाराजगंज चंद्र प्रकाश गौतम के साथ आए थे. पास के गांव से ही दूर खड़े होकर देखकर चले गए, जबकि हम लोगों की समस्या के संबंध में कोई समुचित जवाब नहीं दिया. उन्होंने रायबरेली जिला प्रशासन से मांग की है कि हम लोगों की समस्या को देखते हुए प्रशासन मदद करें. साथ ही जिन किसानों की फसल बाढ़ से बर्बाद हुई है, उन्हें समुचित मुआवजा दिया जाए.
चार जिलों की सीमा से होकर निकली है ड्रेन
आगे की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि शिवगढ़ ड्रेन के किनारे स्थित लगभग चार दर्जन से अधिक गांव के किसानों की फसल बाढ़ से बर्बाद हुई है. शिवगढ़ ट्रेन लखनऊ जिले की सीमा से होकर बाराबंकी रायबरेली की सीमा से निकाल कर अमेठी जिले के अकबरपुर फर्सी स्थित गोमती नदी में जाकर मिलती है, इसीलिए इसकी सफाई का जिम्मा चारों जिलों का हो जाता है. यह ट्रेन लगभग 200 से ढाई सौ किलोमीटर की लंबी है, जो चार जिलों से होकर गुजरती है.
मौके का किया गया निरीक्षण
उधर इस मामले में जानकारी देते हुए रायबरेली जिले के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहदेव मिश्र ने बताया कि मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया है. जिन गांवों में जल भराव की स्थित उत्पन्न हुई है, जल्द ही इस समस्या का निदान कराया जाएगा. सिंचाई विभाग के खंड 28 के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि जहां पर भी ड्रेन में जलकुंभी या फिर बंद लगा हुआ है, उसे हटाकर जल निकासी कराई जाए, जिससे आमजनमानस को जल भराव की समस्या से राहत मिले. साथ ही उन्होंने बताया कि जिन किसानों की फसल बारिश से बर्बाद हुई है, उनकी समस्या का भी जल्द निदान किया जाएगा.










