‘आयरलैंड में हार से घबरा गए’, अगरकर-गंभीर पर किसने साधा निशाना?
Last Updated:September 05, 2026, 15:05 IST
kris srikkanth target selectors: क्रिस श्रीकांत ने अफगानिस्तान सीरीज के लिए चुनी गई भारतीय टीम पर बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि इस सीरीज में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जाना चाहिए थे, लेकिन आयरलैंड और इंग्लैंड में मिली हार से सेलेक्टर्स घबरा गए हैं, जिससे उन्होंने फुल स्ट्रेंथ के साथ जाने का फैसला किया.
क्रिस श्रीकांत ने सेलेक्टर्स के फैसले पर उठाए सवाल.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और मुख्य चयनकर्ता रहे कृष्णमाचारी श्रीकांत का मानना है कि अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज का इस्तेमाल भारत के युवा खिलाड़ियों के पूल को बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए था. उन्होंने कहा कि हाल में मिली हार की वजह से चयनकर्ताओं ने अफगान सीरीज में टीम के साथ प्रयोग नहीं किया. भारत को श्रेयस अय्यर की कप्तानी में हाल में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सभी छह टी20 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. इसके बाद भारतीय टीम ने जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से सीरीज जीता. भारत और अफगानिस्तान सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जाएगी.
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘आयरलैंड और इंग्लैंड में सीरीज हारने के बाद, चयनकर्ताओं ने कोई रिस्क न लेने का फैसला किया और अफगानिस्तान के खिलाफ एक मजबूत टीम चुनी. वे पूरी ताकत लगा रहे हैं, लेकिन यह एक गलती है. अफगानिस्तान जैसी टीमों के खिलाफ आपको युवाओं को आजमाना चाहिए था. हार के डर से ताकतवर टीम चुनी गई है. आयरलैंड और इंग्लैंड में हार के बाद यह एक डेस्परेशन मूव जैसा लगता है. यह टीम लगभग वैसी ही है जैसी उन्होंने इंग्लैंड के लिए चुनी थी.’
चोटिल खिलाड़ियों के चयन पर उठाए सवाल
अफगान सीरीज के लिए घोषित टीम में 4 इंजर्ड खिलाड़ी हैं. चुनी गई भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को जगह मिली है, लेकिन ये खिलाड़ी पूरी तरह फिट नहीं हैं. इस पर श्रीकांत ने कहा, ‘सिर्फ बेंगलुरु सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ट्रेनिंग से खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार नहीं किया जा सकता. इन चारों ने मैच-फिटनेस साबित नहीं की है. वे किस आधार पर फिटनेस के दायरे में आते हैं? सिर्फ इसलिए कि आप बेंगलुरु सीओई में अपनी फिटनेस साबित कर देते हैं, क्या आप फिट हैं? इसी तरह हर्षित राणा इंग्लैंड गए थे और फिर वहां उनके साथ क्या हुआ? इसलिए मैच-फिटनेस जरूरी है.’
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत का अजेय रिकॉर्ड
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में भारत का अब तक अजेय रिकॉर्ड रहा है. दोनों टीमों का 9 बार इस फॉर्मेट में आमना-सामना हुआ है, जिसमें 7 मुकाबले भारत ने जीते हैं, जबकि एक टाई और एक बेनतीजा रहा है. आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप 2024 में दोनों टीमों की भिड़ंत हुई थी, जिसमें भारत ने 47 रन से जीत दर्ज की. अफगानिस्तान पर रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत भारत को 2022 में मिली, जब दुबई में 101 रन से मुकाबला जीता. ऐसे में भारत की नजरें अब आगामी सीरीज जीतने पर होंगी. बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर की यह पहली घरेलू सीरीज है.
About the Author
परिचय शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 05, 2026, 15:05 IST










