यूपीटीईटी में पूछे गए आसान लेकिन घुमावदार सवाल, देखते ही चकरा गए उम्मीदवार

नई दिल्ली (UPTET 2026 Exam Analysis LIVE). उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने की राह देख रहे लाखों युवाओं का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. राज्य में लगभग 4 साल के अंतराल के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी यूपीटीईटी 2026 हो रही है. 3 दिनों तक चलने वाली और कुल 5 पालियों में होने वाली इस महापरीक्षा के पहले दिन की पहली पाली शांतिपूर्ण ढंग से हो गई. पहले दिन के पहले स्लॉट में अपर प्राइमरी लेवल (उच्च प्राथमिक स्तर) की परीक्षा आयोजित की गई थी.

UPTET 2026 LIVE: व्हीलचेयर पर परीक्षा देने पहुंचीं अनीता

यूपीटीईटी 2026 लाइव: सीतापुर में यूपीटीईटी की परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो चुकी है. इस दौरान परीक्षा केंद्र पर अटूट हौसले की एक सुंदर तस्वीर देखने को मिली. हरदोई की रहने वाली दिव्यांग महिला अभ्यर्थी अनीता अपनी मां और भाई के साथ व्हीलचेयर पर आरएमपी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पहुंचीं. शारीरिक चुनौतियों को दरकिनार कर परीक्षा देने का उनका यह जज्बा वहां मौजूद हर शख्स के लिए प्रेरणा बन गया. मुश्किलों के बावजूद उनके चेहरे पर परीक्षा पास करने का दृढ़ संकल्प साफ झलक रहा था.

UPTET 2026 LIVE: एआई कैमरों की निगरानी में हुई यूपीटीईटी परीक्षा

यूपीटीईटी 2026 लाइव: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की तरफ से पहली बार आयोजित की जा रही यूपीटीईटी परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है. आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार पहले दिन के हाईलाइट्स:

  • भारी उपस्थिति और एआई निगरानी: 2 से 4 जुलाई तक चलने वाली इस परीक्षा के पहले दिन करीब 87 से 88 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए. परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए एआई (AI) युक्त कैमरे लगाए गए हैं, जिनका कंट्रोल प्रयागराज मुख्यालय से हो रहा है.
  • फर्जीवाड़े पर रोक: परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और डेटा एनालिसिस का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे किसी दूसरे की जगह पर परीक्षा देने वाले (सॉल्वर) पकड़े जा सकें.

UPTET 2026 LIVE: ललितपुर में परीक्षा केंद्रों के बाहर से हटाए गए परिजन

यूपीटीईटी 2026 लाइव: ललितपुर में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा. परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त रखा गया. इस दौरान मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने केंद्रों के सामने जमा हुए अभ्यर्थियों के परिजनों को तय दूरी पर जाने के निर्देश दिए और भीड़ को वहां से हटा दिया. इसके साथ ही, सड़कों पर जाम की स्थिति न बने और ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए सड़क किनारे खड़े वाहन भी हटवाए गए.

UPTET 2026 Exam Guidelines LIVE: जांच के बाद महिला अभ्यर्थी को मिली एंट्री

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 लाइव: हाथरस के बागला डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला अभ्यर्थी स्नेहलता के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और सरकारी पहचान पत्र (आधार कार्ड) में गड़बड़ी पाई गई. डिटेल्स मिसमैच होने के कारण सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया, जिससे वह काफी देर तक परेशान रहीं. हालांकि, करीब 20 मिनट तक चली जांच-पड़ताल और वेरिफिकेशन के बाद उन्हें परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की अनुमति दे दी गई.

UPTET 2026 Exam Guidelines LIVE: बेरोजगारी दूर करने के लिए विज्ञापन का इंतजार

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 लाइव: यूपीटीईटी परीक्षा देकर निकले युवाओं ने सिर्फ रिजल्ट ही नहीं, बल्कि अपने भविष्य को लेकर भी सरकार के सामने अपनी बात रखी. अभ्यर्थियों का मानना है कि पेपर आसान होने की वजह से इस बार कटऑफ (मेरिट) काफी हाई जाने वाली है. ऐसे में उन्होंने योगी सरकार से पुरजोर मांग की है कि टीईटी का रिजल्ट आते ही उत्तर प्रदेश के बेसिक स्कूलों में खाली पड़े शिक्षकों के हजारों पदों पर नई भर्ती का विज्ञापन तुरंत जारी किया जाए, जिससे बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सके.

UPTET 2026 LIVE: लीक न हो पेपर और जल्द आए रिजल्ट

यूपीटीईटी 2026 लाइव: परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने सरकार से सबसे बड़ी मांग पेपर लीक को रोकने की की है. उनका कहना है कि पेपर लीक होने से उनकी सालों की मेहनत और पानी की तरह बहाया पैसा एक झटके में बर्बाद हो जाता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह पूरी पारदर्शिता के साथ त्रिस्तरीय सुरक्षा में परीक्षा कराई गई है, उसी ईमानदारी से सरकार बिना किसी देरी के जल्द से जल्द नतीजे भी घोषित करेगी.

UPTET 2026 Exam Guidelines LIVE: आसान था पेपर लेकिन घूम गए सवाल

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 लाइव: प्रयागराज के हिंदू महिला इंटर कॉलेज केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्न पत्र वैसे तो आसान था, लेकिन सवालों को सीधे पूछने के बजाय काफी घुमावदार तरीके से पेश किया गया था. इस वजह से उन्हें उत्तर चुनने में थोड़ी माथापच्ची करनी पड़ी. कुछ परीक्षार्थियों को संस्कृत और अंग्रेजी के सवालों ने थोड़ा छकाया तो कुछ के लिए सामान्य ज्ञान (GK) का सेक्शन कठिन रहा. हालांकि, अच्छी तैयारी करने वाले अभ्यर्थी अपनी सफलता को लेकर पूरी तरह आश्वस्त दिखे.

UPTET 2026 LIVE: 19 लाख अभ्यर्थियों का महाकुंभ

यूपीटीईटी 2026 लाइव: यूपीटीईटी 2026 में कुल 19,94,661 अभ्यर्थी बैठ रहे हैं, जिनमें 17.67 लाख यूपी के और करीब 2.27 लाख दूसरे राज्यों के हैं. इसमें प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्तर के अलग-अलग आवेदकों के अलावा 3.95 लाख से ज्यादा ऐसे अभ्यर्थी हैं, जो दोनों पेपर दे रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बेसिक स्कूलों में पहले से पढ़ा रहे 1.85 लाख से अधिक कार्यरत शिक्षक भी अपनी नौकरी पक्की करने के लिए इस बार परीक्षा में शामिल हो रहे हैं.

UPTET 2026 LIVE: अभेद्य सुरक्षा के लिए ‘ट्रिपल लेयर’ और खुफिया एजेंसियां अलर्ट

यूपीटीईटी 2026 लाइव: यूपीटीईटी परीक्षा को निष्पक्ष कराने के लिए योगी सरकार ने इस बार अभेद्य किला तैयार किया है. पूरे प्रदेश में एसटीएफ, लोकल इंटेलिजेंस और लोकल पुलिस की टीमें मुस्तैद हैं. सेंटर्स की सुरक्षा ऐसी है कि बिना कड़क जांच के परिंदा भी पर नहीं मार सकता. लखनऊ से लेकर अयोध्या तक चप्पे-चप्पे पर मजिस्ट्रेट तैनात हैं. हर सेंटर पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए सीधे कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे किसी भी अप्रिय या संदिग्ध गतिविधि को तुरंत दबोचा जा सके.

UPTET 2026 Exam Guidelines LIVE: साथ लेकर जाएं 3 पासपोर्ट फोटोग्राफ

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 लाइव: डॉक्यूमेंट्स की लिस्ट में एक और महत्वपूर्ण निर्देश तस्वीरों को लेकर है. हर परीक्षार्थी को अपने साथ पासपोर्ट साइज के 3 नए फोटोग्राफ लेकर एग्जाम सेंटर पर पहुंचना होगा. इन फोटोज की जरूरत परीक्षा के दौरान उपस्थिति पत्रक (अटेंडेंस शीट) और अन्य जरूरी दस्तावेजों पर चिपकाने के लिए पड़ सकती है. बेहतर होगा कि आप वही तस्वीरें लाएं जो आपने फॉर्म भरते समय अपलोड की थीं.

UPTET 2026 LIVE: साथ लाएं ओरिजिनल वैलिड फोटो आईडी प्रूफ

यूपीटीईटी 2026 लाइव: यूपीटीईटी एडमिट कार्ड के साथ-साथ अपनी पहचान साबित करने के लिए सरकारी फोटो पहचान पत्र (ID Proof) भी दिखाना होगा. आप आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या वोटर आईडी कार्ड ले जा सकते हैं. ध्यान रहे कि आईडी प्रूफ बिल्कुल असली यानी ओरिजिनल होना चाहिए, उसकी फोटोकॉपी मान्य नहीं होगी. पहचान पत्र पर नाम और डिटेल्स एडमिट कार्ड से मैच होनी चाहिए.

UPTET 2026 LIVE: सुरक्षा और गोपनीयता के लिए 332 पुलिसकर्मी तैनात

यूपीटीईटी 2026 लाइव: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने परीक्षा के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की घोषणा की है. परीक्षा केंद्रों और गोपनीय सामग्री की सुरक्षा के लिए कुल 332 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. इस सुरक्षा बेड़े में 46 उपनिरीक्षक, 92 मुख्य आरक्षी/आरक्षी और 92 महिला आरक्षी शामिल हैं. इसके साथ ही, पेपर और जरूरी दस्तावेजों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए 92 सशस्त्र पुलिस बल के जवानों को विशेष ड्यूटी पर लगाया गया है.

UPTET 2026 Exam Guidelines LIVE: लखनऊ के 46 केंद्रों पर 96 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 लाइव: जनपद लखनऊ में यूपीटीईटी 2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी हैं. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की तरफ से आयोजित की जा रही यह परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को लखनऊ के 46 परीक्षा केंद्रों पर चलेगी. कुल 96,454 अभ्यर्थी यूपीटीईटी परीक्षा देंगे. परीक्षा 2 दिन सुबह-दोपहर की दो पालियों में और एक दिन केवल सुबह की पाली में होगी.

UPTET 2026 LIVE: मेरठ में 29 केंद्रों पर सख्त पहरा और भारी पंजीकरण

यूपीटीईटी 2026 लाइव: मेरठ जिले में भी आज से यूपीटीईटी 2026 की परीक्षा शुरू हो चुकी है. परीक्षा के सफल आयोजन के लिए कुल 29 केंद्र बनाए गए हैं. आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, मेरठ में इस बार कुल 63,376 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर पुलिस बल के साथ बंदोबस्त किए गए हैं. यह परीक्षा 4 जुलाई तक दो-दो पालियों में होगी. अभ्यर्थियों को जांच के बाद ही एंट्री दी जा रही है.

UPTET 2026 Exam Guidelines LIVE: पात्रता और पक्की नौकरी के बीच का अंतर

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 लाइव: यूपीटीईटी केवल एलिजिबिलिटी टेस्ट है. इसे पास करने का मतलब सीधे सरकारी नौकरी पाना बिल्कुल नहीं है. इस परीक्षा को क्लियर करने के बाद योग्यता प्रमाण पत्र मिलता है, जिससे भविष्य में निकलने वाली सरकारी शिक्षक भर्तियों (Super TET) के लिए योग्य माने जाते हैं. शिक्षक की सरकारी नौकरी पाने के लिए इसके बाद मुख्य भर्ती परीक्षा पास करनी होगी और फाइनल मेरिट लिस्ट में जगह बनानी होगी. उसके आधार पर ही अंतिम चयन किया जाता है.

UPTET 2026 LIVE: अभ्यर्थियों में भारी उत्साह और नई शिक्षक भर्ती की उम्मीद

यूपीटीईटी 2026 लाइव: लंबे इंतजार के बाद हो रही इस परीक्षा को लेकर उम्मीदवारों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. केंद्र पहुंचे अभ्यर्थियों का कहना है कि वे इस बार पारदर्शी और लीक-मुक्त परीक्षा की उम्मीद कर रहे हैं. इसके साथ ही, उम्मीदवारों ने सरकार से यह अपील भी की है कि टीईटी परीक्षा होते ही बेसिक शिक्षा विभाग में जल्द से जल्द नई शिक्षक भर्ती का विज्ञापन निकाला जाए, जिससे उन्हें रोजगार मिल सके.

UPTET 2026 LIVE: परीक्षार्थियों के लिए विशेष बसों और ट्रेन का इंतजाम

यूपीटीईटी 2026 लाइव: आयोग ने अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. परीक्षा केंद्रों पर पीने के साफ पानी की अच्छी व्यवस्था की गई है. भारी भीड़ के आवागमन को सुगम बनाने के लिए यूपी परिवहन निगम और रेलवे के साथ खास तालमेल बिठाया गया है. इसके चलते अतिरिक्त बसें और स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. अभ्यर्थियों को कड़ी सुरक्षा जांच के बाद सुबह 7:00 बजे से ही केंद्रों के अंदर एंट्री दी जाने लगी है.

UPTET 2026 Exam Guidelines LIVE: एआई कैमरों की नजर और एसटीएफ का सख्त पहरा

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 लाइव: यूपीटीईटी परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए रिटायर्ड आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को बतौर ऑब्जर्वर तैनात किया गया है. परीक्षा केंद्रों पर मल्टी-लेयर सुरक्षा, बायोमेट्रिक आइरिस स्कैन और एआई युक्त सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. इसे सीधे इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम से मॉनिटर किया जा रहा है. पिछले अनुभवों (जैसे 2021 पेपर लीक) को देखते हुए इस बार नकल माफियाओं पर सख्त शिकंजा कसने के लिए यूपी एसटीएफ (UP STF) को भी मैदान में उतारा गया है.

UPTET 2026 LIVE: परीक्षा केंद्रों की स्थिति और वाराणसी-प्रयागराज का आंकड़ा

यूपीटीईटी 2026 लाइव: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग पहली बार इस परीक्षा को राज्य के 60 जिलों के 955 केंद्रों पर आयोजित कर रहा है. उत्तर प्रदेश के 17.67 लाख उम्मीदवारों के अलावा अन्य राज्यों के भी 2.27 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी इसमें बैठ रहे हैं. आंकड़ों की बात करें तो सबसे ज्यादा 68 केंद्र वाराणसी में बने हैं, जहां 1.27 लाख से अधिक उम्मीदवार परीक्षा दे रहे हैं. इसके बाद प्रयागराज के 53 केंद्रों पर 76,634 और राजधानी लखनऊ के 45 परीक्षा केंद्रों पर 76,720 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं.

UPTET 2026 Exam Guidelines LIVE: 4 साल बाद यूपीटीईटी, रिकॉर्ड उम्मीदवार और पालियों का गणित

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 लाइव: यूपी में लगभग 4 साल बाद हो रही यूपीटीईटी 2026 में कुल 19,94,661 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. इनमें 1,85,791 पहले से कार्यरत शिक्षक हैं और 18,08,870 नए चेहरे हैं. 2 से 4 जुलाई तक कुल 5 पालियों में होने वाली इस परीक्षा में 2 जुलाई को दोनों पालियों में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6-8) का पेपर होगा. 3 जुलाई को पहली पाली में उच्च प्राथमिक और दूसरी में प्राथमिक स्तर का पेपर होगा, जबकि 4 जुलाई को केवल पहली पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1-5) की परीक्षा कराई जाएगी.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति