प्यार, क्रिकेट और एक खूबसूरत सफर… जब ‘कूल कैप्टन’ का दिल नर्स पर आ गया
Last Updated:June 12, 2026, 16:58 IST
Kane Williamson love story: न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने 15 साल के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर को अलविदा कह दिया है. 19 हजार से अधिक रन बनाने वाले विलियमसन की लव स्टोरी किसी फिल्मी पटकथा जैसी है. साल 2015 में एक अस्पताल में इलाज के दौरान उन्हें वहां कार्यरत नर्स सारा रहीम से पहली नजर में प्यार हो गया था. लाइमलाइट से दूर शुरू हुई यह खूबसूरत प्रेम कहानी आज तीन बच्चों के प्यारे परिवार के साथ एक मुकम्मल मुकाम पर पहुंच चुकी है.
इलाज करा रहे केन विलियम्सन हॉस्पिटल में नर्स को दे बैठे दिल.
नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर जब भी शांत स्वभाव, बेहतरीन तकनीक और गजब के धैर्य की बात होती है, तो जेहन में सिर्फ एक ही नाम आता है केन विलियमसन. लगभग 15 साल से ज्यादा समय तक न्यूजीलैंड क्रिकेट की रीढ़ रहे विलियमसन ने जब इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा, तो क्रिकेट के एक सुनहरे युग का अंत हो गया. उन्होंने अपने इस बेमिसाल सफर में 19,346 से अधिक रन बनाए, जिसमें टेस्ट क्रिकेट के 33 शतक और 6 दोहरे शतक शामिल हैं. लेकिन इस महान खिलाड़ी की जिंदगी की सबसे खूबसूरत पारी मैदान के बाहर शुरू हुई थी, जिसकी कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है. यह कहानी है केन विलियमसन और उनकी पार्टनर सारा रहीम की. जहां मैदान पर विलियमसन बड़े-बड़े गेंदबाजों के पसीने छुड़ाते थे, वहीं दिल के मामले में वह पहली ही नजर में क्लीन बोल्ड हो गए थे.
बात साल 2015 की है. केन विलियमसन (Kane Williamson) उस समय चोटिल थे और अपना इलाज करवाने के लिए एक अस्पताल पहुंचे थे. उसी अस्पताल में सारा रहीम (Sara Raheem) बतौर नर्स काम कर रही थीं. इंग्लैंड के ब्रिस्टल में जन्मीं सारा बाद में न्यूजीलैंड में आकर बस गई थीं. सारा बेहद सादगी पसंद इंसान हैं, यहां तक कि वह किस धर्म को मानती हैं, यह भी उन्होंने हमेशा निजी ही रखा. जब केन अस्पताल के बेड पर अपनी चोट से उबर रहे थे, तब सारा उनकी देखभाल कर रही थीं. केन को सारा की सादगी और उनका ख्याल रखने का अंदाज इतना पसंद आया कि उन्हें पहली ही नजर में उनसे प्यार हो गया. कहते हैं न कि जब दिल मिलना होता है, तो जगह मायने नहीं रखती. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, धड़कनें बढ़ीं और फिर फोन नंबर्स का लेन-देन हुआ. अस्पताल की वह छोटी सी मुलाकात एक अटूट रिश्ते की बुनियाद बन गई.
इलाज करा रहे केन विलियम्सन हॉस्पिटल में नर्स को दे बैठे दिल.
छुपाकर रखा अपना यह खूबसूरत रिश्ता
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद भी दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला थमता नहीं, बल्कि और बढ़ जाता है. फोन पर होने वाली बातें धीरे-धीरे मुलाकातों में बदलने लगीं और जल्द ही दोनों एक-दूसरे को डेट करने लगे.दिलचस्प बात यह है कि केन विलियम्सन जितने शांत मैदान पर रहते हैं, उतने ही वह अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी थे. उन्होंने और सारा ने लंबे समय तक अपने इस रिश्ते को दुनिया की नजरों से छिपाकर रखा. वे मीडिया और लाइमलाइट की चकाचौंध से दूर अपनी एक अलग दुनिया बुन रहे थे. दोनों की उम्र में कोई फासला नहीं था, दोनों हमउम्र (34-35 वर्ष) हैं. हालांकि, कद में थोड़ा अंतर जरूर है. पांच फीट आठ इंच के केन विलियमसन के साथ जब पांच फीट दो इंच की सारा रहीम चलती थीं, तो दोनों की जोड़ी बेहद खूबसूरत और परफेक्ट नजर आती थी.
दो से पांच होने का सफर
समय बीतता गया और इस लव स्टोरी में अब उनके बच्चों की किलकारियां गूंजने वाली थीं. दिसंबर 2020 में केन विलियमसन ने सोशल मीडिया के जरिए दुनिया को एक बेहद खुशखबरी दी. उन्होंने फैंस के साथ साझा किया था कि वे और सारा एक प्यारी सी बेटी के माता-पिता बने हैं, जिसका नाम उन्होंने मैगी रखा. यह सफर यहीं नहीं रुका. इसके बाद मई 2022 में केन और सारा की जिंदगी में दोबारा खुशियों ने दस्तक दी. इस बार सारा ने एक बेटे को जन्म दिया. विलियमसन परिवार अब और बड़ा और पूरा लगने लगा था. केन जितने अच्छे कप्तान और बल्लेबाज थे, उतने ही समर्पित पिता भी साबित हुए. वह अक्सर अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए क्रिकेट से ब्रेक भी ले लिया करते थे. प्यार और खुशियों का यह कारवां आगे बढ़ता रहा. साल 2024 में केन और सारा तीसरी बार माता-पिता बने, जब उनके घर एक और नन्ही परी ने जन्म लिया. तीन बच्चों के आने के बाद केन और सारा की यह प्रेम कहानी अब एक मुकम्मल और खूबसूरत परिवार में बदल चुकी थी.
मैदान को अलविदा, पर जिंदगी की नई शुरुआत
आज भले ही केन विलियमसन इंग्लैंड के खिलाफ अपनी आखिरी टेस्ट सीरीज खेल रहे हों, जहां पहले मैच में न्यूजीलैंड को 115 रनों से हार का सामना करना पड़ा, और भले ही उन्होंने टी20 के बाद अब इंटरनेशनल क्रिकेट को पूरी तरह अलविदा कह दिया हो, लेकिन उनके चाहने वाले जानते हैं कि उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा.
About the Author
Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi










