Last Updated:August 26, 2026, 18:53 IST
Kushinagar Latest News : नेपाल में भयानक बाढ़ को देखकर के कुशीनगर के लोग खौफ के साए में जी रहे हैं. लोगों का कहना है कि कहीं यहां भी बाढ़ न आ जाए और उनके घर भी बह जाए. आइए जानते हैं पूरा मामला.
कुशीनगर के लोगों ने जताई चिंता.
कुशीनगर : नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने हालात बिगाड़ दिए हैं. कई लोगों की मौत की खबर है, जबकि बड़ी संख्या में लोग लापता बताए जा रहे हैं. नेपाल में बाढ़ के बाद उत्तर प्रदेश और बिहार तक अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में कुशीनगर के उन गांवों में भी डर का माहौल है, जो नारायणी नदी के किनारे बसे हैं. ग्रामीणों को चिंता है कि नेपाल से आने वाले पानी का असर यहां भी पड़ सकता है, क्या उनका घर भी बह जाएगा.
नारायणी नदी के आसपास रहने वाले लोगों की बेचैनी लगातार बढ़ रही है. खासकर खड्डा और तमकुहीराज तहसील के करीब एक दर्जन गांव संभावित बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं. ग्रामीणों को डर है कि अगर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा तो मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं. हालांकि अभी प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
प्रशासन ने संभाली कमान
संभावित खतरे को देखते हुए कुशीनगर जिला प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. डीएम महेंद्र सिंह तंवर और एसपी केशव कुमार ने संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया. दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और हालात की जानकारी ली.
प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जा रही है. संभावित बाढ़ वाले इलाकों में एसडीआरएफ की टीम तैनात कर दी गई है. इसके साथ ही राहत और बचाव टीमों को भी तैयार रखा गया है. संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सके.
नेपाल के हालात पर यूपी की भी नजर
नेपाल में बुधवार को अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद उत्तर प्रदेश में भी प्रशासन सतर्क हो गया है. खासतौर पर नेपाल की सीमा से लगे जिलों में हाई अलर्ट रखा गया है. आशंका है कि नेपाल से आने वाले पानी के चलते सीमावर्ती इलाकों की नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी नेपाल में बाढ़ के बाद 105 भारतीय नागरिकों के लापता होने पर चिंता जताई है. सीएम ने अपने सरकारी आवास पर हुई समीक्षा बैठक में नेपाल सीमा से सटे जिलों के डीएम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हालात की जानकारी ली और अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ का असर सीमावर्ती जिलों में भी पड़ सकता है, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ से सभी लोगों की कुशलता की प्रार्थना भी की.
बताया जा रहा है कि नेपाल में करीब 400 पर्यटकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें 105 भारतीय नागरिक शामिल हैं. बाढ़ के चलते 291 विदेशी और 80 नेपाली नागरिकों के भी लापता होने की बात कही जा रही है. फिलहाल कुशीनगर में प्रशासन की नजर नारायणी नदी के जलस्तर और नेपाल से आने वाले पानी पर बनी हुई है. ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की अपील की गई है. प्रशासन का कहना है कि हालात बिगड़ने पर राहत और बचाव के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं.
About the Author
Abhijeet ChauhanSub-Editor
अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ेंLocation :
Kushinagar,Kushinagar,Uttar Pradesh
First Published :
August 26, 2026, 18:53 IST










