Last Updated:July 03, 2026, 14:07 IST
Rampur News: उत्तर प्रदेश सरकार नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना चला रही है. इस योजना में सरकार दे रही 80 हजार की मदद. जानिए क्या है पूरी योजना.
रामपुर: अगर आप कम खर्च में डेयरी का काम शुरू करना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए है. उत्तर प्रदेश सरकार की एक ऐसी योजना चल रही है, जिसमें सिर्फ दो उन्नत नस्ल की गाय खरीदने पर 80 हजार रुपये तक की सरकारी मदद मिल सकती है. खास बात यह है कि इस योजना में महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है.
रामपुर के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना चला रही है. इस योजना का मकसद प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाना, स्वदेशी नस्ल की गायों को बढ़ावा देना और पशुपालकों की आमदनी में इजाफा करना है. अगर कोई पशुपालक डेयरी की शुरुआत करना चाहता है, तो यह योजना उसके लिए बड़ा सहारा बन सकती है.
इतने हजार की मिल रही सब्सिडी
योजना के तहत गिर, साहीवाल और थारपारकर जैसी उन्नत स्वदेशी नस्ल की दो गायों की एक यूनिट पर सरकार अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान देती है. दो गायों की यूनिट की अनुमानित लागत 2 लाख रुपये तय की गई है, जिस पर कुल लागत का 40 फीसदी यानी अधिकतम 80 हजार रुपये की सब्सिडी मिलती है.
इस योजना की सबसे खास बात यह है कि कुल लाभार्थियों में 50 प्रतिशत स्थान महिलाओं के लिए आरक्षित हैं यानी अगर महिलाएं डेयरी व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं, तो उन्हें प्राथमिकता के आधार पर योजना का लाभ दिया जाएगा. सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा करना है.
पशुपालन की व्यवस्था
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए. उसके पास गाय रखने के लिए पर्याप्त जगह और पशुपालन की व्यवस्था होनी चाहिए. योजना के तहत खरीदी जाने वाली गाय पहली या दूसरी बार ब्याही (दूध देने वाली) होनी चाहिए. केवल स्वीकृत स्वदेशी नस्लों की गायों पर ही अनुदान मिलेगा.
इस योजना के लिए आवेदन नंद बाबा दुग्ध मिशन के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जाते हैं. आवेदन करते समय आधार कार्ड, बैंक खाता, निवास प्रमाण पत्र, फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होते हैं. आवेदन के बाद संबंधित विभाग पात्रता की जांच करता है. सभी शर्तें पूरी होने पर अनुदान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है.
डेयरी व्यवसाय कमाई का अच्छा विकल्प
अगर आप खेती के साथ अतिरिक्त कमाई का जरिया तलाश रहे हैं, तो डेयरी व्यवसाय एक अच्छा विकल्प हो सकता है. दो अच्छी नस्ल की गायों से रोजाना बेहतर दूध उत्पादन मिलता है, जिससे हर महीने नियमित आमदनी होने की संभावना रहती है. सरकार की सब्सिडी मिलने से शुरुआती लागत भी काफी कम हो जाती है. अगर आप पशुपालन के जरिए अपनी आय बढ़ाने की योजना बना रहे हैं, तो यह सरकारी योजना आपके लिए सुनहरा मौका साबित हो सकती है. समय पर आवेदन करके सरकारी सहायता का लाभ उठाया जा सकता है.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Rampur,Rampur,Uttar Pradesh











