मिथिलेश गुप्ता(इंदौर),
India vs West Indies T20 Price: इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को होलकर स्टेडियम में होने वाले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के टिकटों की प्राइस फिक्स कर दी गई हैं. मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (MPCA) ने बीते बुधवार को टिकटों की दरों की घोषणा की. मैच के सबसे सस्ते टिकट की कीमत 1,000 रुपये, जबकि सबसे महंगा टिकट 12,500 रुपये का रखा गया है. यह मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली 5 मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा मैच होगा. इंदौर का होलकर स्टेडियम पांचवीं बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेजबानी करेगा.
अलग-अलग स्टैंड के टिकट
वहीं, दर्शकों के लिए टिकट की कीमतें अलग-अलग स्टैंड और सुविधाओं के हिसाब से तय की गई हैं. ईस्ट और वेस्ट गैलरी के ग्राउंड फ्लोर के टिकट 1,000 रुपये में मिलेंगे. ईस्ट गैलरी सेकंड फ्लोर की कीमत 1,250 रुपये और वेस्ट गैलरी सेकंड फ्लोर की कीमत 1,350 रुपये रखी गई है.
ईस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर रेगुलर का टिकट 1,400 रुपये और वेस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर रेगुलर का टिकट 1,500 रुपये होगा. वहीं, ईस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर प्रीमियर की कीमत 1,700 रुपये और वेस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर प्रीमियम की कीमत 1,800 रुपये होगी.
पवेलियन के टिकटों की कीमत 5,500 रुपये से शुरू होकर 12,500 रुपये तक जाएगी. इसके अलावा साउथ पवेलियन थर्ड फ्लोर का टिकट 5,500 रुपये, लोअर फ्लोर का 6,500 रुपये और सेकंड फ्लोर का 7,500 रुपये होगा. फर्स्ट फ्लोर का टिकट 8,500 रुपये रखा गया है. फूड बॉक्स हॉस्पिटैलिटी टिकट 11,000 रुपये और लाइव हॉस्पिटैलिटी टिकट 12,500 रुपये का होगा.
ऑनलाइन होगी टिकटों की बिक्री
MPCA ने टिकट बिक्री के लिए ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो’ को ऑफिशियल टिकटिंग पार्टनर बनाया है. ऑडियंस मोबाइल ऐप और वेबसाइट के जरिए टिकट खरीद सकेंगे. एक व्यक्ति ज्यादा से ज्यादा चार टिकट खरीद सकेगा. ऑनलाइन बिक्री शुरू होने की डेट अनाउंसमेंट बाद में की जाएगी. स्टूडेंट और दिव्यांग दर्शकों के लिए रियायती टिकट की दरें बाद में जारी की जाएंगी.
MPCA और क्राइम ब्रांच ने दर्शकों को फर्जी टिकट लिंक से सावधान रहने की सलाह दी है. सोशल मीडिया और वाट्सएप पर चल रहे संदिग्ध लिंक से टिकट न खरीदें. भुगतान करने से पहले लिंक और टिकटिंग प्लेटफॉर्म की अच्छी तरह से जांच जरूर करें.










