Last Updated:October 20, 2026, 14:57 IST
Ravan dahan near me greater noida : दशहरे को लेकर ग्रेटर नोएडा में कोलाहल शुरू हो चुका है. शहर के अलग-अलग इलाकों में रावण दहन को लेकर तैयारियां की गई हैं. ऐसे में अगर आप भी परिवार के साथ दशहरा देखने की योजना बना रहे हैं, तो जान लीजिए कहां-कहां आयोजन होना है और किन जगहों पर पार्किंग कर सकते हैं. कहां रूट डायवर्ट किया गया है, इस बारे में भी जानना जरूरी है. ग्रेटर नोएडा में साइट-4, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सूरजपुर, रबूपुरा और सेक्टर पीआई में रावण दहन किया जाएगा. साइट-4 पर रात 8:30 बजे रावण दहन कर दिया जाएगा. ग्रैंड वेनिस मॉल के पास वाले मार्ग से आने वाले वाहनों को बाईं ओर मोड़ा जाएगा. ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इस बार 85 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा.
ग्रेटर नोएडा (Ravan dahan near me). विजयदशमी पर ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में दशहरे का उत्साह देखने को मिल रहा है. शहर के अलग-अलग इलाकों में रावण दहन को लेकर तैयारियां की गई हैं. रामलीला मैदानों में होने वाले आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. कहीं 85 फीट ऊंचे रावण का दहन आकर्षण का केंद्र रहेगा, तो कहीं पारंपरिक तरीके से दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा. ग्रेटर नोएडा के साइट-4, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सूरजपुर, रबूपुरा और सेक्टर पीआई में रावण दहन होगा. ग्रेटर नोएडा के साइट-4 स्थित श्री रामलीला कमेटी की ओर से दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. कमेटी के मुकुल गोयल के अनुसार, विजयदशमी पर रात 8:30 बजे रावण दहन किया जाएगा. कार्यक्रम में लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किए गए हैं.
इसके तहत शाम पांच बजे से रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा. ग्रैंड वेनिस मॉल के पास वाले मार्ग से आने वाले वाहनों को बाईं ओर मोड़ा जाएगा, जबकि फोर्टिस अस्पताल की तरफ से आने वाले वाहनों को पहले कट से दाईं ओर मोड़ने की व्यवस्था रहेगी. ऐसे में यहां पहुंचने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें और यातायात पुलिस के निर्देशों के अनुसार ही आगे बढ़ें.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कहां पार्क करें कार
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्रभु श्री रामलीला ट्रस्ट की ओर से आयोजित रामलीला में इस बार 85 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा. ऊंचे रावण का दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में रामभक्तों और स्थानीय निवासियों के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए आयोजकों ने यातायात और पार्किंग को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं. आयोजकों के अनुसार, गैलेक्सी विगा चौक पर कार पार्किंग की अनुमति नहीं होगी. सामान्य कारों को एक मूर्ति चौक की ओर ही रोका जाएगा और गैलेक्सी विगा चौक को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखा जाएगा. लाइफटाइम मेंबर्स अपनी कार शाम पांच बजे तक ही ला सकेंगे. उनकी गाड़ी पर सदस्यता का स्टीकर होना और प्रवेश के समय लाइफटाइम मेंबर कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा. आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करें, ताकि आयोजन स्थल के आसपास जाम की स्थिति न बने.
रबूपुरा में शाम 6 से 8 बजे तक
सूरजपुर स्थित श्री आदर्श रामलीला में भी रावण दहन किया जाएगा. रामलीला से जुड़े कर्मवीर आर्य के अनुसार, कार्यक्रम में दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. ऐसे में आयोजन स्थल के आसपास भीड़ बढ़ सकती है. यहां आने वाले लोगों को भी यातायात व्यवस्था का ध्यान रखने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है. रबूपुरा स्थित अनाज मंडी में शाम 6 बजे से 8 बजे के बीच रावण दहन होगा.
सेक्टर पाई में भी मनेगा दशहरा
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई में भी आज रावण दहन का आयोजन किया जाएगा. इससे क्षेत्र के निवासियों को अपने आसपास ही दशहरे का उत्सव देखने का अवसर मिलेगा. हालांकि, इस आयोजन के लिए रावण की ऊंचाई और सटीक समय की जानकारी उपलब्ध नहीं है. दशहरे के आयोजकों ने लोगों से प्रशासन और यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और किसी भी वॉलंटियर या पुलिसकर्मी से बहस करने से बचें. घर से निकलने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी रखें. भीड़ को देखते हुए समय से आयोजन स्थल की ओर रवाना हों.
About the Author
प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…
और पढ़ेंLocation :
Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
First Published :
October 20, 2026, 14:57 IST










