रोहित खेलेंगे 2027 वनडे वर्ल्ड कप? BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने दिया बड़ा बयान
Last Updated:September 03, 2026, 18:27 IST
Devajit Saikia on Rohit Sharma and Retirement speculation: बीसीसीआई की रिव्यू मीटिंग खत्म होने के बाद बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के संन्यास से जुड़ी सभी अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया. सैकिया ने कहा कि रोहित शानदार फॉर्म में हैं और हाल ही में उन्होंने 130-140 रनों की बेहतरीन पारी खेली है. ऐसे में उनके भविष्य को लेकर अटकलें लगाना पूरी तरह बेबुनियाद है.
रोहित के भविष्य पर बीसीसीआई ने दिया बड़ा अपडेट.
नई दिल्ली. बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने रोहित शर्मा से जुड़ी सभी तरह की अटकलों पर पूर्ण विराम लगा दिया है. उन्होंने क्रिकेट गलियारों में तैर रही रोहित शर्मा की कप्तानी और संन्यास की अफवाहों को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया. सैकिया ने साफ शब्दों में कहा कि रोहित इस समय शानदार फॉर्म में हैं और ऐसे में उनके भविष्य को लेकर फिजूल का बखेड़ा खड़ा करने का कोई औचित्य नहीं है.
बीसीसीआई की समीक्षा बैठक के बाद संवाददाताओं से मुखातिब होते हुए देवजीत सैकिया (Devajit Saikiya) ने नाराजगी जताते हुए कहा कि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को लेकर फैलाई जा रही बातें सिर्फ और सिर्फ कोरी अफवाहें हैं. उन्होंने मीडिया और क्रिकेट प्रेमियों से अपील की कि वे इस तरह की मनगढ़ंत खबरों पर ध्यान न दें और अफवाह फैलाने वालों को किसी भी तरह की खुराक न दें.
रोहित के भविष्य पर बीसीसीआई ने दिया बड़ा अपडेट.
रोहित के शानदार प्रदर्शन का हवाला
देवजीत सैकिया ने रोहित शर्मा के हालिया आंकड़ों और मैदान पर उनकी लय का जिक्र करते हुए उनके आलोचकों को करारा जवाब दिया. उन्होंने कहा कि रोहित हर मुकाबले में बल्ले से बेहतरीन योगदान दे रहे हैं और अपनी टीम को आगे बढ़कर नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं. हाल ही में खेले गए आखिरी मैच में ही रोहित के बल्ले से 130 से 140 रनों की एक बेहद शानदार और मैराथन पारी देखने को मिली थी.
सैकिया ने सवालिया लहजे में कहा कि जब कोई खिलाड़ी इतने बेहतरीन तरीके से रन बना रहा हो, टीम के लिए लगातार बड़ी पारियां खेल रहा हो, तो फिर उसके संन्यास या करियर को लेकर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं? उन्होंने साफ किया कि एक कप्तान और बल्लेबाज के रूप में रोहित का प्रदर्शन असाधारण रहा है. जब खिलाड़ी लगातार शतक जड़ रहा हो और अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहा हो, तो उसके बाद किसी से और क्या उम्मीद की जा सकती है? सैकिया के अनुसार बोर्ड रोहित के प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट है और अटकलें लगाने वालों की बातों में कोई सच्चाई नहीं है.
‘डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट’ पद पर बोर्ड का रुख स्पष्ट
अटकलों का दौर सिर्फ रोहित शर्मा के संन्यास तक ही सीमित नहीं था, बल्कि मीडिया में यह खबरें भी जोर पकड़ रही थीं कि बीसीसीआई भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के लिए एक नया ‘डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट’ नियुक्त करने की योजना बना रहा है. समीक्षा बैठक में इस मुद्दे पर भी गंभीर चर्चा हुई, जिसके बाद देवाजीत सैकिया ने स्थिति पूरी तरह शीशे की तरह साफ कर दी.
सैकिया ने बताया कि बीसीसीआई के पास ऐसा कोई भी पद बनाने या किसी नए व्यक्ति को इस जिम्मेदारी के लिए नियुक्त करने की दूर-दूर तक कोई योजना नहीं है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में टीम का जो कोचिंग और प्रशासनिक ढांचा चल रहा है, वह बेहद सुचारू और मजबूत है. टीम प्रबंधन और कोचिंग स्टाफ अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ निभा रहे हैं. इसलिए बोर्ड को इस समय किसी नए निदेशक की तैनाती की कोई जरूरत महसूस नहीं होती. मीडिया में चल रही खबरें केवल कयासबाजी हैं जिनका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है.
बीसीसीआई का मजबूत संदेश
समीक्षा बैठक के बाद आए इस आधिकारिक बयान से यह पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड अपने कप्तान और वर्तमान व्यवस्था के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है. बोर्ड ने साफ कर दिया है कि बाहरी शोर और सोशल मीडिया या मीडिया में चल रही अफवाहों का असर टीम के फैसलों पर नहीं पड़ता. बीसीसीआई का ध्यान फिलहाल आने वाली सीरीज और बड़े टूर्नामेंटों पर केंद्रित है, न कि आधारहीन चर्चाओं पर. सैकिया के इस बयान ने यह संदेश भी दिया है कि रोहित शर्मा भारतीय टीम के एक अहम स्तंभ हैं और जब तक वे बल्ले से इसी तरह रनों का पहाड़ बनाते रहेंगे, तब तक उनके भविष्य को लेकर उठने वाले तमाम सवाल पूरी तरह से बेमानी हैं.
About the Author
Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 03, 2026, 18:27 IST










