पाकिस्तान क्रिकेट में फिर लौटा फिक्सिंग का भूत! फोन जब्त, रातों-रात बदली टीम
Last Updated:September 07, 2026, 16:14 IST
pakistan cricket news: इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. आखिरी टेस्ट से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम में बड़े बदलाव करते हुए 7 खिलाड़ियों को बाहर किया और कोचिंग स्टाफ के 2 सदस्यों को हटा दिया. अब बोर्ड ने टीम के अनुशासन और आचरण से जुड़े मामलों की जांच शुरू कर दी है. इसकी जानकारी पीसीबी प्रवक्ता आमिर मीर ने दी है.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर फिक्सिंग का गहराया शक.
नई दिल्ली. ‘क्रिकेट के मक्का’ कहा जाने वाला लंदन का लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पाकिस्तान क्रिकेट के लिए सिर्फ यादगार पलों का गवाह नहीं रहा है, बल्कि इस मैदान पर एक ऐसा ‘कांड’ भी हुआ जिसने क्रिकेट जगत में तहलका मचाकर रख दिया था. साल 2010 में पाकिस्तान के तीन खिलाड़ियों पर इसी मैदान पर खेले गए टेस्ट में स्पॉट फिक्सिंग का आरोप लगा था. तत्कालीन कप्तान सलमान बट, मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमिर को जानबूझकर तय समय पर नो-बॉल फेंकने के लिए जेल की सजा के साथ-साथ बैन भी झेलना पड़ा था. इन तीनों ने इसके लिए सट्टेबाज से पैसे लिए थे. अब 16 साल बाद एक बार फिर पाकिस्तान क्रिकेट में फिक्सिंग का शक गहरा चुका है.
दरअसल, यह पूरा मामला शुरू हुआ इंग्लैंड दौरे पर मौजूद पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हेडिंग्ले के बाद लॉर्ड्स टेस्ट में शर्मनाक हार के बाद. लॉर्ड्स टेस्ट के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक्शन लेते हुए खिलाड़ियों से लेकर कोचिंग स्टाफ तक पर गाज गिराई. रातों-रात 7 खिलाड़ियों की घर वापसी का फरमान जारी हो गया, जिनमें मोहम्मद रिजवान, सलमान अली आगा, इमाम-उल-हक, अली उस्मान, खुर्रम शहजाद, आमिर जमाल और मोहम्मद आवैस जफर शामिल रहे. बचे आखिरी टेस्ट के लिए उनकी जगह नए खिलाड़ियों को इंग्लैंड भेजा गया. इसके अलावा हेड कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल की भी ड्यूटी से छुट्टी कर दी गई. एक के बाद लिए गए पीसीबी के इन फैसलों ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम में फिक्सिंग की चर्चाओं को जन्म दे दिया है. रिपोर्ट्स की मानें तो इंग्लैंड दौरे पर यह सिर्फ पाकिस्तान टीम की हार नहीं, बल्कि इससे बड़ा मामला है.
पाकिस्तान क्रिकेट में फिर फिक्सिंग?
पाकिस्तान क्रिकेट में इतने बड़े बदलाव के पीछे सिर्फ टीम का खराब प्रदर्शन नहीं माना जा रहा है. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की वजहें क्रिकेट से कहीं आगे की हो सकती हैं. हालांकि, पीसीबी ने आधिकारिक तौर पर इन बदलावों को लेकर किसी तरह की मैच फिक्सिंग की पुष्टि नहीं की है. मामले को लेकर सवाल उठने के बाद पीसीबी के डायरेक्टर मीडिया एंड डिजिटल कम्युनिकेशन आमिर मीर ने बताया कि बोर्ड ने खिलाड़ियों के अनुशासन और आचरण से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स के बाद जांच शुरू की है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच बोर्ड के तय नियमों और प्रक्रियाओं के तहत की जा रही है.
जब्त किए गए खिलाड़ियों के फोन
इसी बीच पाकिस्तान की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि कुछ खिलाड़ियों के मोबाइल फोन पीसीबी के पास जमा कराए गए हैं और अंतिम टेस्ट खत्म होने तक बोर्ड की निगरानी में रहेंगे. हालांकि, किन खिलाड़ियों के फोन लिए गए हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. पीसीबी ने भी अब तक यह साफ नहीं किया है कि आखिर किन परिस्थितियों में खिलाड़ियों के डिवाइस अपने कब्जे में लिए गए.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम.
इमाम उल हक पर भी उठे सवाल
टीम में बड़े बदलाव के बाद पीसीबी के डायरेक्टर ऑफ हाई परफॉर्मेंस आकिब जावेद ने सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक को लेकर सवाल खड़े किए. लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान इमाम को पिंडली में चोट लगी थी और वह दोनों पारियों में बल्लेबाजी करने नहीं उतरे. आकिब ने उनकी चोट पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह मामला जांच के दायरे में आएगा. उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि मांसपेशियों में खिंचाव के कारण कोई खिलाड़ी टेस्ट की दोनों पारियों में बल्लेबाजी से पूरी तरह बाहर कैसे हो सकता है. उन्होंने साफ किया कि वह यह नहीं कह रहे कि इमाम ने चोट का नाटक किया, लेकिन इस मामले की जांच जरूरी है. हालांकि, आकिब ने टीम में किए गए बदलावों का बचाव किया. उनका कहना है कि महत्वपूर्ण विदेशी दौरों पर खिलाड़ियों से ज्यादा प्रतिस्पर्धा और प्रयास की उम्मीद होती है और नए खिलाड़ियों को मौका देकर टीम में यह संदेश देने की कोशिश की गई है.
अब सवाल यह उठता है कि पाकिस्तान क्रिकेट में आए इस भूचाल की असली वजह क्या है? आखिर खिलाड़ियों के फोन क्यों लिए गए? टीम में दौरे के बीच अचानक इतने बदलाव क्यों किए गए? और क्या इन फैसलों के पीछे सिर्फ खराब प्रदर्शन और अनुशासन का मामला है? इन सभी सवालों के जवाब तो पीसीबी की जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएंगे, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्रिकेट जगत में एक बार फिर पाकिस्तान की थू-थू हो रही है.
About the Author
परिचय शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 07, 2026, 16:14 IST











