नई दिल्ली (Schools Closed Today 27 August 2026). क्या आप भी आज बच्चों को स्कूल भेजने की तैयारी कर रहे हैं? अगर हां तो उनका बैग पैक करने से पहले यह जरूरी खबर जरूर पढ़ लीजिए. 27 अगस्त 2026 (गुरुवार) को देश के कई हिस्सों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. कहीं मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं तो कहीं सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से स्कूल बंद हैं. मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है. घर से निकलने से पहले छुट्टी का स्टेटस पता करना जरूरी है.
उत्तर प्रदेश और पंजाब के लोगों के लिए आज का दिन काफी उथल-पुथल भरा रहने वाला है. यूपी के कई जिलों में रातभर से इतनी तेज बारिश हो रही है कि जिलाधिकारियों ने खुद आगे आकर छुट्टी के आदेश जारी कर दिए हैं. वहीं, पंजाब में करीब 3 लाख सरकारी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर हैं, जिसका सीधा असर स्कूलों, कॉलेजों और बसों पर पड़ा है. जानिए आज इटावा, सीतापुर, हरदोई से लेकर पंजाब कहां-कहां स्कूल बंद हैं और मौसम विभाग ने क्या चेतावनी दी है.
इटावा और सीतापुर में बारिश का कहर, घर में रहेंगे बच्चे
यूपी के इटावा जिले में भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है. डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने हालात का जायजा लेते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों को बंद रखने का सख्त आदेश दिया है. वहीं, सीतापुर में तो रात करीब 1 बजे से ही बादल जमकर बरस रहे हैं. लगातार हो रही इस मूसलाधार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नर्सरी से लेकर 8वीं क्लास तक के बच्चों की 27 अगस्त की छुट्टी घोषित कर दी है.
हरदोई में बच्चों की छुट्टी, लेकिन गुरुजी करेंगे काम
हरदोई जिले में भी मौसम का मिजाज काफी बिगड़ा हुआ है. यहां के बीएसए (BSA) प्रभात मिश्रा ने 27 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है. यह आदेश परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, संस्कृत और मान्यता प्राप्त समेत सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा. लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि स्कूलों में सिर्फ बच्चों की छुट्टी है. विद्यालय का पूरा स्टाफ और शिक्षक समय से स्कूल में मौजूद रहेंगे और टीचिंग के अलावा अपने बाकी जरूरी सरकारी काम निपटाएंगे.
पंजाब में हड़ताल की वजह से स्कूल-कॉलेज बंद
अगर आप पंजाब में रहते हैं तो आज आपको काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. यहां मौसम नहीं, बल्कि कर्मचारियों की हड़ताल छुट्टी की असल वजह बनी है. करीब तीन लाख सरकारी कर्मचारी अपने लंबित भत्ते (डीए) और कॉन्ट्रैक्ट या टेंपररी कर्मचारियों को परमानेंट करने की मांग को लेकर आज सामूहिक अवकाश पर हैं. राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर इसका असर पड़ा है. पंजाब में आज स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी और यहां तक कि बस सेवाएं भी बिल्कुल ठप हैं.
दिल्ली-एनसीआर, बिहार और राजस्थान का मौसम अपडेट
आईएमडी (IMD) ने यूपी के साथ-साथ बिहार और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. बात अगर दिल्ली-एनसीआर की करें तो यहां भी आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. हालांकि, दिल्ली या बिहार में पूरे राज्य के सभी स्कूल बंद करने का कोई आदेश नहीं आया है. स्थानीय प्रशासन मौसम के हिसाब से खुद फैसले ले रहे हैं.
अभिभावकों के लिए जरूरी सलाह
इन दिनों मौसम बहुत तेजी से बदल रहा है. कभी धूप निकलती है तो कभी अचानक तेज बारिश होने लगती है. इसलिए बच्चों को स्कूल भेजने से पहले स्कूल का WhatsApp ग्रुप या जिला प्रशासन का नोटिस ध्यान से जरूर चेक कर लें. सिर्फ सोशल मीडिया की अफवाहों पर यकीन करके बच्चों को घर पर न बैठाएं, बल्कि स्कूल टीचर्स या डीएम की ऑफिशियल सूचना का ही इंतजार करें. लगातार बारिश के समय जलभराव वाले रास्तों से बचें और सुरक्षित रहें.










