गोंडा: आज के समय में लोग अपनी सेहत को लेकर पहले से अधिक जागरूक हो रहे हैं. लेकिन घर और परिवार की जिम्मेदारियों के कारण कई महिलाएं अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पातीं. ऐसे में गोंडा की आयुषी राज ने एक ऐसी पहल शुरू की है, जो महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई है. उन्होंने खुद योग सीखा और अब जरूरतमंद महिलाओं को मुफ्त में योग सिखा रही हैं.
लखनऊ से ली योग की शिक्षा
लोकल 18 से बातचीत में उड़ान अकादमी की डायरेक्टर आयुषी राज ने बताया कि उन्होंने लखनऊ में रहकर योग की डिग्री हासिल की. योग का अभ्यास करने से उन्हें शारीरिक और मानसिक दोनों तरह के लाभ मिले. इसी अनुभव ने उन्हें दूसरी महिलाओं को भी योग सिखाने की प्रेरणा दी.
पांच साल से चला रही हैं उड़ान अकादमी
आयुषी ने बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से उड़ान अकादमी का संचालन कर रही हैं. यहां महिलाओं को योग, जुंबा, एरोबिक्स, कार्डियो और आधुनिक योग की विभिन्न विधाएं सिखाई जाती हैं. उनका उद्देश्य महिलाओं को स्वस्थ और आत्मविश्वासी बनाना है.
जरूरतमंद महिलाओं को मिलती है निशुल्क सेवा
उन्होंने कहा कि अकादमी में आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए निशुल्क प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध है. किसी भी जरूरतमंद महिला से योग सीखने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता. उनकी कोशिश है कि अधिक से अधिक महिलाएं इस अभियान से जुड़ें और स्वस्थ जीवन अपनाएं.
योग से बदली रुचि शुक्ला की जिंदगी
योग सीख रही रुचि शुक्ला ने बताया कि पहले वह केवल घर का काम करती थीं. उड़ान अकादमी से जुड़ने के बाद उन्होंने नियमित योग करना शुरू किया. अब वह खुद को पहले से ज्यादा स्वस्थ महसूस करती हैं और आसपास की महिलाएं भी उनसे योग के बारे में जानकारी लेने लगी हैं.
महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा
अनीता सिंह का कहना है कि महिलाओं को घर से बाहर निकलकर कुछ नया जरूर सीखना चाहिए. उनके अनुसार योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और बेहतर जीवन जीने का माध्यम भी है.
स्वास्थ्य के साथ जागरूकता का अभियान
आयुषी राज की यह पहल गोंडा में महिलाओं के बीच स्वास्थ्य जागरूकता का मजबूत संदेश दे रही है. वह मानती हैं कि यदि हर महिला रोज कुछ समय योग को दे, तो कई बीमारियों से बचाव के साथ बेहतर जीवन जिया जा सकता है.










