बांग्लादेश ने रचा इतिहास… पहली बार ऑस्ट्रेलिया से जीती वनडे सीरीज
Last Updated:June 11, 2026, 20:23 IST
Bangladesh creates history: कप्तान मेहदी हसन मिराज के ऐतिहासिक विजयी छक्के की बदौलत बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर पहली बार द्विपक्षीय सीरीज जीतकर इतिहास रच दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने मार्नस लाबुशेन (नाबाद 55) और जेवियर बार्टलेट (52) की पारियों के दम पर 42 ओवरों में 187/8 रन बनाए. जवाब में बांग्लादेश ने सौम्य सरकार (42), नजमुल शंटो (41) और तौहीद हृदॉय (नाबाद 40) के अहम योगदान से 35 ओवरों में 5 विकेट पर 195 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की.
बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया से पहली बार वनडे सीरीज जीती है.
नई दिल्ली. बांग्लादेश क्रिकेट के इतिहास में आज का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया. कप्तान मेहदी हसन मिराज के बल्ले से निकले गगनचुंबी छक्के के साथ ही बांग्लादेश ने वो कर दिखाया, जो इससे पहले कभी नहीं हुआ था. ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को मात देकर पहली बार किसी द्विपक्षीय सीरीज में कंगारुओं को हराने का ऐतिहासिक कीर्तिमान रच दिया है. राइली मेरेडिथ की गेंद पर मिराज का वो विजयी छक्का सिर्फ मैच का अंत नहीं था, बल्कि बांग्लादेशी क्रिकेट के एक नए युग का आगाज था.
मैच का रोमांच अपनी चरम सीमा पर था. बांग्लादेश को जीत के लिए रनों की दरकार थी और क्रीज पर कप्तान मेहदी हसन मिराज डटे हुए थे. मेरेडिथ ने 35वें ओवर की आखिरी गेंद शॉर्ट और स्टंप्स पर फेंकी. मिराज ने शानदार ढंग से घूमते हुए उछाल को नियंत्रित किया और गेंद को डीप लॉन्ग लेग के ऊपर से सीधे दर्शकों के बीच भेज दिया. इस छक्के के साथ ही बांग्लादेश ने 35 ओवरों में 5 विकेट खोकर 195 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया और पूरा स्टेडियम जश्न में डूब गया.बारिश की वजह से बांग्लादेश को 41 ओवर में 192 रनों का लक्ष्य मिला था.
बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया से पहली बार वनडे सीरीज जीती है.
ऑस्ट्रेलियाई टीम बांग्लादेशी गेंदबाजों के धारदार आक्रमण के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम बांग्लादेशी गेंदबाजों के धारदार आक्रमण के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत किसी दुःस्वप्न जैसी रही। पारी के पहले ही ओवर में मैथ्यू शॉर्ट बिना खाता खोले तास्किन अहमद की गेंद पर बोल्ड हो गए. इसके तुरंत बाद ही कूपर कॉनोली भी बिना खाता खोले मुस्तफिजुर रहमान का शिकार बने.
मैट रेनशॉ भी शून्य पर मुस्तफिजुर रहमान की गेंद पर लिटन दास को कैच दे बैठे
कप्तान जोश इंग्लिस ने 38 गेंदों में 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से 34 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन उन्हें तनवीर इस्लाम ने पवेलियन की राह दिखा दी. मैट रेनशॉ भी शून्य पर मुस्तफिजुर रहमान की गेंद पर लिटन दास को कैच दे बैठे, जबकि एलेक्स कैरी सिर्फ 13 रन ही बना सके. एक समय ऑस्ट्रेलिया ने अपने 5 विकेट महज कुछ रनों पर गंवा दिए थे. इसके बाद कैमरन ग्रीन ने 50 गेंदों में 25 रन बनाकर क्रीज पर टिकने का प्रयास किया.
लाबुशेन और जेवियर बार्टलेट ने मोर्चा संभाला
जब ऑस्ट्रेलियाई टीम गहरे संकट में थी, तब मार्नस लाबुशेन और जेवियर बार्टलेट ने मोर्चा संभाला. लाबुशेन ने एक छोर संभालते हुए 85 गेंदों में 3 चौकों की मदद से जुझारू 55 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं, निचले क्रम में जेवियर बार्टलेट ने आक्रामक रुख अपनाते हुए महज 48 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के जड़कर 52 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली. इन दोनों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 42 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 187 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया. बांग्लादेश की ओर से तास्किन अहमद ने 33 रन देकर 3 विकेट और मुस्तफिजुर रहमान ने 27 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि तनवीर इस्लाम को 2 सफलताएं मिलीं.
बांग्लादेश की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही
188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम बिना खाता खोले जेवियर बार्टलेट की गेंद पर उन्हीं को कैच दे बैठे. इसके बाद सौम्य सरकार और नजमुल होसैन शंटो ने पारी को आगे बढ़ाया. सौम्य सरकार ने 47 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 42 रनों की तेजतर्रार पारी खेली. शंटो ने भी उनका अच्छा साथ निभाया और 53 गेंदों में 5 चौकों की बदौलत 41 रन बनाए.
बांग्लादेशी शेरों को इतिहास रचने से नहीं रोक सके कंगारू
मध्यक्रम में विकेटकीपर लिटन दास ने 18 गेंदों में 3 चौके लगाकर 21 रन जोड़े, जबकि तौहीद हृदॉय ने बेहद समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों में 2 चौके और 1 छक्के के साथ नाबाद 40 रन बनाकर एक छोर संभाले रखा. मोसादेक हुसैन ने भी 14 गेंदों में 15 रनों का योगदान दिया. अंत में कप्तान मेहदी हसन मिराज ने 22 गेंदों में 22 रन बनाकर तौहीद के साथ मिलकर टीम को ऐतिहासिक जीत की दहलीज पार कराई. ऑस्ट्रेलिया की ओर से जेवियर बार्टलेट, राइली मेरेडिथ, एडम जाम्पा, मैट रेनशॉ और कैमरन ग्रीन को एक-एक विकेट मिला, लेकिन वे बांग्लादेशी शेरों को इतिहास रचने से नहीं रोक सके.
About the Author
Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi










