लखनऊः उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री हो चुकी है. इसके साथ ही पूरब से लेकर पश्चिम तक के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है. यूपी-उत्तराखंड के अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली में सबसे ज्यादा 157 मिलीमीटर मूसलाधार बारिश हुई है. जबकि पूर्वी हिस्से के तराई जिले खीरी में 96.4 मिमी बारिश हुई है. इसके अलावा ललितपुर जिले के तालबेहट में 106 मिमी भारी बारिश हुई. अयोध्या एफएमओ सेंटर पर 69 मिमी, अंबेडकर नगर के टांडा में 68 मिमी , गोंडा सीडब्ल्यूसी व सदर में 64-64 मिमी बारिश हुई. इसके अलावा संतकबीर नगर के मुखलिसपुर में 61.4 मिमी और खलीलाबाद में 11 मिमी बारिश हुई. वहीं बस्ती में 55.8 मिमी बारिश दर्ज की गई. प्राप्त जानकारी के मुताबिक रामपुर, बुलंदशहर, झांसी, शाहजहांपुर, गोरखपुर, पीलीभीत में भी अच्छी बारिश हुई.
125 साल का पांचवां सबसे सूखा जून दर्ज किया गया
मौसम विभाग ने बताया है कि जून 2026 में देश में सिर्फ 99.5 मिमी बारिश, सामान्य से 39.8% कम बारिश हुई है. 1901 के बाद 125 साल का पांचवां सबसे सूखा जून दर्ज किया गया है. मॉनसून 3 दिन देरी से केरल पहुंचा और करीब 2 हफ्ते तक आगे बढ़ने की रफ्तार थमी रही. अल नीनो और मॉनसून की सुस्ती को बड़ी वजह माना जा रहा है. बता दें कि 1951-2025 के रिकॉर्ड के मुताबिक कमजोर जून के बाद 58% मामलों में मॉनसून ने रिकवरी की. जबकि 31% मामलों में पूरा सीजन कमजोर रहा.
गोरखपुर, बरेली, झांसी, ललितपुर में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, खीरी, शाहजहांपुर, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, मऊ, अंबेडकरनगर, कुशीनगर, बस्ती, ललितपुर, झांसी, हमीरपुर, जालौन, कानपुर देहात, औरेया, कन्नौज, हरदोई, देवरिया में भारी बारिश, गर्जन, वज्रपात और आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
लखनऊ, कानपुर, आगरा में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट
वहीं सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर, प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या, लखनऊ, फिरोजाबाद, आगरा, इटावा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, बदायूं, संभल, ज्योतिबाफुले नगर, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली में भारी बारिश, वज्रपात और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.










