भारत बनाम अफगानिस्तान पहला वनडे क्या बारिश की भेंट चढ़ जाएगा?

नई दिल्ली. धर्मशाला का खुशनुमा मौसम, धौलाधार की खूबसूरत वादियां और हाथ में क्रिकेट का बल्ला तस्वीर बेहद शानदार है, लेकिन इस तस्वीर पर शनिवार को इंद्रदेव पानी फेरने की ताक में हैं. एकमात्र टेस्ट मैच में ऐतिहासिक और एकतरफा जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम अब अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए तैयार है. सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार (13 जून) को धर्मशाला के सुरम्य हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा. अक्टूबर 2023 के बाद इस मैदान पर यह पहला वनडे मैच होगा. लेकिन फैंस की नजरें जितनी टीम इंडिया के प्रदर्शन पर हैं, उतनी ही आसमान में मंडरा रहे काले बादलों पर भी टिकी हैं.

क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि धर्मशाला में पूरी तरह से ‘वॉशआउट’ (मैच रद्द होना) की आशंका नहीं है, लेकिन आंख-मिचौली का खेल पूरे मैच के दौरान देखने को मिल सकता है. डे-नाइट फॉर्मेट में खेले जाने वाले इस मैच में फैंस और ग्राउंडस्टाफ दोनों को ही पूरे समय अपनी उंगलियां क्रॉस रखनी होंगी. मैच के दौरान औसत तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जो खिलाड़ियों के लिए काफी आरामदायक होगा. हवा में नमी की मात्रा 51 प्रतिशत के करीब रहेगी. रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं. वीकेंड पर धर्मशाला और आसपास के इलाकों में मध्यम बारिश का अनुमान है, जिससे कुल 12 मिलीमीटर तक पानी बरस सकता है. मैच के दौरान हल्की हवाएं चलने की उम्मीद है, जिससे तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है.

भारत बनाम अफगानिस्तान पहले वनडे पर बारिश का खतरा.

दोपहर 2 से 4 बजे का समय रहेगा सबसे क्रिटिकल
यह मुकाबला स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा. टॉस के समय से ही दोनों कप्तानों और मैच अधिकारियों की नजरें आसमान पर होंगी. मौसम वेबसाइट एक्यूवेदर डॉट कॉम के मुताबिक, मैच शुरू होने के कुछ ही देर बाद यानी दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच इस क्षेत्र के लगभग 90 प्रतिशत हिस्से में बारिश होने की प्रबल आशंका है. राहत की बात यह है कि शाम 4 बजे के बाद बादल थोड़े मेहरबान हो सकते हैं और मौसम में सुधार की उम्मीद है. यदि मौसम विभाग का यह अनुमान सच साबित होता है, तो सबसे खराब स्थिति में भी ज्यादा ओवरों का नुकसान नहीं होगा और फैंस को एक परिणामी मैच देखने को मिलेगा. ऐतिहासिक रूप से देखें तो धर्मशाला में जून के महीने में किसी भी दिन बारिश होने की 42 प्रतिशत संभावना रहती है, और बारिश होने पर आमतौर पर रोजाना 16 मिलीमीटर तक पानी गिरता है.

भारत बनाम अफगानिस्तान वनडे हेड टू हेड
भारत और अफगानिस्तान के बीच अभी तक 4 वनडे मैच खेले गए हैं. भारत ने तीन मैच जीते हैं जबकि एक मुकाबला टाई रहा है. अफगानिस्तान को अभी भी वनडे में भारत पर पहली जीत का इंतजार है. दोनों पहली बार बाइलेटरल सीरीज खेल रहे हैं.

भारत के लिए साख, अफगानिस्तान के लिए इतिहास
कागजों पर भले ही भारतीय टीम दुनिया की सबसे मजबूत वनडे टीमों में से एक है, लेकिन हालिया फॉर्म चिंता का विषय रहा है. पिछले तीन द्विपक्षीय वनडे सीरीज में से दो (ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ) में भारत को हार का सामना करना पड़ा है. हालांकि वर्ल्ड कप अभी थोड़ा दूर है और भारतीय टीम वर्कलोड मैनेजमेंट और नए खिलाड़ियों को आजमाने की रणनीति पर चल रही है, लेकिन खिताब जीतने के इरादे को मजबूत करने के लिए जीत की पटरी पर लौटना बेहद जरूरी है.

युवाओं और अनुभव का अनूठा मिश्रण
इस सीरीज में भारतीय टीम में ताजगी और अनुभव का एक बेहतरीन संतुलन देखने को मिलेगा. प्रिंस यादव और हर्ष दुबे जैसे युवा खिलाड़ी टीम में नई ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा लेकर आए हैं, जिससे टीम की गुणवत्ता प्रभावित नहीं होगी. विराट कोहली की गैरमौजूदगी में नंबर तीन का स्थान खाली है, ऐसे में बैकअप स्पॉट हासिल करने के लिए कई खिलाड़ियों के पास यह एक सुनहरा मौका होगा.

अफगानिस्तान एक बेहद मजबूत चुनौती
अफगानिस्तान को इस फॉर्मेट में कम आंकना किसी भी टीम के लिए बड़ी भूल साबित हो सकता है. वनडे क्रिकेट में उनका हालिया रिकॉर्ड बेमिसाल रहा है. पिछले दो से अधिक सालों में अफ़गानिस्तान ने कोई भी द्विपक्षीय वनडे सीरीज नहीं हारी है (आखिरी बार वे श्रीलंका से हारे थे). तब से लेकर अब तक उन्होंने आयरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, जिम्बाब्वे और फिर से बांग्लादेश को मात देकर अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है.

टॉस की भूमिका होगी अहम
धर्मशाला की पिच पर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है, और आसमान में छाए बादलों के कारण गेंद और भी ज्यादा स्विंग हो सकती है. ऐसे में जो भी कप्तान टॉस जीतेगा, वह मौसम के मिजाज और डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम को ध्यान में रखते हुए पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकता है. अब देखना यह है कि धर्मशाला के खूबसूरत पहाड़ों के बीच रनों की बारिश होती है या फिर इंद्रदेव मैच का रुख तय करते हैं.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति