Last Updated:July 01, 2026, 17:15 IST
Pickle Business Idea: इरादे अगर फौलादी हों और कुछ नया करने का जज्बा हो, तो ₹5,000 की मामूली पूंजी भी लाखों के बिजनेस का रास्ता खोल देती है. उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की अंशिका मिश्रा ने इस बात को सच साबित कर दिखाया है. नेट-जेआरएफ (NET-JRF) की तैयारी करने वाली इस बेटी ने पढ़ाई के साथ-साथ घर के एक छोटे से कोने से अचार का कारोबार शुरू किया और आज अपनी मेहनत की बदौलत वह हर महीने हजारों का टर्नओवर खड़ी कर ग्रामीण परिवेश में महिला उद्यमिता की नई मिसाल बन चुकी हैं.
Pickle Business Idea: कहते हैं कि अगर मेहनत और कुछ नया करने का जज्बा हो तो छोटी शुरुआत भी बड़ी सफलता दिला सकती है. उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के विकासखंड झंझरी की ग्राम पंचायत पूरे तिवारी की रहने वाली अंशिका मिश्रा ने इस कहावत को सच कर दिखाया है. उन्होंने सिर्फ 5 हजार रुपए से अचार बनाने का काम शुरू किया था. आज उनका यही छोटा कारोबार लाखों रुपये की कमाई का जरिया बन गया है.
क्या है अंशिका की क्वालिफिकेशन?
अंशिका मिश्रा बताती हैं कि उन्होंने पोस्ट ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई की है. इसके बाद वह नेट जेआरएफ (NET JRF) की तैयारी कर रही हैं. वह अपनी इस उच्च शिक्षा की तैयारी के साथ-साथ अचार का बिजनेस भी बेहद सफलतापूर्वक संभाल रही हैं.
कहां से मिला बिजनेस का आइडिया?
अंशिका मिश्रा बताती हैं, ‘पहले से ही हमारे घर पर अचार के बिजनेस का काम हो रहा था, तो हमने सोचा क्यों न हम भी इसको करें. फिर हमने इसको अपने स्तर से शुरू किया.’ अंशिका को शुरू से ही घर पर स्वादिष्ट अचार बनाने का शौक था. परिवार और रिश्तेदार उनके हाथ के बने अचार की जमकर तारीफ करते थे. इसी तारीफ ने उन्हें इसे व्यवसाय का रूप देने का विचार दिया. हालांकि, शुरुआत में उनके पास निवेश के लिए ज्यादा पैसे नहीं थे.
शुरुआती पूंजी और भविष्य के लक्ष्य
ऐसे में उन्होंने सिर्फ 5 हजार रुपए लगाकर अचार बनाना शुरू किया और इस समय लगभग अचार के बिजनेस से 80 से 90 हजार रुपए का टर्नओवर हो रहा है. अंशिका का कहना है कि अभी यह शुरुआत है तो अच्छा-खासा इनकम हो रहा है, भविष्य में यह इनकम लाखों में हो जाएगी.
मेहनत रंग लाई, अब मिलती हैं 18 से 20 वैरायटी
अंशिका मिश्रा बताती हैं कि शुरुआत आसान नहीं थी. पहले उन्होंने कम मात्रा में अचार तैयार किया और आसपास के लोगों को बेचने लगीं. लोगों को उनके अचार का स्वाद बेहद पसंद आया, जिसके बाद उन्हें बड़े ऑर्डर मिलने शुरू हो गए. धीरे-धीरे ग्राहकों की संख्या बढ़ती गई और कारोबार भी आगे बढ़ने लगा. आज अंशिका के यहाँ 18 से 20 तरह के अचार तैयार होते हैं. इनमें आम, नींबू, मिर्च, कटहल, लहसुन, मिक्स वेज और कई अन्य किस्मों के अचार शामिल हैं. उनका कहना है कि अचार बनाने में अच्छी गुणवत्ता वाले मसालों और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है. यही वजह है कि ग्राहक एक बार खरीदने के बाद दोबारा भी उनके पास आते हैं.
सोशल मीडिया से मिला बड़ा बाजार
समय के साथ उन्होंने अपने कारोबार का दायरा भी बढ़ाया. अब उनके अचार की बिक्री सिर्फ गोंडा तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरे जिलों से भी ऑर्डर मिलने लगे हैं. सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों ने भी उनके कारोबार को नई पहचान दिलाई है. कई ग्राहक फोन और ऑनलाइन ऑर्डर देकर अचार मंगवाते हैं. अंशिका बताती हैं कि किसी भी काम में सफलता रातों-रात नहीं मिलती. शुरुआत में कई तरह की परेशानियां आईं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. लगातार मेहनत, ग्राहकों का भरोसा और बेहतर गुणवत्ता ने उनके कारोबार को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…
और पढ़ेंLocation :
Gonda,Uttar Pradesh











