दुनिया के 5 बल्लेबाज, जिन्होंने टी20 में एक ओवर में बनाए सबसे ज्यादा रन

नई दिल्ली. टी-20 क्रिकेट की अपनी एक अलग ही परिभाषा है. यहां गेंदबाजों के पास संभलने का मौका नहीं होता और बल्लेबाजों के पास रुकने का वक्त नहीं. लेकिन जब कोई बल्लेबाज किसी एक ओवर में ऐसी तबाही मचाए कि क्रिकेट के सारे इतिहास पन्ने उलट जाएं, तो वह पल क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में हमेशा के लिए दर्ज हो जाता है. इस आर्टिकल में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की बात हो रही है. फटाफट क्रिकेट के इतिहास के उन चुनिंदा ओवरों की, जहां रनों का ऐसा सैलाब आया कि दुनिया दंग रह गई.

कहानी की शुरुआत साल 2007 के पहले टी-20 विश्व कप से बेहतर भला कहां से हो सकती है. डरबन का मैदान, भारत और इंग्लैंड के बीच कड़ा मुकाबला, और इंग्लैंड के गेंदबाज एंड्रयू फ्लिंटॉफ द्वारा युवराज सिंह को उकसाना. फ्लिंटॉफ की वो बहस स्टुअर्ट ब्रॉड के लिए काल बन गई. 19वें ओवर की पहली गेंद पर जो युवराज ने बल्ला घुमाया, तो गेंद सीधे बाउंड्री पार गिरी. इसके बाद दूसरी, तीसरी, चौथी, पांचवीं और फिर आखिरी गेंद… ब्रॉड बेबस थे, फ्लिंटॉफ हैरान थे और पूरा डरबन का मैदान ‘युवी-युवी’ के नारों से गूंज रहा था. एक ओवर में 6 छक्के और 36 रन. यह टी-20 इंटरनेशनल में पहली बार था जब किसी ने एक ओवर में इतने रन बटोरे थे.

6 गेंद पर बने 39 रन के रिकॉर्ड का टूटना मुश्किल.

पोलार्ड ने कैरेबियाई ताकत का किया मुजाहिरा
युवराज के इस कारनामे के ठीक 14 साल बाद, साल 2021 में एंटीगा के मैदान पर वेस्टइंडीज के कप्तान कीरोन पोलार्ड ने इतिहास को खुद को दोहराते हुए देखा. श्रीलंका के स्पिनर अकिला धनंजय के लिए वह रात किसी बुरे सपने जैसी थी, क्योंकि उसी मैच में कुछ ही समय पहले उन्होंने हैट्रिक ली थी. लेकिन जब पोलार्ड क्रीज पर आए, तो उन्होंने धनंजय की फिरकी को तिनके की तरह उड़ा दिया. पोलार्ड ने एक के बाद एक छह गगनचुंबी छक्के जड़कर धनंजय के ओवर में 36 रन कूट डाले. पोलार्ड दुनिया के दूसरे ऐसे बल्लेबाज बने जिन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में यह करिश्मा किया.

रोहित और रिंकू की जुगलबंदी
अक्सर एक ओवर में एक ही बल्लेबाज तबाही मचाता है, लेकिन जनवरी 2024 में बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में कुछ अलग ही स्क्रिप्ट लिखी जा रही थी. भारत और अफगानिस्तान के बीच मैच के दौरान करीम जनत आखिरी ओवर लेकर आए. स्ट्राइक पर थे भारतीय कप्तान रोहित शर्मा.पहली गेंद पर चौका लगा, दूसरी गेंद नो-बॉल रही जिस पर रोहित ने छक्का जड़ दिया. इसके बाद अगली गेंद पर फिर छक्का और फिर एक रन लेकर रोहित ने स्ट्राइक रिंकू सिंह को दे दी. अब बारी रिंकू की थी. रिंकू ने आखिरी तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्के जड़कर ओवर का अंत किया. इस ओवर में कुल 36 रन बने और यह इतिहास में पहली बार हुआ जब दो बल्लेबाजों ने मिलकर एक ही ओवर में 36 रन कूट दिए.

कुशल भुरतेल और चीनी गेंदबाज़ की बेबसी
समय का पहिया और आगे बढ़ा और मई 2026 में सिंगापुर की धरती पर नेपाल और चीन के बीच मुकाबले में एक और रोमांचक अध्याय जुड़ा. नेपाल के बल्लेबाज कुशल भुरतेल के सामने चीन के गेंदबाज चेन झुओ यूए थे. कुशल ने पहली पांच गेंदों पर लगातार पांच छक्के जड़कर चीनी टीम के होश उड़ा दिए. इसके बाद गेंदबाज ने दबाव में आकर एक वाइड गेंद फेंक दी. अंतिम वैध गेंद पर कुशल ने फिर से छक्का जड़ दिया. इस तरह बिना छह छक्के खाए भी, वाइड गेंद के अतिरिक्त रन की बदौलत इस ओवर से कुल 37 रन निकल आए, जिसने युवराज और पोलार्ड के 36 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.

समोआ का वो सुल्तान जिसने नामुमकिन को मुमकिन किया
लेकिन क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और रिकॉर्ड बनते ही हैं टूटने के लिए. अगस्त 2024 में अपिया के मैदान पर समोआ और वानुअतु के बीच खेले गए मैच में कुछ ऐसा हुआ जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. समोआ के दारियस विसर ने वानुअतु के गेंदबाज नलिन निपिको के एक ही ओवर में रिकॉर्ड्स की धज्जियां उड़ा दीं. इस ओवर की कहानी किसी रोलरकोस्टर राइड जैसी थी. विसर ने पहली तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्के जड़े. इसके बाद निपिको ने एक नो-बॉल फेंकी, जिस पर विसर ने फिर छक्का जड़ दिया. अगली गेंद फिर नो-बॉल रही. दबाव इतना था कि निपिको ने इसके बाद एक और नो-बॉल फेंक दी.

इसके बाद की दो गेंदों पर विसर ने फिर से दो शानदार छक्के जड़ दिए. इस तरह ओवर की वैध गेंदों पर 6 छक्के लगे और साथ ही गेंदबाज की तीन नो-बॉल की गलतियों ने इस ओवर को अंतरराष्ट्रीय टी-20 इतिहास का सबसे महंगा ओवर बना दिया. इस एक ओवर से कुल 39 रन आए. दारियस विसर ने एक ओवर में सबसे ज्यादा रनों का ऐसा एवरेस्ट खड़ा कर दिया है जिसे छूना आने वाले समय में किसी भी बल्लेबाज के लिए बहुत बड़ी चुनौती होगी.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति