Akhilesh Yadav On Ram Mandir Daan Chori: समाजवादी पार्टी के चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट और कानून व्यवस्था पर जमकर हमला बोला. अखिलेश यादव के साथ अयोध्या के ‘मंदिर राम निवास’ के पंच प्रमुख हरिशंकर साफरीवाला भी मौजूद थे. साफरीवाला भी राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय बोला है.
अखिलेश के साथ पंच प्रमुख हरिशंकर साफरीवाला ने अपनी बात रखनी शुरू की. उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया, ‘हमारा ‘मंदिर राम निवास’ प्रभु श्री राम के मुख्य मंदिर से बिल्कुल सटा हुआ है. चंपत राय ने हमारे इस ऐतिहासिक मंदिर पर जबरन कब्जा कर लिया है.’
चंपत राय पर दान चोरी से इतर आरोप
अखिलेश के प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफरीवाला यहीं नहीं रुके. उन्होंने आगे कहा, ‘चंपत राय ने इस मामले को दबाने और हमें चुप कराने के लिए करोड़ों रुपये का लालच भी दिया था. हमारी मंदिर का जितना भी चढ़ावा था, वो सब चंपत राय ने खुद रख लिया है. यह सीधे-सीधे हमारे मंदिर में डाला गया डाका है. हमने इस मामले को लेकर पुलिस में एफआईआर (FIR) दर्ज कराने की बहुत कोशिश की, लेकिन इस सरकार में हमारी कोई सुनवाई नहीं हुई. ये लोग आस्था के नाम पर सिर्फ धर्म का धंधा चला रहे हैं.’ उन्होंने दावा किया कि यह बात अब उत्तर प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंच चुकी है और इस बार जनता भाजपा को न तो चंदा देगी, न चढ़ावा देगी और न ही वोट देगी.
राम के चढ़ावे में डकैती करने वालों को भगवान माफ नहीं करेंगे – अखिलेश यादव
हरिशंकर साफरीवाला के आरोपों को आगे बढ़ाते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया. अखिलेश ने कहा, ‘प्रभु श्री राम के चढ़ावे में डकैती से ऊपर भी अगर दुनिया में कोई शब्द बना हो, तो आज वो इस्तेमाल होना चाहिए. जनता ने जो अपनी गाढ़ी कमाई से गुप्तदान दिया, उसका कोई हिसाब-किताब नहीं दिया जा रहा है. ये सब बातें और कारनामे इनकी रोजाना की प्रैक्टिस में शुमार हैं, लेकिन अब इनकी यह प्रैक्टिस पकड़ी गई है. प्रभु श्रीराम इन्हें इस पाप के लिए कभी माफ नहीं करेंगे और भगवान खुद ही इनका हिसाब करेंगे.’ अखिलेश ने यह भी कहा कि जो लोग विपक्ष पर या उनके ऊपर भगवान के नाम पर सवाल उठाते हैं, अब समाजवादी पार्टी उनके खिलाफ ‘पर्ची’ छपवाने का काम करेगी.
अब सांसदों को तोड़कर संसद पर कब्जा जमाना चाहते हैं ये…
अखिलेश ने मर्यादा पुरुषोत्तम का जिक्र करते हुए कहा, ‘मर्यादा का पहला नाम प्रभु श्री राम है और दूसरा नाम हमारा ‘संविधान’ है. लेकिन यह सरकार संविधान और लोकतंत्र दोनों के साथ खुला खिलवाड़ करने की तैयारी में है. जो बात ये लोग जनता के वोट से हासिल नहीं कर पा रहे हैं, उसे अब सांसदों को तोड़कर पूरा करने की कोशिश की जा रही है.’
एक्सप्रेस-वे ढह रहे हैं, यूपी ‘फ्रॉड प्रदेश’ बन चुका
अखिलेश यादव डबल इंजन की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, ‘देश के प्रधानमंत्री ने जिस बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का बड़े जोर-शोर से उद्घाटन किया था, वो पहली ही बारिश में ढह गया. इसके बाद जो गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया गया, उसमें भी भारी तकनीकी कमियां और गड़बड़ियां सामने आईं. सच तो यह है कि इस सरकार का हर एक कार्यक्रम सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार की नींव पर खड़ा है और कमीशनखोरी के लिए किया जाता है.’
भाजपा के इशारे पर काम कर रही है पुलिस
साइबर फ्रॉड के मुद्दे पर बोलते हुए नेता अखिलेश ने कहा कि भाजपा के पिछले 10 साल के शासनकाल में उत्तर प्रदेश को ‘फ्रॉड प्रदेश’ बना दिया है. उन्होंने तंज कसा, ‘जिस प्रदेश में साक्षात भगवान का चढ़ावा तक चोरी हो जाता हो, वहां न जाने कितने जालसाज घूम रहे होंगे. आज पूरे देश में सबसे ज्यादा साइबर फ्रॉड उत्तर प्रदेश के भीतर ही अंजाम दिए जा रहे हैं.’ अखिलेश ने कौशांबी की एक घटना का हवाला देते हुए कहा कि वहां एक पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है, लेकिन लोकल थाना और पुलिस पूरी तरह से भाजपा के नेताओं के इशारे पर काम कर रही है.
अयोध्या में भाजपा की हार का खोला कच्चा चिट्ठा
अखिलेश यादव ने बताया कि आखिर लोकसभा चुनाव में भाजपा अयोध्या (फैजाबाद सीट) क्यों हार गई. उन्होंने कहा, ‘लोकतंत्र में विपक्ष की जो जिम्मेदारी होती है, उसे मैं पूरी ईमानदारी से निभा रहा हूं. जब अयोध्या में एयरपोर्ट के निर्माण के लिए किसानों की कीमती जमीनें बेहद सस्ते और औने-पौने दामों में जबरन ली जा रही थीं, तब वहां के गरीब किसान और स्थानीय लोग पवित्र सरयू नदी के पानी में खड़े होकर हाथ में जल लेकर कसम खा रहे थे कि वे इस बार भाजपा को सबक सिखाएंगे.’
उन्होंने आगे कहा, ‘इसके बाद वहां के स्थानीय व्यापारियों को विकास के नाम पर उजाड़ दिया गया. उजाड़े गए अधिकांश लोग हमारे पीडीए (PDA – पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) समाज से आते थे. वे सब अपनी फरियाद लेकर यहां आए थे. हमने सरकार से बार-बार मांग की कि इन गरीब किसानों और व्यापारियों को उचित मुआवजा दिया जाए, लेकिन अहंकार में डूबी सरकार ने किसी की एक न सुनी. इसी अन्याय का नतीजा था कि अयोध्या की जनता ने इन्हें हरा दिया.’
सिख समाज के लिए अखिलेश यादव के बड़े चुनावी वादे
- अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिख समाज के इतिहास की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, ‘सिख समाज का इतिहास हमेशा से अद्वितीय बहादुरी और महान त्याग का रहा है. इन्होंने पूरी दुनिया में भारत का सिर फख्र से ऊंचा किया है और देश की प्रतिष्ठा बढ़ाई है.’ उन्होंने इस समाज के लिए बड़े वादे करते हुए कहा-
- समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर सिख समाज को सत्ता और संगठन में पूरा स्थान और उचित सम्मान दिया जाएगा.
- सिख जमींदारों और किसानों के साथ होने वाले जमीन व खेतों के विवादों में उन्हें त्वरित और पारदर्शी न्याय दिलाया जाएगा.
- विभिन्न जेलों में लंबे समय से बंद ‘बंदी सिखों’ की रिहाई के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ आवाज उठाएगी.
- आगामी चुनावों में उत्तर प्रदेश की जिन सीटों पर सिख समाज के उम्मीदवार मजबूत और जीतने की स्थिति में होंगे, वहां समाजवादी पार्टी उन्हें विशेष प्राथमिकता देकर चुनाव लड़वाएगी.










