नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया को बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज़ से पहले बड़ा झटका लगा है, क्योंकि ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने इस दौरे से अपना नाम वापस ले लिया है. वनडे सीरीज़ में ऑस्ट्रेलिया को लगभग क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ता, लेकिन कूपर कॉनली की शानदार 149 रनों की पारी ने टीम को बचा लिया. अब टी20 सीरीज़ से पहले ग्रीन के बाहर होने से टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं, क्योंकि उन्हें आगामी बड़े टेस्ट सीज़न के लिए खुद को तैयार रखने को कहा गया है.
एक रिपोर्ट के अनुसार, 27 वर्षीय ग्रीन वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत घर लौट गए हैं ऑस्ट्रेलिया का व्यस्त रेड-बॉल शेड्यूल 13 अगस्त से बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट से शुरू होगा.क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक ग्रीन के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है. टीम में पहले से ही मिचेल मार्श और एरॉन हार्डी जैसे सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर मौजूद हैं, हालांकि चोट के कारण मार्श अब गेंदबाज़ी नहीं करते.
निखिल चौधरी को बड़ा मौका
ग्रीन की गैरमौजूदगी में दिल्ली में जन्मे निखिल चौधरी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू की संभावना बढ़ गई है. हॉबार्ट हरिकेन्स के इस ऑलराउंडर को हाल ही में टीम में शामिल किया गया था और वे 60 साल से ज्यादा समय बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले पहले भारतीय मूल के खिलाड़ी बन सकते हैं. मिडिल ऑर्डर के आक्रामक बल्लेबाज़ होने के साथ-साथ लेग स्पिन करने वाले चौधरी बांग्लादेश की स्पिन-फ्रेंडली पिचों पर टीम के लिए उपयोगी विकल्प साबित हो सकते हैं. ग्रीन के बाहर होने से उनके लिए टीम में जगह बनाना आसान हो गया है. वहीं, कप्तान मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड की वापसी से टीम को मजबूती मिलेगी.
ग्रीन का खराब दौर
ग्रीन के लिए यह समय थोड़ा कठिन रहा है। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए उन्होंने 322 रन (145.70 स्ट्राइक रेट) और 7 विकेट लिए, लेकिन इस साल टी20 इंटरनेशनल में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है7 मैचों में सिर्फ 117 रन और 2 विकेट. हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज़ में उन्होंने 3 पारियों में 104 रन बनाए, जिसमें एक नाबाद अर्धशतक भी शामिल था लेकिन ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल तक 15 टेस्ट मैच खेलने हैं, इसलिए टीम मैनेजमेंट अपने अहम खिलाड़ी को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता.
ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम (बांग्लादेश दौरा)
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, निखिल चौधरी, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, एरॉन हार्डी, Travis Head, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू कुहनेमन, राइली मेरेडिथ, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ, एडम ज़म्पा
टी20 सीरीज़ का कार्यक्रम
पहला टी20: 17 जून 2026, चटगांव – दोपहर 1:30 बजे (IST)
दूसरा टी20: 19 जून 2026, चटगांव – दोपहर 1:30 बजे (IST)
तीसरा टी20: 21 जून 2026, चटगांव – दोपहर 1:30 बजे (IST)










