Last Updated:May 08, 2026, 14:49 IST
Prayagraj News: भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में अंतिम फ़ासिला नहीं सुनाया. अब इस मामले में 22 मई को अगली सुनवाई होगी. आकांक्षा दुबे की मां की तरफ से सीबीआई जांच की मांग को लेकर याचिका दाखिल की गई है.
ख़बरें फटाफट
भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की संदिग्ध मौत मामले में हाईकोर्ट का फैसला टला
प्रयागराज. भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की संदिग्ध मौत मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर शुक्रवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अंतिम फैसला नहीं सुनाया. हाईकोर्ट ने तकनीकी कारणों से अंतिम फैसला न सुनाते हुए दोनों आरोपियों को नोटिस जारी करने के बाद मामले की दोबारा सुनवाई करने का आदेश दिया है. कोर्ट ने आरोपियों को याचिका की प्रति तामील कराने का भी निर्देश दिया है. इसके साथ ही इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एसएचओ सारनाथ से काउंटर एफिडेविट मांगा है. कोर्ट ने एसएचओ के काउंटर एफिडेविट दाखिल न करने पर अगली सुनवाई 22 मई को सुबह 10 बजे अदालत में व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहने का आदेश दिया है. इसके साथ ही हाईकोर्ट ने पुलिस कमिश्नर वाराणसी को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया है कि एसएचओ सारनाथ इस मामले में काउंटर एफिडेविट दाखिल करें। हाईकोर्ट अब इस मामले की अंतिम सुनवाई 22 मई को करेगी. कोर्ट ने आदेश की प्रति अपलोड करने का भी आदेश दिया है.
गौरतलब है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने याचिका पर बहस पूरी होने के बाद 4 मई को अपना निर्णय सुरक्षित कर लिया था. कोर्ट ने आज जजमेंट डिलीवरी की डेट भी लगाई थी. लेकिन जस्टिस सिद्धार्थ और जस्टिस विनय कुमार द्विवेदी की डिवीजन बेंच अब एक और तारीख पर मामले की सुनवाई करेगी. याची मृतक अभिनेत्री की मां मधु दुबे के अधिवक्ता सौरभ तिवारी के मुताबिक अक्टूबर 2023 में मधु दुबे ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर सीबीआई या एसआईटी जांच की मांग थी. इस मामले में पिछले ढाई साल से कई तारीखों पर सुनवाई हुई. लेकिन कई बार पक्षकारों की ओर से काउंटर दाखिल न होने की वजह से सुनवाई टल गई.
2023 में हुई थी मौत
वाराणसी के सारनाथ इलाके में सौमेंद्र होटल में 26 मार्च 2023 को आकांक्षा दुबे का शव संदिग्ध हालत में मिला था. आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने सारनाथ थाने में 26 मार्च को ही गायक समर सिंह व संजय सिंह पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था. हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में हत्या से पहले रेप की आशंका जताई गई है. याचिका में कहा गया था कि आकांक्षा की मौत जिन परिस्थितियों में हुई वह निश्चित तौर पर संदेहास्पद है. आकांक्षा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल वाराणसी की रिपोर्ट भी इस ओर इशारा कर रही है. याचिका में पुलिस की कार्यशैली को अविश्वसनीय बताया गया है.
सिंगर समर सिंह पर है आरोप
याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ महत्वपूर्ण सबूतों को दबाने और आरोपियों को बचाने की भी कोशिश हो रही है। एफआईआर में भोजपुरी गायक समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई थी. हालांकि 7 नवंबर 2023 को आरोपी भोजपुरी गायक समर सिंह को हाईकोर्ट से जमानत भी मिल गई थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में चार्जशीट दाखिल की है.
मजबूत दलील पेश की गई
याची के अधिवक्ता सौरभ तिवारी के मुताबिक इस मामले में कोर्ट में उनकी ओर मजबूत दलीलें पेश की गई हैं. उनके मुताबिक कोर्ट भी इस बात से सहमत है कि अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत सामान्य खुदकुशी नहीं है. इसके अलावा उन्होंने एक अन्य संदिग्ध संदीप सिंह का भी पूरे मामले में नाम आने की भी बात कही है. सौरभ तिवारी ने कहा है कि अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे और हमें पूरा भरोसा है की अदालत इस मामले में सीबीआई जांच का आदेश पारित करेगी.
About the Author
Amit Tiwariवरिष्ठ संवाददाता
अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Allahabad,Uttar Pradesh











