पटना में वैभव सूर्यवंशी बैटिंग… देखना है तो इंश्योरेंस कराओ? BCA बोला- मत आओ

पटना: आज यानी 15 अक्टूबर से पटना के मोईनुल हक स्टेडियम में चौंके-छक्कों की बरसात होने वाली है. ऐसा इसीलिए क्योंकि बिहार का लाल वैभव सूर्यवंशी बैटिंग करते हुए दिखाई देने वाला है. दरअसल, आज से  बीसीसीआई का रणजी ट्रॉफी का मुकाबला होने वाला है. बिहार और अरुणाचल प्रदेश के बीच यह मुकाबला खेला जाएगा. आपको बता दें कि पिछली बार खराब प्रदर्शन की वजह से बिहार की टीम एलीट से खिसक कर प्लेट ऑफ ग्रुप में पहुंच गई थी.

वैभव सूर्यवंशी होंगे आकर्षण का केंद्र 

रणजी के इस सीजन में बिहार का यह पहला मैच है. शुरुआती 2 मैचों के लिए बिहार की टीम घोषित की गई है. इसमें टीम के उप कप्तान वैभव सूर्यवंशी इस बार सभी के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. आईपीएल में प्रभावी प्रदर्शन करने के बाद वे पहली बार अपने घरेलू मैदान पर बिहार टीम की ओर से रणजी ट्रॉफी में उतरेंगे. अभ्यास सत्र के दौरान वैभव को नेट्स पर विशेष रूप से बल्लेबाजी और स्लिप कैचिंग पर ध्यान देते हुए देखा गया.

दर्शकों की रहेगी नो एंट्री 

दर्शकों के लिए यह अच्छी खबर नहीं ह. इस बार भी मोईनुल हक स्टेडियम में वैभव सूर्यवंशी को लाइव खेलते हुए देखने का मौका नहीं मिलेगा. स्टेडियम की जर्जर हालत को देखते हुए बीसीए ने दर्शकों की एंट्री पर रोक लगा दी है. बीसीए का कहना है कि स्टैंड काफी खतरनाक स्थिति में हैं. इसलिए सुरक्षा कारणों से यह निर्णय लिया गया है. गौरतलब है कि पिछले दो सीजन में भी बीसीए ने दर्शकों से स्टेडियम में नहीं आने की अपील की थी, लेकिन कई लोग किसी न किसी रास्ते से अंदर पहुंच ही जाते थे और मैच का लुत्फ उठाते थे. अब जबकि वैभव सूर्यवंशी मैदान में उतरेंगे, तो माना जा रहा है कि इस बार भी फैंस खुद को नहीं रोक पाएंगे.

बिहार की बैटिंग टीम है मजबूती

बीसीए के क्रिकेट ऑपरेशन मैनेजर एके चंदन ने लोकल 18 को बताया कि बिहार की टीम की मजबूती इस बार बैटिंग है. पिछली दफा हुई गलतियों को सुधारते हुए इस बार टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी. तकरीबन 500 के आस पास रन बनाने की संभावना है. उम्मीद है कि बिहार की टीम इस बार प्लेट ग्रुप में चैंपियन बनेगी और फिर से एलीट ग्रुप में वापसी करेगी. आपको बता दें कि मोइनुल हक स्टेडियम का पिच बीसीसीआई के क्यूरेटर की देख रेख में बनाया गया है.

मोईनुल हक में होंगे 3 मैच 

मोइनुल हक स्टेडियम घरेलू क्रिकेट के इस सत्र में रणजी ट्रॉफी के तीन मैचों की मेजबानी करेगा. यहां प्लेट ग्रुप के मैच खेले जायेंगे. पहला मैच 15 से 18 अक्तूबर तक बिहार और अरुणाचल प्रदेश के बीच खेला जायेगा. दूसरा मैच 1 से चार नवंबर तक बिहार और मेघालय के बीच खेला जायेगा. तीसरा मैच 16 से 19 नवंबर तक बिहार और मिजोरम के बीच खेला जायेगा.

यह है बिहार की टीम 

पियूष कुमार सिंह, भास्कर दुबे, साकिबुल गनी (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उपकप्तान), अर्णव किशोर, आयुष लोहरुका, बिपिन सौरभ, आमोद यादव, नवाज़ खान, साकिब हुसैन, रघवेंद्र प्रताप सिंह, सचिन कुमार सिंह, हिमांशु सिंह, खालिद आलम और सचिन कुमार.
इनके अतिरिक्त अन्य पंजीकृत खिलाड़ी स्टैंडबाय के रूप में रहेंगे.

स्टेडियम को लेकर हो चुकी है किरकिरी 

साल 2024 में बिहार विभाजन के बाद पहली बार बिहार टीम इलीट ग्रुप में खेल रही थी. यह मैच पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में खेली गई थी. उस समय स्टेडियम की जर्जर स्थिति की वजह से बिहार की खूब किरकिरी हुईं थी. अजिंक्य रहाणे, शिवम दुबे, सरफराज खान सहित कई इंटरनेशनल खिलाड़ी मैच खेलने के लिए पहुंचे हुए थे. ऐसे में स्टेडियम के अंदर डेंजर का बोर्ड लगाया गया था. सभी मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी देखने को मिली थी. स्कोर बोर्ड से लेकर गैलरी तक टूटी फूटी स्थिति में थी, लेकिन बावजूद इसके, बिहार और मुम्बई के बीच एलीट ग्रुप के पहले मैच को देखने के लिए 10,000 से भी ज्यादा की संख्या में दर्शक आए थे.

इसके बाद सरकार ने स्टेडियम की जर्जर स्थिति पर संज्ञान लेते हुए इसके पुनर्निर्माण का निर्णय लिया था. इस दिशा में कार्य काफी हद तक आगे बढ़ चुका है. सरकार ने स्टेडियम को बीसीसीआई को सौंप दिया है और फिलहाल कागजी प्रक्रिया चल रही है. जल्द ही स्टेडियम का पुनर्निर्माण कर इसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का रूप दिया जाएगा.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति