गाजियाबाद: सर्वर डाउन और स्टॉक खत्म, घंटों धूप में खड़े रहने को मजबूर जनता

Last Updated:March 11, 2026, 15:04 IST

Ghaziabad LPG Gas Cylinder Crisis: ईरान-इजरायल तनाव के बीच गाजियाबाद जिले के राजनगर स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर खाली सिलेंडर लिए महिलाओं और बुजुर्गों की लंबी कतारें लगी हैं. सर्वर ठप होने और स्टॉक की कमी के चलते पिछले कई दिनों से बुकिंग और सप्लाई बाधित है, जिससे घरों में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है. घंटों धूप में खड़े रहने के बावजूद उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है.

गाजियाबाद: पश्चिम एशिया में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते युद्ध के बादलों ने अब भारत की रसोई का बजट और सुकून दोनों बिगाड़ना शुरू कर दिया है. अंतरराष्ट्रीय तनाव का सीधा असर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में देखने को मिल रहा है, जहां रसोई गैस (LPG) की किल्लत ने आम जनता के पसीने छुड़ा दिए हैं. गाजियाबाद के राजनगर इलाके में इंडेन गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही महिलाएं, बुजुर्ग और मासूम बच्चे खाली सिलेंडर लेकर लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं. सर्वर डाउन होने और स्टॉक की कमी के चलते स्थिति गंभीर बनती जा रही है.

तपती धूप में घंटों इंतजार, फिर भी खाली हाथ
गाजियाबाद के राजनगर स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर इन दिनों कुछ ऐसा ही हाल देखने को मिल रहा है. एजेंसी के बाहर सुबह 8 बजे से ही लोग लंबी-लंबी लाइनों में लग जाते हैं. महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे-छोटे बच्चे तेज धूप में घंटों खड़े होकर अपनी-अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन दोपहर होने तक भी उनके हाथ सिर्फ निराशा लगती है. लोगों का कहना है कि सर्वर की समस्या के कारण सिलेंडर बुक नहीं हो पा रहा है और अगर बुक हो भी रहा है तो एजेंसी पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं है.

पिछले हफ्ते बुक कराया था सिलेंडर, अभी तक नहीं मिला
इससे कई घरों में चूल्हा तक नहीं जल पा रहा है और परिवार को खाना बनाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. राजनगर के रहने वाले सुरेश ने बताया कि उन्होंने पिछले हफ्ते ही सिलेंडर बुक कराया था लेकिन अभी तक सिलेंडर घर पर नहीं पहुंचा. आज सुबह से वह गैस एजेंसी पर लाइन में लगे हुए हैं लेकिन यहां कोई सही जानकारी देने वाला नहीं है. कोई उन्हें एक खिड़की पर भेज देता है तो कोई दूसरी खिड़की पर लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा.

सर्वर की समस्या और स्टॉक का अभाव
गैस एजेंसी पर पहुंचे उपभोक्ताओं ने बताया कि पिछले कई दिनों से बुकिंग सिस्टम पूरी तरह ठप पड़ा है. महिपाल सिंह का कहना है कि वह कल से गैस बुक करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन बुकिंग ही नहीं हो पा रही. सुबह 9 बजे से गैस एजेंसी पर खड़े हैं, लेकिन यहां भी सर्वर की समस्या बताई जा रही है. घर में सिलेंडर न होने के कारण परिवार को काफी परेशानी हो रही है. धूप में कई घंटे लाइन में खड़े रहने के बावजूद किसी के पास सही जवाब नहीं है.

बच्चों का निवाला भी हुआ मुश्किल
संजीव गुप्ता ने बताया कि उन्होंने 18 फरवरी को सिलेंडर बुक कराया था लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिला. आज सुबह 8 बजे से एजेंसी पर लाइन में खड़े हैं और थक चुके हैं लेकिन सिलेंडर मिलने की कोई उम्मीद नहीं दिख रही. उनके साथ उनकी बेटी भी लाइन में खड़ी है और धूप में खड़े-खड़े बच्चे भी परेशान हो चुके हैं. संजीव का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय हालात ऐसे ही बने रहे तो गैस की किल्लत और बढ़ने का डर है क्योंकि घर में चूल्हा तक नहीं जल पा रहा.

वहीं, गृहणी प्रीति ने बताया कि वह कल से सिलेंडर बुक करने की कोशिश कर रही हैं लेकिन बुकिंग नहीं हो पा रही थी. आज सुबह 8 बजे से गैस एजेंसी की लाइन में खड़ी हैं. दोपहर करीब 12 बजे सिलेंडर बुक तो हो गया लेकिन एजेंसी पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं है. उनके घर में दो छोटे बच्चे हैं जो खाना मांग रहे हैं लेकिन सिलेंडर न मिलने के कारण खाना नहीं बन पा रहा. ऐसे में परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

About the Author

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें

News18 न्यूजलेटर

अब ईमेल पर इनसाइड स्‍टोर‍ीज

खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्‍स में

Location :

Ghaziabad,Uttar Pradesh

First Published :

March 11, 2026, 14:50 IST

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति