रिपोर्ट- अनुज गुप्ता
उन्नाव के दंपति ने स्टार्टअप शुरू करते हुए गौवंश के गोबर से घरों की रंगाई व पुताई वाला पेंट बनाने का काम शुरू किया है. यह पेंट पूरी तरह से प्राकृतिक होगा. इसके लिए जरूरी मशीनें भी आ गई हैं. किसानों की आय बढ़ाने के लिए गौवंशो का गोबर खरीदने का फैसला लिया है.
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में सरकार महिला उद्यमियों का हौसला बढ़ा रही है. जिसके तहत सीडीओ ऋषिराज ने पद्मिनी के गोबर पेंट फैक्ट्री का उद्घाटन कर महिला उद्यमी का हौसला अफजाई करते हुए भविष्य में नई बुलंदियों को छूने का जज्बा भरा है.
जयपुर से ली ट्रेनिंग
उन्नाव की हसनगंज तहसील क्षेत्र के सैरपुर गांव के रहने वाले दंपति ओमप्रकाश व उनकी पत्नी पद्यमिनी ने अपना नया स्टार्ट अप शुरू किया है. स्टार्टअप ऐसा की एक तरफ गायों के गोबर का इस्तेमाल होगा तो वहीं उससे बनने वाला प्राकृतिक रंग घरों में इस्तेमाल किया जा सकेगा.
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत हसनगंज के सैरपुर गांव के रहने वाले दंपति ने खादी प्राकृतिक पेंट बनाने का प्लांट बनाकर उत्पादन शुरू किया है. गौवंश के गोबर से ‘पेंट’ बनेगा जो पर्यावरण संरक्षण में भी मददगार होगा.
गोबर से बने प्राकृतिक पेंट के ये हैं फायदे
गोबर से बने प्राकृतिक पेंट प्लांट में डिस्टेंपर और इमल्शन में उपलब्ध होगा. इसमें आठ लाभ शामिल हैं,
जैसे एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-फंगल और प्राकृतिक थर्मल इंसुलेशन के गुण यह पेंट पर्यावरण के अनुकूल नॉन-टॉक्सिक, गंधहीन और सस्ता होगा.
गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाना अच्छी पहल
मुख्य विकास अधिकारी ऋषिराज ने बताया कि शासन की मंशा के अनुसार और डीएम उन्नाव अपूर्वा दुबे की प्रेरणा से ओमप्रकाश व उनकी पत्नी पद्यमिनी ने नया व्यवसाय शुरू किया है. प्राकृतिक पेंट फैक्ट्री लगाने के पहले जयपुर जाकर पूरी ट्रेनिंग ली. गोबर से पेंट बनाने की फैक्ट्री चालू हो चुकी है, यह एक प्रयास है जैसा शासन की मंशा है. किसानों को लाभ मिलेगा, इससे पूरे क्षेत्र में एक अच्छा मैसेज आएगा कि हमें गाय की सेवा करनी चाहिए. गाय यदि दूध नहीं दे रही है तो उससे कैसे आर्थिक लाभ ले सके. उसके उसके प्रति एक पहल की है.
प्राकृतिक रूप से बहुत फायदेमंद- पद्मिनी
पद्यमिनी देवी ने NEWS 18 लोकल से बात करते हुए बताया कि मैंने गोबर से पेंट बनाने की फैक्ट्री चालू की है, इसमें गाय के गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाया जाएगा. पद्मिनी ने दावा करते हुए कहा की ये बहुत ही हाइजीनिक पेंट है, इसमें कोई भी केमिकल नहीं मिलाया जाता है, प्राकृतिक रूप से बहुत ही फायदेमंद है, इसमें किसी भी तरह की कोई स्मेल नहीं आती है और ना ही इसमें किसी तरह का कोई हानिकारक जीवाणु है, जिससे प्रकृति को नुकसान नहीं पहुंचे. साथ ही गाय माता की सेवा करने के उद्देश्य यह यूनिट लगाई है, ताकि हम अपनी गायों को सुरक्षित कर सके. हम यहां पर गौशाला बनाकर ज्यादा से ज्यादा ज्यादा से ज्यादा सुविधा प्रदान करना चाहते हैं. ताकि हमारी गाय माता सुरक्षित रह सकें.










