नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में डायरेक्टर अजीत सिन्हा की नई फिल्म कैश-एम-कश का पोस्टर लॉन्च हो चुका है. यह फिल्म महात्मा गांधी के आदर्श और उनके दिए हुए संदेशों को काफी हद तक असल जीवन में कैसे उतारे यह बताती है. गांधी का चरखा भी इस फिल्म में कई संदेश देता हुआ नजर आएगा. यही वजह है कि इस फिल्म को गांधी के आदर्शों पर चलने वाली फिल्म भी बताया जा रहा है.
फिल्म के पोस्टर लॉन्चिंग के दौरान फिल्म में अहम किरदार निभा रहे अहम शर्मा, दुर्गेश कुमार, आदर्श बारीक, पल्लवी सिंह और साईं ताम्हनकर भी मौजूद रहे. पोस्टर लॉन्च के इस आयोजन में बॉलीवुड के मशहूर एक्टर राजपाल यादव, गोविन्द पांडेय और पंचायत वेब सीरीज के भूषण यानी दुर्गेश कुमार ने भी पोस्टर लॉन्च किया. इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल और मंत्री कपिल मिश्रा भी शामिल हुए.
मुन्ना भाई MBBS के बाद यह फिल्म
इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि महात्मा गांधी यानी बापू के ऊपर बनी हुई फिल्म मुन्ना भाई एमबीबीएस को उन्होंने थिएटर में देखा था. उसके बाद कोई भी फिल्म महात्मा गांधी पर देखने के लिए नहीं मिली. अब यह फिल्म आ रही है, यकीनन यह अच्छी होगी. मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि बॉलीवुड में पहले राष्ट्रवाद की फिल्में नहीं बनती थी. समाज को गलत संदेश देने वाली फिल्में ज्यादा बनती थी, लेकिन जब से 2014 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है, तो राष्ट्रवाद पर फिल्म बनने लगी हैं.
आपको बता दें कि यह फिल्म एंटीमैटर फिल्म्स एंड इमेजेज इंटरनेशनल की है. फिल्म निर्देशक अजीत सिन्हा, लेखक राज वर्मा और निर्माता वीरेंद्र भल्ला, शाहरोज़ अली खान, अजीत सिन्हा और रागिनी गुंजन ने अहम शर्मा, सई ताम्हणकर, आदर्श बारिक, पल्लवी सिंह, गोविंद पांडेय, दुर्गेश कुमार, यश, सिद्धांत गोयल और रूण टेमटे जैसे बेहतरीन कलाकारों ने एक साथ पोस्टर लॉन्च किया. इस फिल्म में विपिन पटवा के संगीत और डॉ. सागर के बोल हैं.
पैसा कितना जरूरी है यह भी बताएगी फिल्म
इस फिल्म के लीड एक्टर और महाभारत में कर्ण की भूमिका निभाकर लोगों के दिलों पर राज करने वाले अहम शर्मा ने बताया कि इस मूवी का नाम बहुत अनोखा है. उसी से समझ में आ रहा है कि कैश और कैश की कश्मकश से जूझते हुए लोग और उससे उभरते हुए लोग के ऊपर यह कहानी है, जिससे हर एक इंसान इस कहानी को खुद से जोड़ सकता है. आज की जिंदगी में कैश कितना जरूरी है और उस कैश के लिए जो कशमकश हो रही है. उसे ही इस फिल्म में दिखाया गया है.










