Last Updated:January 02, 2026, 11:36 IST
Ghaziabad News: कौशांबी पुलिस और RAF व CRPF ने मिलकर भोवापुर और बिहारी मार्केट के स्लम एरिया में सघन चेकिंग अभियान चलाया था. इसमें अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या थे. इस अभियान को ऑपरेशन टॉर्च नाम दिया गया था. मगर, इस अभियान के एक वीडियो ने पूरा पुलिस महकमे को हिलाकर रख दिया था. अब जानते हैं आखिर ऐसा क्या हुआ और क्या था पूरा सच…
गाजियाबाद में अवैध बांग्लादेशी पकड़ने के अभियान के वीडियो का सच.
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश में इस समय अवैध बांग्लादेशियों (Illegal Bangladeshi) को पकड़ने के लिए जोर-शोर से अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे में, पुलिस इन्हें दबोचने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रही है. कभी झूठ का सहारा लेती है तो कभी कोई जुगाड़ अपना लेती है. मगर, हाल ही में गाजियाबाद पुलिस (Ghaziabad Police) का एक वीडियो वायरल (Viral Video) हुआ, जिसके बाद पुलिस महकमे की किरकिरी होने लगी. हालांकि, अब जब न्यूज 18 ने जाकर पड़ताल की तो मामला थोड़ा तो दिलचस्प निकला. सवाल उठा कि क्या सच में एक मशीन से अवैध बांग्लादेशी पकड़ में आ जाएंगे. आइए जानते हैं सबकुछ…
क्या है मामला?
पूरा मामला 23 दिसंबर का है. कौशांबी पुलिस और RAF व CRPF ने मिलकर भोवापुर और बिहारी मार्केट के स्लम एरिया में सघन चेकिंग अभियान चलाया था. जिसमें अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या थे. इस अभियान को ऑपरेशन टॉर्च नाम दिया गया था. उसी दौरान एसएचओ का एक वीडियो वायरल हो गया था. वीडियो में एक पुलिस थाने के SHO अजय शर्मा एक व्यक्ति की पीठ पर मोबाइल फोन रखकर उसकी ‘नागरिकता जांच’ करते नजर आ रहे थे.
साथ ही यह कहते सुनाई दिए कि मशीन बता रही है कि यह शख्स बांग्लादेशी है. जबकि उनके हाथ में केवल एक मोबाइल फोन दिखाई देता है. वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर सवालों और तंज की बाढ़ आ गई थी. लोग पूछ रहे थे कि आखिर नागरिकता जांच की यह कौन-सी नई हाईटेक तकनीक है, जो पीठ पर मोबाइल रखते ही किसी व्यक्ति को विदेशी घोषित कर दे. कई यूजर्स ने इस वीडियो को गंभीर बताते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं, तो वहीं कुछ लोगों ने इसे मजाक और मीम का विषय बना लिया है.
क्या बोले स्थानीय लोग?
अब न्यूज 18 की टीम ने वायरल वीडियो में दिख रहे लोगों की पारिवारिक महिला से बात की. उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनसे जानकारी ली थी और कहा था कि उनके पास मशीन है उसमें सब पता चलता है. मगर, अब बांग्लादेशी नहीं है. हम लोग अररिया के रहने वाले हैं.
वायरल वीडियो का सच
गाजियाबाद के कौशांबी थाना में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों को पकड़ने वाला वीडियो वायरल हुआ तो जांच पड़ताल की गई. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की ड्राइव थी, जिसमें कई बार लोग अपनी असली पहचान छिपाने के लिए झूठ बोलते हैं. इसीलिए पुलिस ऐसी ट्रिक अपनाती है जैसा SHO कहते हुए दिख रहे हैं. वो इसलिए ही यह कह रहे थे कि इनके ऊपर मशीन लगाओ अगर ये झूठ बोल रहे हैं ताकि अवैध रूप से रह रहे लोग हड़बड़ा जाएं और खुद ही अपनी पहचान बता दें. हालांकि, ऐसी कोई मशीन या डिवाइस नहीं होती है, जिससे ये पता लग सके कि कौन कहां का रहने वाला है.
अधिकारियों ने आगे कहा कि गाजियाबाद पुलिस सिर्फ उन लोगों के पास उनकी पहचान के वक्त ऐसी जानकारियों को जुटाने की कोशिश करती है या ऐसे हथकंडे अपनाती है ताकि अगर लोग झूठ बोलें तो पकड़ में आ सके.
Location :
Ghaziabad,Uttar Pradesh
First Published :
January 02, 2026, 11:36 IST
झूठ पकड़ने का जुगाड़! क्या सच में मशीन अवैध बांग्लादेशियों को पकड़ लेती है?










