ठंड में क्यों उभरते हैं लाल चकत्ते? त्वचा की यह समस्या न करें नजरअंदाज, डॉक्टर ने बताए लक्षण और बचाव

गाजियाबाद: सर्दी का मौसम आते ही ठंड के साथ कई तरह की बीमारियां भी दस्तक देने लगती हैं. इस दौरान लोग खुद को सुरक्षित रखने के लिए घरेलू नुस्खे अपनाते हैं, लेकिन कई बार ये उपाय नाकाफी साबित होते हैं. सर्दी-जुकाम के साथ-साथ त्वचा से जुड़ी समस्याएं भी लोगों को काफी परेशान करती हैं. इन्हीं में से एक आम समस्या है शीत पित्ती, जिसे आम भाषा में पित्त कहा जाता है.

आयुर्वेद के अनुसार शरीर वात, कफ और पित्त-इन तीन जैविक तत्वों से मिलकर बना होता है. जब इनका संतुलन बिगड़ता है, तो शीत पित्ती जैसी समस्या उत्पन्न होती है. मेडिकल भाषा में इसे कोल्ड अर्टिकेरिया कहा जाता है.

ठंड में अचानक उभरते हैं लाल चकत्ते
शीत पित्ती में ठंड के संपर्क में आते ही त्वचा पर लाल, उभरे हुए दाने बन जाते हैं. इनमें तेज खुजली होती है और छूने पर गर्माहट महसूस होती है. कई बार ये दाने कुछ ही मिनटों में उभर आते हैं. हैरानी की बात यह है कि ठंड से शुरू हुई यह समस्या कई मामलों में गर्म जगह पर जाने के बाद भी तुरंत ठीक नहीं होती. यह समस्या युवाओं में अधिक देखी जा रही है. कुछ मामलों में इसका संबंध वायरल संक्रमण से भी हो सकता है.

तापमान में बदलाव है बड़ी वजह
जिला अस्पताल की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या द्विवेदी के अनुसार, सर्दियों में अर्टिकेरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है. तापमान का बार-बार बदलना इसका प्रमुख कारण है. हीटर या ब्लोअर की गर्म हवा में रहने के बाद अचानक ठंड में निकलने से शरीर को झटका लगता है, जिससे पित्त की समस्या बढ़ जाती है. इसके अलावा प्रदूषण भी इस बीमारी को बढ़ाने वाला एक अहम कारण है. छोटे बच्चे और वे वयस्क, जिन्हें अधिक समय बाहर रहना पड़ता है, इसकी चपेट में ज्यादा आ रहे हैं.

बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
डॉक्टर के अनुसार, शीत पित्ती से बचाव के लिए कुछ सावधानियां जरूरी हैं. सर्दियों में बाहर निकलते समय शरीर को पूरी तरह ढककर निकलें. नहाने या हाथ धोने के लिए हमेशा गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें. बहुत ठंडी चीजें और आइसक्रीम से परहेज करें. हीटर या ब्लोअर बंद करने के बाद ही बाहर जाएं और शरीर को सामान्य तापमान पर आने दें. बाहर से घर आने पर भी तुरंत गर्म कपड़े न उतारें.

खानपान और त्वचा की देखभाल भी जरूरी
सर्दियों में त्वचा की ड्राइनेस भी पित्त की समस्या को बढ़ाती है. नहाने के बाद ग्लिसरीन और गुलाब जल का मिश्रण लगाने से खुजली और रूखापन कम हो सकता हैय खानपान में संयम रखें और तला-भुना व ज्यादा ड्राई फ्रूट्स खाने से बचें. बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न लें. डॉ. दिव्या द्विवेदी बताती हैं कि सामान्य तौर पर पित्त 30 मिनट से एक घंटे में खुद ही ठीक हो जाता है, लेकिन यदि दाने लंबे समय तक बने रहें या होंठों व आंखों के आसपास सूजन आने लगे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. समय पर सावधानी और सही इलाज से शीत पित्ती से बचाव संभव है.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति