राम मंदिर में VIP दर्शन का बदला नियम, भक्त बोले- ‘ट्रस्ट का फैसला सराहनीय’

अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और दर्शन पूजन कर रहे हैं. राम मंदिर ट्रस्ट ने दर्शन अवधि को लेकर जो पास की सुविधा उपलब्ध कराई है, उसको लेकर अब अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं में खुशी की लहर भी देखने को मिल रही है. राम मंदिर में विशिष्ट दर्शन पास की संख्या बढ़ाने के फैसले को लेकर भक्तों में खुशी देखने को मिल रही है.

श्रद्धालुओं का कहना है कि राम मंदिर ट्रस्ट का यह निर्णय बाहर से आने वाले भक्तों के लिए काफी सुविधाजनक साबित होगा. इससे दर्शन की योजना बनाने में आसानी होगी और बुजुर्गों, बच्चों और शारीरिक रूप से असमर्थ श्रद्धालुओं को भी सहूलियत मिल सकती है. भक्तों ने इस फैसले को सराहनीय बताते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम की नगरी में सब कुछ उनकी कृपा से हो रहा है.

अयोध्या आने वाले भक्तों में खुशी की लहर
आपको बताते चलें कि बीते दिनों राम मंदिर ट्रस्ट ने राम भक्तों के सुविधा को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है. जो राम भक्त राम मंदिर में दर्शन पूजन आसानी से पास के माध्यम से करना चाहते हैं, वह 90 दिन पहले अब अपना पास राम मंदिर ट्रस्ट की वेबसाइट पर जाकर बना सकते हैं. साथ ही प्रतिदिन जो 1800 पास बनते थे, उसको अब दोगुना कर दिया गया है, जिसको लेकर अयोध्या आने वाले राम भक्तों में खुशी की लहर है.

श्रद्धालुओं ने ट्रस्ट के फैसले को बताया बेहतर
श्रद्धालु विकास गुप्ता ने बताया कि उन्हें समाचारों के माध्यम से जानकारी मिली कि राम मंदिर में विशिष्ट दर्शन पास की व्यवस्था बढ़ा दी गई है. उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छा फैसला है. पहले बाहर से आने वाले कई श्रद्धालु आरती और वीआईपी दर्शन पास बनवाने की प्रक्रिया के बारे में पूछते थे. जानकारी के अभाव में उन्हें परेशानी होती थी. अब पास की सुविधा बढ़ने से श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी. विकास गुप्ता के मुताबिक, ट्रस्ट का यह निर्णय स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले भक्तों के लिए भी फायदेमंद है.

दर्शन पास की संख्या बढ़ने से मिलेगी राहत
श्रद्धालु चंदन ने बताया कि पहले विशिष्ट दर्शन पास की व्यवस्था सीमित थी, लेकिन अब ट्रस्ट ने इसकी संख्या बढ़ाकर श्रद्धालुओं को बड़ी राहत दी है. उन्होंने कहा कि पहले जहां पास की संख्या करीब 2000 बताई जाती थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर लगभग 4000 किए जाने की जानकारी मिली है. इससे अधिक श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सकेगी.

चंदन ने कहा कि राम मंदिर में पहले की तुलना में अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. ऐसे में दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाना जरूरी है. उन्होंने ट्रस्ट के फैसले की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इसी तरह के कदम उठाए जाएंगे.

बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए उपयोगी है सुविधा
असम से अयोध्या पहुंचीं श्रद्धालु जानवी ने भी पास की सुविधा को अच्छा बताया. उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार के साथ रामलला के दर्शन करने आई हैं. उनके अनुसार, विशिष्ट दर्शन पास की व्यवस्था बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, जिन्हें अधिक पैदल चलने में परेशानी होती है.

जानवी ने स्पष्ट किया कि भगवान राम के दर्शन में किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह स्वयं अपने परिवार के पांच से छह सदस्यों के साथ आई हैं और सभी के लिए वीआईपी पास नहीं बनवाया है. हालांकि, जरूरतमंद श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सुविधा मिलना अच्छी बात है.

आस्था के साथ सुविधाओं की भी उम्मीद
श्रद्धालुओं का कहना है कि रामलला के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है. मंदिर ट्रस्ट की ओर से दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों से भक्तों को राहत मिल सकती है. श्रद्धालुओं ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भीड़ प्रबंधन, पास व्यवस्था और बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए इंतजाम किए जाएंगे. भक्तों के मुताबिक, राम मंदिर में बेहतर व्यवस्था के साथ हर श्रद्धालु को सहजता से प्रभु श्रीराम के दर्शन करने का अवसर मिलना चाहिए.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति