Last Updated:August 25, 2026, 17:39 IST
Sultanpur News: सुल्तानपुर में गोमती नदी के किनारे अब श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण तैयार होने जा रहा है. करीब 1 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से रामघाट का निर्माण और विकास किया जाएगा. यहां पक्का घाट, सीढ़ियां, लाइटिंग, शौचालय और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. त्योहारों के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह परियोजना श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है, साथ ही गोमती तट के पर्यटन को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है.
सुल्तानपुर: गोमती नदी के किनारे बसे सुल्तानपुर में धार्मिक स्थलों और घाटों का अपना खास महत्व है. सीताकुंड घाट और हनुमान घाट पर त्योहारों और खास मौकों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. अब श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और उनकी सुविधाओं को देखते हुए शहर में एक और घाट को बेहतर तरीके से विकसित करने की तैयारी है. गोमती नदी के किनारे करीब 1 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से रामघाट बनाया जाएगा. इसके तैयार होने के बाद लोगों को पूजा-पाठ और स्नान के साथ कई दूसरी सुविधाएं भी मिल सकेंगी.
नगरपालिका चेयरमैन प्रवीण कुमार अग्रवाल ने बताया कि गोमती नदी के तट को विकसित करने के लिए रामघाट बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी. करीब 1 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह घाट शहर की पहचान को एक नया रूप देगा. इसका उद्देश्य घाट को सुंदर बनाने के साथ श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है.
घाट तक पहुंचने के लिए बनेंगी मजबूत सीढ़ियां
अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज के मुताबिक गोमती नदी के किनारे घाट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा. नदी तक आसानी से पहुंचने के लिए मजबूत सीढ़ियां बनाई जाएंगी. इससे श्रद्धालुओं को गंगा स्नान की तरह गोमती में स्नान करने और पूजा-पाठ करने में सुविधा मिलेगी. घाट को इस तरह विकसित किया जाएगा कि यहां आने वाले लोगों को परेशानी न हो.
लाइटिंग और शौचालय समेत मिलेंगी कई सुविधाएं
रामघाट पर श्रद्धालुओं की जरूरत को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी. यहां पक्का घाट, सुंदर लाइटिंग, शौचालय और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे. इसके अलावा लोगों के बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी.
त्योहारों में श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान घाटों पर लोगों की संख्या काफी बढ़ जाती है. ऐसे समय में श्रद्धालुओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. रामघाट के विकसित होने के बाद यहां आने वाले लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है. बेहतर सुविधाओं के साथ लोगों के लिए घाट पर पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियां करना भी आसान होगा.
पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
रामघाट के विकसित होने से सिर्फ स्थानीय लोगों को ही फायदा नहीं मिलेगा, बल्कि बाहर से सुल्तानपुर आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए भी यह आकर्षण का केंद्र बन सकता है. नगरपालिका के मुताबिक गोमती नदी के किनारे सुविधाएं बढ़ने से शहर के धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इससे वर्षों से चली आ रही रामघाट के विकास की मांग भी पूरी हो सकेगी.
About the Author
Seema Nath is a digital journalist and content creator with 6 years of experience in journalism, including ground reporting, regional news coverage and feature writing. She currently works as a Content Producer…
और पढ़ेंLocation :
Sultanpur,Uttar Pradesh
First Published :
August 25, 2026, 17:39 IST









