Last Updated:May 19, 2026, 12:17 IST
फिल्मों की चकाचौंध भरी दुनिया में आकर नाम कमाना हर किसी का सपना होता, लेकिन बहुत कम लोग इन सपनों को साकार कर पाते हैं. वहीं दूसरी तरफ कुछ ऐसे भी सितारे रहे हैं जिन्होंने करियर के पीक पर दौलत, शोहरत छोड़ सादगी भरा जीवन अपनाया.
नई दिल्ली. सिनेमाई दुनिया में कई सितारे हैं जिन्होंने पढ़ाई छोड़ एक्टिंग की राह अपनाई. एक्ट्रेस श्रीलीला पेशे से डॉक्टर हैं. वो इन दिनों अपनी नीट पीजी की परीक्षा की तैयारी कर रही हैं. वहीं साई पल्लवी भी पेशे से डॉक्टर हैं लेकिन एक्ट्रेस ने अपना प्रोफेशन छोड़ एक्टिंग में किस्मत आजमाई और सफलता हासिल की.
ऐसे कई सितारे हैं जिन्होंने अपनी पढ़ाई और डिग्री छोड़ ग्लैमर की चकाचौंध भरी दुनिया में अपना अलग नाम बनाया और खास मुकाम हासिल किया.आज जिस एक्ट्रेस के बारे में बात कर रहे हैं उन्होंने पढ़ाई के लिए फिल्मों को त्याग दिया. छोटी सी उम्र में सफलता और शोहरत का स्वाद चख चुकी अदाकारा ने 15 साल की उम्र में पर्दे से दूरी बना ली. उन्होंने पहले स्टेट सिविल सर्विसेस क्रैक किया और कई बार लगातार कोशिश के बाद वो आईएएस ऑफिसर बनीं.
ये अदाकारा जिसकी आज बात कर रहे हैं वो कीर्तना हैं. छोटी सी उम्र में एक्टिंग में कदम रखने वाली कीर्तना ने 15 साल की उम्र तक कई सुपरहिट फिल्में दीं. सफलता और लोकप्रियता हासिल करने के बाद एक्ट्रेस ने 15 साल की उम्र में संन्यास ले लिया था. कन्नड़ फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी-मानी पूर्व बाल कलाकार कीर्तना की कहानी इसी बात का बेहतरीन उदाहरण है. उन्होंने बचपन में अभिनय से दर्शकों का दिल जीता और बाद में आईएएस अधिकारी बनकर अपने सपनों को नई दिशा दी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
कीर्तना ने बहुत कम उम्र में मनोरंजन जगत में कदम रखा था. उन्होंने कन्नड़ भाषा के कई लोकप्रिय धारावाहिकों और फिल्मों में बाल कलाकार के रूप में काम किया. गंगा-यमुना, जननी, लेडी कमिश्नर, ओ मल्लिके और उपेंद्रा जैसे प्रोजेक्ट्स में अपने शानदार अभिनय से कीर्तना ने खूब लोकप्रियता हासिल की थी.
सिर्फ कन्नड़ ही नहीं, कीर्तना ने तमिल सिनेमा में भी काम किया और कई बड़े कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा की. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने लगभग 32 फिल्मों और 48 टेलीविजन सीरियल्स में अभिनय किया. इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि अपने आप में बेहद खास मानी जाती है.
कीर्तना की लोकप्रियता को देखते हुए लोगों को उम्मीद थी कि वह आगे चलकर साउथ फिल्म इंडस्ट्री की बड़ी हीरोइन बनेंगी. लेकिन उन्होंने ऐसा रास्ता चुना, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी. मात्र 15 वर्ष की उम्र में उन्होंने अभिनय की दुनिया को अलविदा कह दिया और वो पढ़ाई की राह पर आगे बढ़ीं.
कीर्तना का सपना कैमरे के सामने स्टार बनने का नहीं, बल्कि समाज के लिए काम करने का था. वह हमेशा से प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती थीं. इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित किया.
एक्ट्रेस के आईएएस बनने का सफर आसान नहीं था. यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता पाने से पहले उन्होंने कर्नाटक प्रशासनिक सेवा (केएएस) परीक्षा पास की और करीब दो साल तक अधिकारी के रूप में कार्य किया. इसके बावजूद उनका अंतिम लक्ष्य आईएएस ऑफिसर बनना था. यूपीएससी परीक्षा की तैयारी करते हुए उन्हें 5 बार हार का सामना करना पड़ा. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. कड़ी मेहनत के बाद 6वीं बार अपने सपने को पूरा किया. साल 2020 में कीर्तना ने सिविल सर्विस में ऑल इंडिया रैंक 167 हासिल कर आईएएस अधिकारी बनने का सपना पूरा किया.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Source










