नई दिल्ली. पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में उतरने के साथ ही इतिहास रच दिया. इस फॉर्मेट में रोहित भारत की तरफ से खेलने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं. उनके नाम ये खास रिकॉर्ड तब दर्ज हुआ जब फिटनेस की वजह से उनके खेलने को लेकर सस्पेंस बना हुआ था. रोहित ने यह उपलब्धि शनिवार 13 जून को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम के धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ हासिल की.
रोहित शर्मा ने भारत की तरफ से 39 साल और 75 दिन की उम्र में अपना वनडे इंटरनेशनल खेलते ही रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराया. उन्होंने इस कारनामे को अंजाम देते हुए पूर्व भारतीय ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ का रिकॉर्ड तोड़ा. साल 1989 में भारत के लिए अपना आखिरी वनडे खेलते समय उनकी उम्र 39 साल और 36 दिन थी. यह उपलब्धि रोहित के शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और अहम मुकाम है.
हालांकि वनडे में खेलने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय का रिकॉर्ड रोहित के नाम नहीं है. यह रिकॉर्ड पूर्व भारतीय महिला तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के नाम है. साल 2022 में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में अपना फेयरवेल वनडे 39 साल और 303 दिन की उम्र में खेला था. गौर करने वाली बात है कि अभी तक कोई भी भारतीय क्रिकेटर 40 साल की उम्र के बाद वनडे में देश का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाया है.
रोहित अगले साल भारत की वनडे वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा बनने की उम्मीद है. अगर वह इस टूर्नामेंट में खेलते हैं, तो वह 40 साल की उम्र के बाद वनडे क्रिकेट खेलने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन सकते हैं.
रोहित को मैदान पर उतरने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा. धर्मशाला में लगातार बारिश के कारण मैच की शुरुआत में देरी हुई. मैच जो पहले 1:30 बजे शुरू होना था, आखिरकार 5:45 बजे शुरू हुआ. बारिश की वजह से समय बर्बाद होने की वजह से मैच को अधिकारियों ने इसे 50 की जगह 25-25 ओवर करने का फैसला लिया.
अफगानिस्तान की प्लेइंग XI:
इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सिदीकुल्लाह अतल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मोहम्मद सलीम सफी, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी
भारत की प्लेइंग XI:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा










