मेरे साथ भी यही हुआ था, गिल को भी झेलना होगा, रोहित विवाद पर बोले सौरव गांगुली
Last Updated:October 10, 2025, 02:41 IST
रोहित शर्मा की कप्तानी जाने पर जब सौरव गांगुली से पूछा गया तो उन्होंने साफ कह दिया कि ये तो एक दिन होना ही था. मेरे और द्रविड़ के साथ भी ऐसा ही हुआ था. जब गिल 40 साल के होंगे तो उनके साथ भी होगा.
शुभमन गिल और रोहित शर्मा
नई दिल्ली: बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने रोहित शर्मा को वनडे कप्तान के पद से ‘बर्खास्त’ किए जाने की बात को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा हर बड़े कप्तान के साथ उनके करियर के अंतिम पड़ाव में हुआ है. पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि उन्होंने और राहुल द्रविड़, दोनों ने अपने करियर में इसी तरह की स्थिति का सामना किया था.
टी-20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी सरीखे लगातार दो-दो आईसीसी खिताबी जिताने वाले रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को नया कप्तान बनाया गया है. गिल का पहला कार्यकाल ऑस्ट्रेलिया का दौरा होगा, जहां भारत 19 अक्टूबर से तीन वनडे मैच खेलेगा.
गुरुवार को इंडिया टुडे से बात करते हुए गांगुली ने रोहित को कप्तानी से हटाए जाने की बात को मानने से इनकार कर दिया और कहा कि चयनकर्ताओं द्वारा 38 वर्षीय खिलाड़ी से बात करने के बाद यह आपसी सहमति से लिया गया फैसला था. भारत के इस दिग्गज ने बताया कि रोहित की उम्र ने बीसीसीआई द्वारा यह बड़ा फैसला लेने में एक अहम भूमिका निभाई.
उन्होंने कहा, ‘मुझे यकीन है कि रोहित से बात की गई होगी. मुझे यकीन नहीं है कि यह बर्खास्तगी है या नहीं. मुझे यकीन है कि यह आपसी बातचीत होगी. रोहित एक बेहतरीन कप्तान रहे हैं. उन्होंने टी-20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीती है. रोहित शर्मा के लिए प्रदर्शन कोई मुद्दा नहीं है. 2027 में रोहित 40 साल के हो जाएंगे. मेरे साथ ऐसा हुआ, द्रविड़ के साथ हुआ… यह सबके साथ होता है. शुभमन गिल को भी 40 साल की उम्र में ऐसा ही सामना करना पड़ेगा. खेल जगत में हर किसी को एक दिन संन्यास लेना ही होता है.’
गांगुली ने कहा, ‘गिल को प्रमोट करना कोई बुरा फैसला नहीं है. उन्होंने इंग्लैंड में काफी प्रतिभा दिखाई है. मुझे लगता है कि यह एक उचित फैसला है… जब आप एक युवा कप्तान को तैयार कर रहे हैं, तब रोहित खेलते रह सकते हैं.’
About the Author
फरवरी 2025 से नेटवर्क 18 समूह में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में एक दशक का अनुभव. बतौर रिपोर्टर कई नेशनल-इंटरनेशनल इवेंट के साक्षी. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से करियर की शुरुआत. जागरण न्यू मीडिया…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
October 10, 2025, 02:41 IST











