Last Updated:September 15, 2026, 13:29 IST
त्योहारों का मौसम आ गया है और हर कोई भक्ति में डूबा दिख रहा है. इन दिनों फिजाओं में कुछ ऐसा ही जादू घुला हुआ है, जहां हर दिल और हर जुबान पर केवल भक्ति गीतों का खुमार छाया है. हाल ही बॉलीवुड फिल्मों के कई भक्ति गीत रिलीज हुए हैं जिनका लोगों पर जबरदस्त खुमार चढ़ा हुआ है. नितेश तिवारी की रामायण से लेकर तमन्ना भाटिया के छठ गीत तक इन गानों को छप्परफाड़ व्यूज मिल रहे हैं.
नई दिल्ली. इन दिनों थिएटर्स में सिर्फ भक्ति गीतों और गानों का बोलबाला है. हर तरफ ‘हनुमान अंश’ का जादू छाया हुआ है. ये फिल्म जब 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई तो किसी को पता भी नहीं चला. न कोई बड़ी स्टारकास्ट, न कोई शोर-शराबा और न ही भारी-भरकम प्रमोशन, बिलकुल चुपचाप आई फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर करिश्माई कमाई कर डाली है. ‘हनुमान अंश’ की भक्ति का रंग अभी उतरा नहीं था कि बॉलीवुड से और दो भक्ति गीत रिलीज हुए जिन्हें लोग जमकर प्यार दे रहे हैं
4 दिन पहले तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा की अपकमिंग फिल्म ‘द वन फोर्स ऑफ फॉरेस्ट’ का छठ गीत रिलीज हुआ जिसे लोग जमकर देख रहे हैं. इस गाने ने महज 4 दिनों में रिकॉर्ड तोड़ व्यूज हासिल कर लिए हैं. छठ के पर्व से पहले भोजपुरी इंडस्ट्री में कई गीत बनते हैं लेकिन बॉलीवुड से ऐसा पहला गाना है जिसने लोगों के दिलों में खास जगह बना ली है.
‘द वन फोर्स ऑफ फॉरेस्ट’ के गाने ‘छठी मैया’ को छप्परफाड़ व्यूज मिले हैं. छठ महापर्व से जुड़ी आस्था पर बने इस गाने को लोग काफी पसंद कर रहे हैं. 4 दिन में म्यूजिक वीडियो को 32 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं. सोशल मीडिया पर हर तरफ इस गाने को लेकर चर्चा तेज है. ये गाना तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा पर फिल्माय़ा गया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस छठ गीत के बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं. इसको कंपोज विशाल मिश्रा ने किया और उन्होंने ही इस गाने को आवाज भी दी है. फिल्म ‘द वन फोर्स ऑफ फॉरेस्ट’ पर छैठी मैया का आशीर्वाद जमकर बरस रहा है. 4 दिन में 32 मिलियन व्यूज किसी चमत्कार से कम नहीं है. इस गाने पर कल सुबह यानि 14 सितंबर की सुबह तक 27 मिलियन व्यूज थे और महज 24 घंटे में इसपर 5 मिलियन व्यूज और जुड़ गए हैं.
अब बात करते हैं नितेश तिवारी की इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ की. नितेश तिवारी 1400 करोड़ के भव्य बजट में एक मेगा लेवल फिल्म बना रहे हैं जिसे वो देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी ग्रैंड लेवल पर प्रस्तुत करना चाहते हैं. रणबीर कपूर फिल्म में श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में दिखने वाले हैं.
बीते सोमवार को लंबे इंतजार के बाद ‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज हुआ. रिलीज होते ही इस गाने ने तहलका मचा दिया. ये गाना सोशल मीडिया और यूट्यूब पर छा गया है. इन भक्ति गीतों ने यूट्यूब को भक्तिमय कर दिया है. महज 24 घंटे के अंदर ‘रामायण’ के इस भक्ति गीत को 17.6 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं.
रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर ‘रामायण’ के गाने ‘जय जय राम’ के बोल दिग्गज लेखक कुमार विश्वास ने लिखे हैं. इस गीत को श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह ने आवाज दी है जबकि इसको संगीत हंस जिमर और एआर रहमान ने दिया है. 24 घंटे में छप्परफाड़ व्यूज इस गाने की लोकप्रियता का सबूत बन गया है.
अब अगर पिछले महीने रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के सबसे चर्चित गाने ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ की बात करें तो इसपर 3.9 मिलियन व्यूज हैं. इस गाने को सुनील लोधी ने गाया है. वहीं नीम करौली बाबा पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ के दूसरे गीत की बात करें तो ‘आवगनम’ को 9 मिलियन व्यूज मिले हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
September 15, 2026, 13:29 IST











