उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों एक अलग ही हलचल देखने को मिल रही है. समाजवादी पार्टी (SP) के मुखिया अखिलेश यादव अब सिर्फ चुनावी वादे नहीं कर रहे, बल्कि अपनी पार्टी की पूरी पहचान और ब्रांड को बदलने में जुट गए हैं. अगर आप सोच रहे हैं कि यह सिर्फ 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली जीत का जोश है, तो आप गलत हैं. यह सिर्फ भाषण देने का तरीका नहीं, बल्कि यूपी में सत्ता पाने के लिए बुना गया एक बहुत बड़ा पॉलिटिकल मास्टरप्लान है.
आखिर ऐसा क्या बदल गया है समाजवादी पार्टी में? अखिलेश यादव किस नए समीकरण के दम पर बीजेपी (BJP) को घेरने की तैयारी कर रहे हैं? आइए इसे एकदम आसान भाषा में समझते हैं.
2024 का वो चुनाव, जिसने अखिलेश की ‘किस्मत और कॉन्फिडेंस’ दोनों बदल दिए. राजनीति में सारा खेल नंबरों और आत्मविश्वास का होता है.
2022 का विधानसभा चुनाव: बीजेपी ने 403 में से 255 सीटें जीतीं, जबकि सपा को सिर्फ 111 सीटें मिलीं. बीजेपी का वोट शेयर 41.3% था और सपा का 32.1%. उस वक्त सपा को सिर्फ एक सीमित आधार (मुस्लिम-यादव) वाली पार्टी माना जा रहा था.
2024 का लोकसभा चुनाव (बड़ा मोड़): हवा का रुख बदला और सपा यूपी में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. 80 में से 37 सीटें सपा ने जीतीं, जबकि बीजेपी 33 पर सिमट गई. सपा का वोट शेयर बढ़कर 33.6% हो गया.
इस जीत ने सपा के कार्यकर्ताओं और नेताओं को वह सबसे बड़ी चीज़ दी जिसकी उन्हें जरूरत थी ‘जीतने का यकीन.’ जब पार्टी को लगता है कि वह जीत सकती है, तो समर्थकों का जोश डबल हो जाता है. यही आत्मविश्वास आज अखिलेश यादव के हर बयान में साफ झलकता है.
PDA का नया फॉर्मूला: ‘P’ का मतलब पिछड़ा ही नहीं, ‘पंडित’ भी
अखिलेश यादव की राजनीति का सबसे दिलचस्प हिस्सा उनका नया पॉलिटिकल कम्युनिकेशन है. पहले सपा को सिर्फ ‘MY’ (मुस्लिम-यादव) समीकरण के चश्मे से देखा जाता था. अखिलेश ने इसे बदलने के लिए PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का नारा दिया. लेकिन अब अखिलेश ने इसमें एक नया मोड़ ला दिया है.
लखनऊ में समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्रा की जयंती पर आयोजित ‘प्रबुद्ध सम्मेलन’ में अखिलेश ने खुले मंच से कहा- ‘PDA में ‘P’ का मतलब सिर्फ पिछड़ा नहीं, बल्कि ‘पंडित’ और ‘पीड़ित’ भी है.’
इस नए दांव के पीछे की असली रणनीति
- ब्राह्मण वोटरों को मैसेज: सपा यह बताना चाहती है कि अपर कास्ट (खासकर ब्राह्मण) उनकी राजनीति से बाहर नहीं हैं.
- बीजेपी के कोर वोटबैंक में सेंध: यूपी में सवर्ण वोटरों को बीजेपी का मजबूत समर्थक माना जाता है. अखिलेश का यह आउटरीच सीधे बीजेपी के वोटबैंक पर चोट करने की कोशिश है.
- ब्रांड सपा का विस्तार: अखिलेश बिना अपना पुराना वोटबैंक गंवाए बिना पार्टी के दायरे को बढ़ाने के प्रयास में हैं.
सपा नेताओं को कड़ा संदेश: ‘बेवजह बयानबाजी बंद करो’
राजनीतिक परिपक्वता की सबसे बड़ी पहचान होती है अपनी बात पर टिके रहना और विवादों से बचना. अखिलेश यादव अब केवल बड़े-बड़े बयान नहीं दे रहे, बल्कि अपनी पार्टी के नेताओं पर भी अनुशासन लागू कर रहे हैं. उन्होंने साफ हिदायत दी है कि कोई भी नेता ऐसा विवादित बयान न दे, जिससे बीजेपी को फायदा पहुंचे या मीडिया में फालतू का विवाद बने.
विपक्ष के लिए अपने मैसेज को कंट्रोल में रखना बहुत जरूरी होता है. अखिलेश समझ चुके हैं कि किसी एक नेता की बेतुकी बयानबाज़ी पूरी पार्टी की मेहनत पर पानी फेर सकती है. इसलिए अब सपा ‘डिफेंसिव’ (बचाव करने वाली) नहीं, बल्कि अपनी शर्तों पर एजेंडा तय करने वाली पार्टी बन रही है.
बीजेपी और मायावती के बीच अखिलेश का नया रास्ता
यूपी में बीजेपी एक बेहद मजबूत संगठन है, जिसका नेटवर्क गांव-गांव तक है. वहीं दूसरी तरफ मायावती की बसपा (BSP) का अपना एक तय वोटबैंक है. लेकिन अखिलेश यादव इस बार सीधे टकराव के बजाय राजनीति का फ्रेमवर्क ही बदलने में लगे हैं. सपा अब सिर्फ यह नहीं कह रही कि बीजेपी को हराने के लिए हमें वोट दो. सपा अब जनता से कह रही है कि ‘हम एक ऐसा सामाजिक गठबंधन बना रहे हैं, जहां हर वर्ग (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक, पीड़ित और पंडित) को सम्मान और प्रतिनिधित्व मिलेगा.’ अखिलेश यादव ने सोमवार को साफ शब्दों में कहा कि यूपी का चुनाव केवल दो पार्टियों के बीच बीजेपी और सपा में होगा. यानी वह चुनाव को बॉयपोलर दिखाने के प्रयास में हैं.
अखिलेश यादव को 2022 के चश्मे से देखना एक बड़ी भूल होगी. 2022 के अखिलेश दबाव में थे, लेकिन 2024 की जीत के बाद उभरे अखिलेश पूरे आत्मविश्वास से भरे हैं.
PDA, पंडित, पीड़ित, सोशल एक्सपेंशन और कड़ा अनुशासन… ये सब अलग-अलग बातें नहीं हैं. ये सब मिलकर एक नई समाजवादी पार्टी की तस्वीर पेश कर रहे हैं. अखिलेश यादव पारंपरिक राजनीति के स्टीरियोटाइप को तोड़कर अपनी पार्टी को एक बड़े सामाजिक गठबंधन के रूप में री-ब्रांड कर रहे हैं.
राजनीति में सबसे मुश्किल काम होता है नैरेटिव (माहौल) को बदलना, और अखिलेश यादव फिलहाल यूपी की राजनीति का माहौल बदलने में काफी हद तक कामयाब दिख रहे हैं.










