Last Updated:July 18, 2026, 12:15 IST
अजय देवगन, रितेश देशमुख और अरशद वारसी की कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. रिलीज के आठवें दिन भारत में यह मूवी 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है. इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म को फैमिली ऑडियंस और फ्रेंचाइजी की पुरानी यादों की वजह से जबरदस्त फायदा मिल रहा है. पहले हफ्ते की दमदार कमाई के बाद यह फिल्म अब भी थिएटर्स में मजबूती से टिकी हुई है.
नई दिल्ली. अजय देवगन की ‘धमाल 4’ का बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफर जारी है. पहले हफ्ते में दमदार कमाई करने के बाद फिल्म अब भी थिएटर्स में मजबूती से टिकी हुई है. अच्छी बात यह है कि कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म ने अपनी रिलीज के 8वें दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का बड़ा आंकड़ा पार कर लिया है.
फैमिली ऑडियंस के लगातार थिएटर्स पहुंचने का फिल्म को जबरदस्त फायदा मिला है. हालांकि, दूसरे वीकेंड में इस फिल्म की असली परीक्षा होगी, क्योंकि 17 जुलाई 2026 को क्रिस्टोफर नोलन की मच-अवेटीड फिल्म ‘द ओडिसी’ रिलीज हो चुकी है, जो आईमैक्स और बड़ी स्क्रीन्स पर राज कर रही है.
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ ने अपनी रिलीज के आठवें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए रखी है. फिल्म ने शुक्रवार को देशभर में 8158 शोज से 5.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. इसी के साथ फिल्म ने भारत में कुल कलेक्शन 101.50 करोड़ हो गया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
‘धमाल 4’ ने भारत में 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने के साथ ही 121.03 करोड़ का ग्रोस कलेक्शन कर लिया है. वहीं, विदेशों में भी फिल्म ने आठवें दिन 50 लाख बटोरे, जिसके बाद इसका कुल ओवरसीज ग्रोस बिजनेस 18.75 करोड़ पर पहुंच गया है. कुल मिलाकर, ‘धमाल 4’ अब तक दुनियाभर में 139.78 करोड़ की बंपर कमाई कर चुकी है.
अजय देवगन की फिल्म ‘धमाल 4’ ने 14 करोड़ की कमाई के साथ दमदार ओपनिंग की थी. इसके बाद वीकेंड पर फिल्म की कमाई में भारी उछाल आया. दूसरे दिन 22.50 करोड़ और तीसरे दिन 28.50 करोड़ बटोरे. उम्मीद के मुताबिक, सोमवार को वर्किंग डे होने के कारण कमाई में गिरावट आई और फिल्म ने 8.75 करोड़ कमाए.
इसके बाद बाकी दिनों में फिल्म की पकड़ मजबूत रही. पांचवें दिन 9.50 करोड़ और छठे दिन 6.75 करोड़ का कलेक्शन हुआ. सातवें दिन फिल्म की कमाई में करीब 11.1 फीसदी की मामूली गिरावट आई और इसने 6 करोड़ रुपये का नेट बिजनेस किया. इस तरह पहले हफ्ते में फिल्म का नेट कलेक्शन 96 करोड़ रहा.
इंद्र कुमार के डायरेक्शन में बनी ‘धमाल 4’ बॉलीवुड की सबसे कामयाब कॉमेडी फ्रेंचाइजी की अगली कड़ी है, जिसकी शुरुआत साल 2007 में हुई थी. ‘धमाल 4’ फिल्म की कहानी एक बार फिर खजाने की उसी मजेदार और अजीबो-गरीब खोज के इर्द-गिर्द घूमती है. इसमें अतरंगी किरदारों का एक ग्रुप गुप्त खजाने तक पहुंचने की होड़ में लगा है, जिससे उनके बीच गलतफहमियां, गड़बड़ियां और कॉमेडी से भरपूर अजीबोगरीब स्थितियां पैदा होती हैं.
बताते चलें कि अजय देवगन की ‘धमाल 4’ फिल्म की बड़ी स्टारकास्ट में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा, रवि किशन और अंजलि आनंद जैसे बेहतरीन सितारे लीड किरदारों में हैं. इसके शुरुआती दो पार्ट का अजय देवगन हिस्सा नहीं थे उनकी एंट्री तीसरे पार्ट में हुई थी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Source











