पूर्व IAS दिव्या मित्तल की नई पार्टी का क्या है एजेंडा? 3 पॉइंट में जानें

Former IAS officer Divya Mittal political party Number:  उत्तर प्रदेश की सियासात में सूबे की बेहद चर्चित और तेजतर्रार पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल की चर्चा लगातार बनी हुई है. पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपनी नई पार्टी ‘जननीति भारत’ बनाई है. मिर्जापुर में नवरात्र के दौरान पार्टी के गठन का ऐलान किया है. नई पार्टी के गठन के बाद लोग इसके विचारों, काम करने के तरीके और संगठन से जुड़ने के माध्यमों के बारे में जानना चाहते हैं. पार्टी ने संपर्क के लिए मोबाइल नंबर, वेबसाइट और ई-मेल भी जारी किए हैं. आखिर ‘जननीति भारत’ का पूरा फॉर्मूला क्या है? दिव्या मित्तल की पार्टी किन सिद्धांतों पर काम करने का दावा कर रही है और इससे जुड़ने के लिए क्या करना होगा? आइए, तीन सिद्धांतों और संपर्क की पूरी जानकारी के साथ समझते हैं.

तीन सिद्धांतों पर काम करेगी ‘जननीति भारत’

पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल की नई पार्टी ‘जननीति भारत’ के इन तीन मुख्य सिद्धांतों पर काम करेगी.

1. नीतियां बनाने में जनता की भागीदारी (Public Participation): अभी तक सरकार के नियम और कानून बड़े नेता या अधिकारी बंद कमरों में बैठकर तय करते हैं. लेकिन दिव्या मित्तल का कहना है कि नियम बनाने का यह पुराना तरीका पूरी तरह बदलेगा.
नया फॉर्मूला: नीतियां बनाने की प्रक्रिया में सीधे आम जनता की राय ली जाएगी. जनता की भूमिका सिर्फ 5 साल में एक बार वोट देने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि सरकार के फैसलों में उनकी सीधी हिस्सेदारी होगी.

2. पहचान के बजाय जरूरत और समानता (Need-Based Action): हमारे देश में ज्यादातर राजनीतिक दल जाति, धर्म, वर्ग या अपनी विशेष राजनीतिक पहचान को देखकर योजनाएं और वादे तैयार करते हैं.
नया फॉर्मूला: ‘जननीति भारत’ किसी भी प्रकार के जातिगत या धार्मिक समीकरणों के बजाय लोगों की वास्तविक ‘जरूरत’ को प्राथमिकता देगी. जो व्यक्ति या क्षेत्र वास्तव में पिछड़ा है, उसे बिना किसी भेदभाव के समानता के आधार पर हक और सुविधाएं दी जाएंगी.

3. सरकारी कामकाज और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही (Accountability): अक्सर नेता चुनाव जीतने के बाद जनता से दूर हो जाते हैं और लोग अपने काम या सवालों के लिए उनके चक्कर काटते रह जाते हैं.
नया फॉर्मूला: चुनाव जीतने के बाद पूरे 5 साल के कार्यकाल के दौरान जनप्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों की जनता के प्रति निरंतर जवाबदेही तय की जाएगी. एक ऐसी पारदर्शी व्यवस्था बनाई जाएगी जहां आम नागरिक सीधे अपने नेताओं से उनके काम का हिसाब और अपने सवालों के जवाब मांग सकेंगे.

पार्टी ने अब तक नहीं बनाया है कोई सिस्टम?

लेकिन यहां आपको जानना है कि पार्टी ने अभी तक इस बात का विस्तृत रोडमैप या खाका साझा नहीं किया है कि वे इन तीनों सिद्धांतों को धरातल पर उतारने के लिए कौन सा ठोस सिस्टम या ढांचा तैयार करेंगी.

पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल की पार्टी से कैसे जुड़े, जानें नंबर-मेल-बेवसाइट

‘जननीति भारत’ ने पार्टी से जुड़ने के इच्छुक लोगों के लिए मोबाइल नंबर 90590 59193 जारी किया है. इसके अलावा लोग पार्टी की वेबसाइट janneetibharat.com और ई-मेल divya@janneetibharat.com के जरिए संपर्क कर सकते हैं.

पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल की पार्टी का नारा क्या है?

पार्टी का नारा है, ‘राजनीति नहीं, जननीति. जहां जनता केंद्र में है.’ इसके साथ ही ‘आपकी आवाज, आपकी भागीदारी, यही है जननीति’ का संदेश दिया गया है. इन माध्यमों से इच्छुक लोग पार्टी के बारे में जानकारी ले सकते हैं और संगठन से जुड़ने के लिए संपर्क कर सकते हैं.

तीन जिलों में DM रह चुकी हैं दिव्या मित्तल

दिव्या मित्तल 2013 बैच की IAS अधिकारी रही हैं. उत्तर प्रदेश में वह संत कबीर नगर, मिर्जापुर और देवरिया की जिलाधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं. मिर्जापुर में उनके कार्यकाल के दौरान हलिया क्षेत्र के लहुरियादह गांव तक पेयजल पहुंचाने का काम चर्चा में रहा था. दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को प्रशासनिक सेवा से इस्तीफे की घोषणा की थी. सितंबर में उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया. इसके बाद 29 सितंबर को उन्होंने राजनीति में आने का इरादा सार्वजनिक किया और 15 अक्टूबर को नई पार्टी के नाम तथा चुनावी योजना की घोषणा की.

2027 के चुनाव में होगी पार्टी की परीक्षा

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ‘जननीति भारत’ ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की है. जनता की भागीदारी, जरूरत के आधार पर फैसले और जवाबदेही उसके घोषित प्रमुख सिद्धांत हैं. अब पार्टी के सामने संगठन का विस्तार करने और अपने विचारों को लोगों तक पहुंचाने की चुनौती है. पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और उम्मीदवारों का चयन कैसे करेगी, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति