Last Updated:August 26, 2026, 09:18 IST
Mahoba Weather News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में पिछले 17 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जलभराव की समस्या शुरू हो गई है. जिले की कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं. लोग घरों में रहने के विवश हैं. वहीं दीवार गिरने से बुजुर्ग दंपत्ति की मौत हो गई.
महोबा में भारी बारिश के चलते सड़कों पर भरा पानी.
महोबाः उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में करीब 17 घंटे से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है. कीरत सागर तालाब किनारे रिहायशी इलाके के मकानों में पानी घुस गया है. मकानों में जलभराव की गंभीर स्थितियों को लेकर नागरिक परेशान हो गए हैं. जिला मुख्यालय से चरखारी नगर, महोबा रेलवे स्टेशन जंक्शन, पॉलिटेक्निक कॉलेज को जाने वाली सड़कों पर भारी जल भराव हो गया है. इसके अलावा रेलवे अंडर ब्रिज में भारी जल भराव के चलते मुख्यालय से लोगों का सम्पर्क टूट गया है. वर्षों से जर्जर टूटी पुलिया से जान जोखिम में डालकर राहगीर यात्रा कर रहे हैं. पीडी नगर पालिका की बड़ी लापरवाही के चलते वर्षों से मुख्य सड़क की पुलिया का निर्माण नहीं हो सका है.
बुजुर्ग दंपत्ति की मौत
इसके अलावा तेज मूसलाधार बारिश के चलते श्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिजहरी गांव में मंगलवार की रात को गांव के रहने वाले चतुर्भुज का पक्का मकान अचानक बैठ गया और देखते ही देखते भरभराकर ढह गया. हादसे के वक्त मकान के एक हिस्से में 70 वर्षीय बुजुर्ग चतुर्भुज उर्फ चतुरा और उनकी 68 वर्षीय पत्नी मन्नी देवी सो रहे थीं, जो सीधे मलबे के नीचे दब गए. वहीं मकान के दूसरे हिस्से में सो रहे उनका बेटा, बहू और 5 साल की नातिन बाल-बाल बच गए. हालांकि मासूम बच्ची को मामूली चोटें आई हैं.
जेसीबी नहीं पहुंची तो लोगों ने खुद हटाया मलबा
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी. लेकिन कुदरत का कहर यहीं नहीं रुका. लगातार हो रही भारी बारिश के कारण इलाके के नाले उफान पर आ गए और चारों तरफ भीषण जलभराव हो गया. रास्ते बंद होने की वजह से राहत बचाव के लिए बुलाई गई. हालांकि जेसीबी मशीन और एंबुलेंस मौके तक नहीं पहुंच सकीं. ऐसे में पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए खुद ही हाथों से मलबा हटाना शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद दोनों बुजुर्गों को बाहर निकाला.
About the Author
Prashant RaiChief Sub Editor
Prashant Rai is a digital journalist with over 9 years of experience in Hindi journalism, specializing in politics, crime, hyper-local reporting, and viral news. He currently serves as Chief Sub Editor at News1…
Mahoba,Uttar Pradesh
First Published :
August 26, 2026, 09:18 IST










