Last Updated:August 25, 2026, 07:21 IST
मिर्जापुर के प्रमुख वाटरफॉल को साफ और सुंदर बनाए रखने के लिए वन विभाग ने नई व्यवस्था तैयार की है. पायलट प्रोजेक्ट के तहत विंढमफॉल, टांडाफॉल, लखनिया दरी और सिद्धनाथ की दरी में सफाई का जिम्मा निजी फर्म को दिया जाएगा. पर्यटकों से 10 रुपये टिकट लेकर व्यवस्था का संचालन किया जाएगा.
मिर्ज़ापुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में स्थित वाटरफॉल पर साफ-सफाई को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे. वन विभाग की ओर से साफ-सफाई को बेहतर रखने को लेकर प्लान तैयार किया गया है. प्लान तैयार करके मंजूरी को लेकर शासन को भेजा गया था. मंजूरी मिलने के बाद प्लान पर काम शुरु कर दिया गया है. जल्द ही टेंडर जारी करके फॉल को जिम्मेदारी दी जाएगी, जहां फर्म के द्वारा ही संचालन किया जाएगा.
मिर्जापुर जिले के विंढमफॉल, टांडाफॉल, लखनिया दरी और सिद्धनाथ की दरी में ट्रायल के तौर पर परियोजना को लागू किया जाएगा. जिसके सफल होने के बाद जिले में मौजूद अन्य वाटरफॉल पर इसे लागू किया जाएगा. प्लान को लेकर डीएफओ राकेश कुमार के द्वारा पहल की गई थी, जिसके बाद अब अंतिम रूप दिया जा रहा है.
मिर्जापुर जिले के अहरौरा में स्थित लखनिया दरी प्राकृतिक सौंदर्यता का केंद्र है. ऐसे में देश ही नहीं बल्कि वाराणसी आने वाले विदेशी पर्यटक भी यहां पर घूमने के लिए आते हैं. यहां पर पिकनिक मनाते हैं. बाटी-चोखा का लुफ्त उठाते हैं. हालांकि, उनके द्वारा साफ-सफाई पर ध्यान् नहीं दिया जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसी तरह टांडाफॉल, सिद्धनाथ दरी और विंढमफॉल भी पर्यटकों का आवागमन का बड़ा केंद्र है. ऐसे में इन स्थानों को भी पायलट प्रोजेक्ट के तहत शामिल किया गया है. जहां नई व्यवस्था लागू की जाएगी.
प्लान के तहत यहां पर साफ-सफाई को लेकर फर्म का चयन किया जाएगा, जहां फर्म के द्वारा ही साफ-सफाई के इंतजाम किए जाएंगे. क्षमता के अनुरूप दो या चार कर्मियों की नियुक्ति, सफाई के लिए बॉक्स और अन्य इंतजाम किए जाएंगे.
चयनित फर्म के द्वारा हर व्यक्ति से बतौर टिकट 10 रुपये की वसूली की जाएगी. उसी से व्यवस्था का संचालन किया जाएगा. इसमें स्थानीय फर्म को वरीयता दी जाएगी. ताकि, व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल सके. जल्द ही प्लान को अंतिम रूप देकर टेंडर जारी किया जाएगा.
डीएफओ राकेश कुमार ने बताया कि वाटरफॉल पर साफ-सफाई को लेकर प्लान तैयार किया गया है. कुछ प्रक्रियाएं शेष है. जल्द ही पूर्ण करके इसे लागू किया जाएगा. इससे स्वच्छता और सुंदरता बनी रहेगी.
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंडियादेखें.First Published :
August 25, 2026, 07:21 IST











