नई दिल्ली. जिस उम्र में एक खिलाड़ी रिटायरमेंट प्लान कर रहा होता है उस उम्र में एक बल्लेबाज भारतीय क्रिकेट में एक बार फिर इतिहास के दरवाजे पर खड़ा है और जोर-जोर से दस्तक दे रहे हैं. ये हैं भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा. अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में जैसे ही रोहित मैदान पर उतरेंगे, वह एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं जो पिछले कई दशकों से अटूट बना हुआ है.
धर्मशाला की खूबसूरत फिजाओं में रोहित शर्मा अपनी पूरी फिटनेस के साथ जब वनडे सीरीज में नीली जर्सी में अपने पांव मैदान पर रखेंगे तो कहीं दूर गोवा में एक महान खिलाड़ी उनकी इस उपलब्धि पर जरूर मुस्करा रहा होगा और अपनी जेब से लाल रुमाल निकालकर रोहित के रिकॉर्ड तोड़ने का इस्तेकबाल करेगा.
भारत के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का टैग
अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज का नतीजा भले कोई भी ना बता पाए पर एक बात तो हर कोई बता सकता है कि 39 साल 44 दिन की उम्र में खेलते हुए रोहित शर्मा , महान ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ का 39 साल 36 दिन में खेलने का रिकॉर्ड तोड़ देंगे. यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि फिटनेस, अनुभव और जुनून का प्रतीक होगा. रोहित का फॉर्म बेहतर रहा और फिटनेस ने उनका साथ दिया तो वो 2027 वर्ल्ड कप में भी कई अनूठे रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते है.
दुनिया में सबसे ज्यादा उम्र में खेलने वाले क्रिकेटर
अगर बात अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा उम्र में खेलने की करें, तो यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के महान खिलाड़ी विलफ्रेड रोड्स के नाम है, जिन्होंने 52 साल की उम्र में टेस्ट क्रिकेट खेला था. वहीं भारत की ओर से भी कुछ खिलाड़ियों ने लंबी उम्र तक खेलते हुए मिसाल कायम की है, लेकिन रोहित शर्मा का यह रिकॉर्ड खास इसलिए होगा क्योंकि वह आधुनिक क्रिकेट के सबसे फिट और प्रतिस्पर्धी दौर में यह उपलब्धि हासिल करेंगे.
रोहित शर्मा के नाम पहले से ही कई बड़े रिकॉर्ड
रोहित शर्मा सिर्फ उम्र के इस रिकॉर्ड तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके नाम पहले से ही कई ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज हैं. वनडे क्रिकेट में 264 रन की पारी जो आज भी विश्व रिकॉर्ड है एकदिवसीय क्रिकेट में तीन दोहरे शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज वर्ल्ड कप 2019 में 5 शतक लगाने का रिकॉर्ड और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों में शामिल है हिटमैन. इन आंकड़ों से साफ है कि रोहित सिर्फ एक बल्लेबाज नहीं, बल्कि एक युग हैं.
अनुभव + आक्रामकता = रोहित का नया अवतार
पिछले कुछ सालों में रोहित शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी शैली में बड़ा बदलाव किया है. खासकर 2023 वर्ल्ड कप में उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक खेलने का जो तरीका अपनाया, उसने टीम इंडिया को कई मैच जिताए. उनका यह “फियरलेस क्रिकेट” अप्रोच आज भी टीम की रणनीति का अहम हिस्सा है. अब जब टीम इंडिया 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही है, तो रोहित का अनुभव और नेतृत्व युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा.
क्या यह सिर्फ शुरुआत है?
अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज रोहित के लिए सिर्फ एक रिकॉर्ड तोड़ने का मौका नहीं, बल्कि यह दिखाने का भी अवसर है कि उम्र सिर्फ एक संख्या है. वह आज भी उतने ही खतरनाक बल्लेबाज हैं जितने अपने करियर के शुरुआती दिनों में थे. अगर रोहित अपनी फॉर्म और फिटनेस को बरकरार रखते हैं, तो आने वाले महीनों में वह और भी बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं.










