हाल ही में सोशल मीडिया पर कानपुर के पनकी इंडस्ट्रियल एरिया का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें देखा जा सकता है कि लोग कूड़े के ढेर से टॉफी और चॉकलेट के डब्बे भर-भरकर अपने घर ले जा रहे हैं, तो कुछ लोग कूड़े में से नंगे हाथों ही टॉफियां बीन रहे हैं. दरअसल ये टॉफियां और चॉकलेट एक्सपायर्ड हो चुकी थीं, इसलिए फैक्ट्री मालिक ने इन्हें कूड़े के ढेर में फेंक दिया था, लेकिन लोगों का हाल देखो कि वे इन्हें ही बीन-बीन कर घर ले गए.
मीडिया रिपोट्स के मुताबिक इलाके में खबर फैली थी कि कूड़े के ढेर पर बड़ी मात्रा में मिठाई के डिब्बे फेंके गए हैं, लिहाजा सुनते ही लोगों की भीड़ वहां पहुंच गई. इस वीडियो के सामने आते ही तत्काल पुलिस भी सक्रिय हुई और कानपुर पश्चिम के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) कासिम आबिदी ने इस मामले पर संज्ञान लिया. उन्होंने कहा कि पनकी थाने के प्रभारी को जांच के आदेश दिए गए हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी एक्सपायर्ड चीजें खाने से सेहत को नुकसान हो सकता है. जांच के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी.
ये तो हो गई घटना,कि लोग एक्सपायर्ड चीजें इकठ्ठा करके ले गए और पुलिस ने एक्शन ले लिया, लेकिन अगर हेल्थ के नजरिए से देखें तो सबसे बड़ा सवाल ये है कि जो लोग अपने बच्चों के लिए इन टॉफियों को घर ले गए हैं, अगर उनके बच्चों ने ये एक्सपायर्ड टॉफियां और चॉकलेट खा लीं तो क्या वे बचे रहेंगे और सही सलामत रहेंगे? या उनकी हेल्थ को खासा नुकसान होगा? आखिर एक्सपायर्ड चीजों पर भारत में फूड सेफ्टी एंड स्टेंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नियम क्या कहते हैं? आइए जानते हैं..
आमतौर पर एक्सपायर्ड टॉफी खा लेने से एकदम बीमारी आ जाएगी, ऐसा नहीं है, या इससे सीवियर असर दिखेगा ऐसा भी नहीं है लेकिन इससे कोई नुकसान नहीं होगा, ऐसा भी नहीं है. एक्सपायर्ड चीजें खाने के बाद नुकसान कर सकती हैं.
एक्सपायर्ड चीज खाने से क्या नुकसान हो सकता है?
आमतौर पर खाने की सभी एक्सपायर्ड चीजें एक ही तरह से नुकसान नहीं करती हैं. कुछ चीजें बहुत जल्दी असर दिखाती हैं तो कुछ चीजें एक्सपायर होने के बाद भी ज्यादा नुकसान नहीं करतीं. इसके अलावा यह भी जानना जरूरी है कि कौन सी चीज कितने समय से एक्सपायर्ड है, किस तरह की चीज है, पैकेजिंग कैसी थी और उसे किस तापमान या नमी में रखा गया था. हालांकि फिर भी एक्सपायर्ड चीजें खाने से ये नुकसान हो सकते हैं.
- पेट दर्द या ऐंठन
- उल्टी
- दस्त
- मितली
- बुखार
- कमजोरी या सुस्ती
- कुछ मामलों में फूड पॉइजनिंग
- एलर्जी
इन पदार्थों की एक्सपायरी ज्यादा नुकसानदेह
आमतौर पर डेयर प्रोडक्ट या जिनकी शेल्फ लाइफ यानि भंडारण की अवधि काफी कम होती है, जैसे दूध, मांस, क्रीम या जल्दी खराब होने वाली चीजें, उनसे नुकसान ज्यादा होता है और ये जल्दी एक्सपायर्ड भी होते हैं. इसके अलावा नमी वाली चीजों में भी फंगस आदि आने का खतरा रहता है, लिहाजा वह भी नुकसान पहुंचाती हैं.
टॉफी कितनी नुकसानदेह
देखा जाए तो डेयर प्रोडक्ट के मुकाबले एक्सपायर्ड टॉफी कम नुकसान पहुंचा सकती है क्योंकि अधिकांश हार्ड/शुगर वाली टॉफियों में पानी की मात्रा बहुत कम होती है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि एक्सपायर्ड टॉफी सुरक्षित है. वहीं एक्सपायर्ड चॉकलेट इस मामले में और भी संवेदनशील है.
इसके साथ ही अगर टॉफी में फफूंदी, बदबू, असामान्य रंग/स्वाद, चिपचिपापन या पैकेट फूला हुआ या कटा-फटा है तो वह ज्यादा नुकसान पहुंचा सकता है.
एफएसएसएआई की क्या हैं गाइडलाइंस?
एफएसएसएआई के नियमानुसार आमतौर पर सभी खाद्य और अन्य इस्तेमाल किए जाने वाले प्रोडक्ट पर एक्सपायरी, यूज बाई और बेस्ट बिफोर लिखा होता है. इन तीनों में ही अंतर है और बेस्ट बिफोर में अक्सर डेट निकलने के बाद भी उतना नुकसान नहीं देखा जाता, जितना एक्सपायर्ड या यूज बाई डेट में होता है.
अगर बच्चे ने एक एक्सपायर्ड टॉफी खा ली तो?
गाइडलाइंस कहती हैं कि अगर बच्चा सिर्फ एक टॉफी खा चुका है और बिल्कुल सामान्य है, उसे कोई अंतर नहीं दिखाई दे रहा तो घबराने की जरूरत नहीं होती. हालांकि अगले कुछ घंटों में बच्चे पर नजर रखें. वही अगर उसे उल्टी, बार-बार दस्त, तेज पेट दर्द, बुखार, बहुत ज्यादा कमजोरी या सुस्ती या पानी की कमी के संकेत दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
हालांकि सिर्फ एक्सपायी डेट निकल जाने से यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि बच्चे को फूड पॉइजनिंग हो ही जाएगी, लेकिन फिर भी एक्सपायर्ड चीजों को न खाने की सलाह दी जाती है.
FSSAI के नियम क्या कहते हैं?
समझना जरूरी है कि एफएसएसएआई के नियमानुसार “Use By और Expiry”अर्थ उस तारीख के अंत से है जिसके बाद निर्धारित स्टोरेज कंडीशन में उत्पाद सुरक्षित नहीं रह सकता है. ऐसे खाद्य पदार्थ को मानव उपभोग के लिए बेचा या वितरित नहीं किया जा सकता. लेकिन अगर बेस्ट बिफोर “Best Before” लिखा है तो इसका मतलब गुणवत्ता से जुड़ा है यानि इस तारीख के बाद उत्पाद का स्वाद, खुशबू, टैक्सचर या कुछ अन्य बदलाव हो सकते हैं, लेकिन वह एक्सपायर्ड नहीं है.
इसलिए हमेशा पैकेट पर जांच लें और सावधान रहें व सुरक्षित रहें. कहीं भी एक्सपायर्ड चीजें मिल रही हैं तो उन पर झपटें नहीं, भले ही वे फ्री में मिल रही हैं. ये नुकसानदेह हो सकती हैं.










