उड़द की फसल में सुंडी का खात्मा करने का आसान तरीका, इन चीजों का करें छिड़काव
Last Updated:July 01, 2026, 16:20 IST
Agriculture Tips: इन दिनों उड़द की फसल पर बालदार सुंडी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जो पत्तियों को खाकर पूरी फसल बर्बाद कर देता है. कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. आई.के. कुशवाहा के अनुसार, शुरुआती लक्षण दिखते ही संक्रमित पौधों को उखाड़कर नष्ट कर देना चाहिए. यदि सुंडी का असर ज्यादा हो, तो डेल्टा मैथ्रिन या डेसिस कीटनाशक का 1 एमएल प्रति लीटर पानी में मिलाकर तुरंत छिड़काव करना चाहिए, क्योंकि पूरे खेत में फैलने के बाद इस कीट पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो जाता है.
सहारनपुर: यूपी के किसान बड़े पैमाने पर उड़द की खेती करते हैं. लेकिन इन दिनों उड़द की फसल में सुंडी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जो पौधों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ पैदावार को भी भारी चपत लगा रहा है. अगर आप भी अपनी उड़द की फसल में सुंडी की समस्या से परेशान हैं, तो समय रहते एक आसान तरीके से इसे खत्म कर सकते हैं.
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी और प्रोफेसर डॉ. आई.के. कुशवाहा ने लोकल 18 से बातचीत में इस कीट से निपटने और फसल को सुरक्षित रखने के कुछ बेहद कारगर उपाय साझा किए हैं.
कैसे पहचानें खेत में सुंडी का हमला
जब आप अपने उड़द के खेत का चक्कर लगाएं, तो पौधों की पत्तियों पर खास ध्यान दें. अगर खेत में पत्तियां झिल्लीदार दिखाई दे रही हैं या उनमें छोटे-छोटे छेद बने हुए हैं, तो समझ जाइए कि फसल पर सुंडी का हमला शुरू हो चुका है. इसे बालदार सुंडी या कमला कीट भी कहा जाता है. यह कीट पत्तियों के निचले हिस्से में हजारों की संख्या में छोटे-छोटे अंडे देता है, जो धीरे-धीरे पूरे खेत में फैल जाते हैं और पत्ती के हरे भाग को खाकर उसे पूरी तरह सुखा देते हैं.
शुरुआती अवस्था में ऐसे करें बचाव
अगर खेत में कहीं-कहीं पर ही इसके लक्षण दिख रहे हैं, तो प्राथमिक अवस्था में उन प्रभावित पौधों को तुरंत उखाड़ लें. उखाड़ने के बाद या तो उन्हें वहीं मसल दें या फिर खेत से दूर ले जाकर जमीन में गहरा दबा दें, जिससे सुंडी आगे नहीं फैल पाएगी. इसके अलावा अगर खेत के किसी खास हिस्से में सुंडी का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है, तो किसान भाई पूरे खेत में दवा डालने के बजाय सिर्फ उसी प्रभावित एरिया का घेरा बनाकर स्पॉट ट्रीटमेंट यानी स्थानीय छिड़काव भी कर सकते हैं.
इन दवाओं का करें छिड़काव
अगर सुंडी का प्रकोप खेत में तेजी से बढ़ रहा हो, तो बिल्कुल भी लापरवाही न बरतें. बाजार में मिलने वाले कीटनाशी रसायन जैसे डेल्टा मैथ्रिन या डेसिस का इस्तेमाल करें. इसके लिए दवा की 1 एमएल मात्रा को प्रति लीटर पानी के हिसाब से मिलाकर उड़द की फसल पर अच्छी तरह छिड़काव कर दें. यह कीट जब शुरुआती स्तर पर होता है, तभी इस पर काबू पाना आसान है. अगर एक बार यह सुंडी पूरे खेत में फैल गई और बड़ी हो गई, तो फिर इसे किसी भी कीटनाशक से रोक पाना बेहद मुश्किल हो जाता है.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …
और पढ़ेंLocation :
Saharanpur,Uttar Pradesh










