UP T20: लाइव मैच में फूटा रिंकू सिंह का गुस्सा, अपने ही टीममेट जमकर सुनाया
Last Updated:September 07, 2026, 05:55 IST
यूपी टी20 लीग 2026 में रिंकू सिंह ने अपनी कप्तानी में कमाल कर दिया. रिंकू की कप्तानी में मेरठ मेवरिक्स की टीम ने खिताबी जीत हासिल की. हालांकि, फाइनल में रिंकू बल्लेबाजी में कुछ खास नहीं कर पाए, लेकिन उनकी कप्तानी बहुत प्रभावी रही. इस दौरान रिंकू का रौद्र रूप भी देखने को मिला, जब वह अपने ही टीम के खिलाड़ी की क्लास लगाते हुए दिखे. फाइनल में मेरठ की टीम ने लखनऊ फाल्कंस को 94 रन से हराया.
लाइव मैच में रिंकू सिंह हुए गुस्सा
नई दिल्ली: रिंकू सिंह की कप्तानी में मेरठ मेवरिक्स की टीम दूसरी बार यूपी टी20 लीग की चैंपियन बनी. फाइनल में मेरठ का सामना भुवनेश्वर कुमार की अगुवाई वाली लखनऊ फाल्कंस से हुआ था. इस मैच में मेरठ की टीम लखनऊ पर पूरी तरह से हावी रही. खास तौर पर रिंकू सिंह अपनी कप्तानी में छाए रहे. मैच के दौरान उनका एक रौद्र रूप भी देखने को मिला, जब वह खराब शॉट खेलकर आउट होने वाले दिव्यांश राजपूत की उन्होंने ऑन कैमरा क्लास लगा दी.
मेरठ की बल्लेबाजी में दिव्यांश राजपूत 12 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हुए. दिव्यांश जिस तरह से आउट हुए वह कप्तान रिंकू को पसंद नहीं आया है. ऐसे में फिर क्या था, जैसे ही दिव्यांश डगआउट पहुंचे उन्होंने अपना सारा गुस्सा उन पर निकाल दिया. रिंकू का गुस्से वाला ये रूप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
View this post on Instagram
मेरठ ने 94 रन से लखनऊ को हराया
फाइनल में मेरठ की टीम ने लखनऊ फाल्कंस को 94 रन से हराया. मुकाबले में मेरठ की टीम ने दिव्यांश जोशी की शतकीय पारी से पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के खेल में 7 विकेट के नुकसान पर 203 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में भुवनेश्वर कुमार की अगुवाई वाली लखनऊ की टीम 16 ओवर में 106 रन बनाकर सिमट गई. इस तरह मेरठ की टीम ने यूपी टी20 लीग 2026 का खिताब जीत लिया.
मेरठ के खिलाफ मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ फाल्कंस की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप रही. टीम के लिए सबसे ज्यादा अजीत वर्मा ने 24 गेंद में 39 रनों की पारी खेली. इसके अलावा कृतज्ञ कुमार सिंह ने 21 और मोहम्मद सैफ ने 10 रनों का योगदान दिया. इन दोनों के अलावा और कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को पार नहीं कर पाए. गेंदबाजी में मेरठ की तरफ से विशाल चौधरी ने कमाल का खेल दिखाया. विशाल ने 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा जीशान अंसारी ने भी 2 विकेट लिए, जबकि करण चौधरी, विजय कुमार और यश गर्ग के खाते में भी एक-एक विकेट आया.
शतक लगाकर मेरठ की जीत के हीरो बने दिव्यांश
लखनऊ फाल्कंस के खिलाफ फाइनल में दिव्यांश जोशी मेरठ की जीत के हीरो बने. दिव्यांश ने टीम के लिए 40 गेंद में 105 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 12 चौके और 7 छक्के भी लगाए. इसके अलावा टीम के बाकी बल्लेबाजों का प्रदर्शन औसत ही रहा. खुद कप्तान रिंकू सिंह सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए. दिव्यांश के बाद ऋतुराज शर्मा दूसरे सबसे बड़े स्कोर रहे जिन्होंने 24 रनों की पारी खेली.
इसके अलावा स्वास्तिक चिकारा ने भी 18 रन बनाए, जबकि यश गर्ग 21 गेंद में 16 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं, अक्षय दुबे ने 15 और दिव्यांश राजपूत ने भी 13 रन बनाए. गेंदबाजी में लखनऊ की तरफ से सबसे ज्यादा अभिनंदन सिंह ने 4 ओवर में 40 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा कप्तान भुवनेश्वर कुमार को भी 1 सफलता मिली, जबकि विपराज निगम और अजीत वर्मा ने भी 1-1 विकेट लिए.
About the Author
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
September 07, 2026, 05:55 IST










