Ravan Dahan Near Me in Noida: नोएडा में 20 अक्टूबर को धूमधाम के साथ दशहरा पर्व मनाया गया. शहर में आज चार प्रमुख स्थानों पर बड़े स्तर पर रामलीला और रावण दहन का आयोजन हुआ है. सेक्टर 46, सेक्टर 21 स्टेडियम, सेक्टर 62 और सेक्टर 110 स्थित महर्षि आश्रम में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया. इन आयोजनों में लाखों की संख्या में लोग पहुंचे. खासकर बच्चों में रावण दहन को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला है.
लोकल 18 की टीम जब सेक्टर 46 स्थित रावण ग्राउंड पहुंची, तो यहां रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले तैयार नजर आए. कुछ देर बाद इन पुतलों को खड़ा किया जाएगा और शाम को रामलीला कमेटी की ओर से रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित होगा. यहां आसपास रहने वाले लोग सुबह से ही अपने बच्चों को पुतले दिखाने के लिए पहुंच रहे हैं. स्थानीय निवासी अरविंद, पुनीत और दीपू कुमार ने बताया कि उनके बच्चे सुबह से ही रावण देखने की जिद कर रहे थे. इसी वजह से वे सुबह ही बच्चों को लेकर ग्राउंड पहुंच गए.
सेक्टर 21 स्टेडियम में होगा 70 फीट के रावण का दहन
सेक्टर 46 रामलीला कमेटी के सदस्य गौरव यादव ने बताया कि यहां रावण का पुतला 60 फीट, कुंभकर्ण का 55 फीट और मेघनाद का 50 फीट ऊंचा होगा. वहीं, सेक्टर 21 स्थित नोएडा स्टेडियम रामलीला कमेटी के महासचिव संजय बाली ने बताया कि यहां सबसे ऊंचा रावण देखने को मिलेगा. स्टेडियम में रावण का पुतला 70 फीट, कुंभकर्ण का 65 फीट और मेघनाद का 60 फीट ऊंचा होगा.
सेक्टर 62 में भी इतने फीट के होंगे पुतले
सेक्टर 62 की रामलीला में भी इसी आकार के पुतलों का दहन किया जाएगा. रामलीला कमेटी के सदस्य मुन्ना और गिरिराज ने यह जानकारी दी. यहां रावण का पुतला 70 फीट, कुंभकर्ण का 65 फीट और मेघनाद का 60 फीट ऊंचा होगा.
महर्षि आश्रम में भी जुटेगी हजारों दर्शकों की भीड़
सेक्टर 110 स्थित महर्षि आश्रम में ए.के. लाल ने बताया कि यहां रावण का पुतला 60 फीट, कुंभकर्ण का 55 फीट और मेघनाद का 50 फीट ऊंचा होगा. चारों प्रमुख आयोजनों में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है. परिवार और बच्चों के साथ आने वाले लोगों की मदद के लिए आयोजकों की ओर से वॉलंटियर तैनात किए गए हैं. पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की मदद से भीड़ और यातायात व्यवस्था संभालने की तैयारी की गई है. विजयादशमी के मौके पर नोएडा के इन चारों स्थानों पर शाम को रावण दहन होगा. भीड़ को देखते हुए विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी किया जाएगा. ऐसे में अगर आप परिवार और बच्चों के साथ रामलीला या रावण दहन देखने पहुंच रहे हैं, तो यातायात व्यवस्था का ध्यान जरूर रखें.










