Last Updated:October 10, 2022, 18:06 IST
नागौर. पंक्चर टायर बदलने के लिए आपने गाड़ियों में जैक का इस्तेमाल किया होगा या फिर कहीं न कहीं देखा जरूर होगा. लेकिन क्या कभी किसी मकान को जमीन से और ऊंचा करने के लिए जैक का इस्तेमाल देखा है? नहीं न? तो चलिए आज आपको तस्वीरों में दिखलाते हैं कि कैसे किसी मकान को जैक की सहायता से जमीन से ऊपर उठाया जाता है. बल्कि आप जानकर चौंक जाएंगे कि इस तरीके से बने-बनाए मकान को एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट भी किया जा सकता है. (रिपोर्ट : कृष्ण कुमार)
यह जो एक मंजिला मकान आप देख रहे हैं न, इसे जैक की मदद से जमीन से ऊपर उठाया जा रहा है. इस तकनीक का इस्तेमाल कर रहे ठेकेदार सुखविन्दर सिंह ने बताया कि इस तकनीक को जैक हाउस शिफ्टिंग तकनीक कहते हैं. इस तरीके से मकान को लिफ्ट करने या शिफ्ट करने से मकान की मजबूती को कोई भी नुकसान नहीं पहुचता है. इस तकनीक को संचालन करने वाली कंपनी हरियाणा की है, जो हाउस लिफ्टिंग में हाउस शिफ्टिंग नाम से जानी जाती है.
मकान को ऊंचा करने या शिफ्ट करे के लिए सबसे पहले मकान की नींव खोदकर उसमें एक-एक पत्थर निकाल लिया जाता है. पत्थर निकालते वक्त ऊपरी हिस्से पर लकड़ी का गट्ठा लगाकर उसके ऊपर लोहे से बनी पाइप शिफ्ट की जाती है. फिर मकान की लंबाई-चौड़ाई के हिसाब से उसमें जैक फिट किया जाता है. और हर जैक को टाइट करते हुए धीरे-धेीरे मकान को ऊपर उठाया जाता है. जब मकान थोड़ा ऊपर उठ चुका होता है, तो नींव की ओर से ईंटों की जोड़ाई शुरू की जाती है. इसी प्रक्रिया से मकान को उठाते रहते हैं.
तस्वीर में दिख रहे मकान के ओनर जुगल सदावत ने बताया कि उनका मकान सड़क से एक फीट नीचे हो गया था. नतीजा था कि बारिश का पानी घर में आ जाता था. मकान को तोड़कर दोबारा बनवाना संभव नहीं था. तभी किसी ने जैक से मकान ऊपर उठाने की तकनीक के बारे में बताया. फिर हरियाणा की हाउस लिफ्टिंग एवं शिफ्टिंग कंपनी के संचालक सुखविन्दर से बात की. सुखविन्दर ने मकान ऊपर उठाने के लिए 300 रुपए वर्ग फीट का चार्ज बताया. सामग्री का खर्च मिलाकर करीब 15 लाख रुपए का खर्च आ रहा है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अगर आप भी ऐसी ही किसी परेशानी के शिकार हैं और अपना मकान थोड़ा ऊंचा करवाना चाहते हैं या फिर कहीं और शिफ्ट करना चाहते हैं तो हरियाणा की इस कंपनी से संपर्क किया जा सकता है. हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हाउस लिफ्टिंग शिफ्टिंग कंपनी से संपर्क करने के लिए 9050504067 कॉल कर सकते हैं. मकान को इस तरीके से ऊपर उठाने में आपको कोई जोखिम लग रहा हो तो कंपनी के साथ डैमेज के मुद्दे पर पहले ही करार कर लें. वैसे आप चाहें तो गूगल कर सकते हैं, दसियों कंपनी के नाम आपके सामने होंगे, जिनसे चाहें, उनसे संपर्क कर सकते हैं.
First Published :
October 10, 2022, 18:03 IST










