Last Updated:November 09, 2025, 14:28 IST
Noida News In Hindi : नोएडा के सेक्टर अल्फा-2 के लोग इन दिनों भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं. इलाके में नालों की दुर्गंध और सड़कों पर भरे गंदे पानी ने हालात बद से बदतर कर दिए हैं. स्थानीय निवासी इसे झुग्गी जैसी स्थिति बताते हुए नोएडा प्राधिकरण से जल्द सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं.
ग्रेटर नोएडा : अल्फा-2 सेक्टर के निवासियों के लिए इन दिनों नालियों की समस्या बड़ी मुसीबत बन गई है. क्षेत्र की कई नालियां लंबे समय से जाम पड़ी हैं, जिसके कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है. बदबू और गंदगी के कारण लोगों को न केवल आने-जाने में दिक्कत हो रही है, बल्कि बीमारियों के फैलने का भी खतरा मंडरा रहा है.
अल्फा 2 के RWA अध्यक्ष सुभाष भाटी का कहना है कि उन्होंने इस समस्या की शिकायत कई बार स्वास्थ्य विभाग और प्राधिकरण के अधिकारियों से की है लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. नालियों की सफाई न होने से सड़कों पर लगातार गंदा पानी जमा रहता है, जिससे मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है. बच्चों और बुजुर्गों में डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों को लेकर लोगों में डर का माहौल है.
सिर्फ कागज़ी कार्रवाई में उलझे अधिकारी
अल्फा 2 के महासचिव एन पी सिंह का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी केवल कागज़ी कार्रवाई तक सीमित हैं. मौके पर जाकर सफाई की वास्तविक स्थिति देखने की ज़रूरत है. एक निवासी ने बताया कि हर बार शिकायत करने पर आश्वासन मिल जाता है, लेकिन सफाई कर्मी केवल नाम मात्र का काम करके चले जाते हैं. बारिश या सीवर ओवरफ्लो होने पर पूरी सड़क पर गंदा पानी फैल जाता है.
चलाया जाएगा विशेष अभियान
इस मामले पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक आर.के. भारती. ने कहा कि क्षेत्र में लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगर अल्फा-2 या किसी अन्य सेक्टर में ऐसी समस्या है, तो विशेष अभियान चलाकर उसका जल्द समाधान कराया जाएगा. प्राधिकरण की टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करें और जहां जरूरत हो, तुरंत कार्रवाई करें.
क्या है लोगों की मांग?
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और सड़कों पर बह रहे गंदे पानी को तुरंत निकाला जाए. साथ ही, स्वास्थ्य विभाग द्वारा मच्छर रोधी दवाओं का छिड़काव और फॉगिंग अभियान नियमित रूप से चलाने की भी अपील की गई है. ग्रेटर नोएडा जैसे आधुनिक शहर में स्वच्छता से जुड़ी ऐसी समस्याएं न केवल लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं, बल्कि शहर की छवि पर भी सवाल खड़े कर रही हैं. अब देखना यह होगा कि प्रशासन कितनी जल्दी इस समस्या का स्थायी समाधान कर पाता है.
About the Author
मीडिया फील्ड में 5 साल से अधिक समय से सक्रिय. वर्तमान में News-18 हिंदी में कार्यरत. 2020 के बिहार चुनाव से पत्रकारिता की शुरुआत की. फिर यूपी, उत्तराखंड, बिहार में रिपोर्टिंग के बाद अब डेस्क में काम करने का अनु…और पढ़ें
Location :
Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
First Published :
November 09, 2025, 14:28 IST
नालों की बदबू, सड़कों पर गंदा पानी! अल्फा-2 के लोग झेल रहे झुग्गी वाली समस्याएं











