Last Updated:May 09, 2026, 13:32 IST
UP Cabinet Expansion: 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और योगी सरकार एक्शन मोड में है. समाजवादी पार्टी के पीडीए फॉर्मूले की काट के लिए बीजेपी मंत्रिमंडल विस्तार करने जा रही है. पश्चिम बंगाल और असम में मिली प्रचंड जीत के बाद अब बीजेपी यूपी विधानसभा चुनाव के लिए तैयार हैं. यूपी में योगी मंत्रिमंडल में विस्तार की कवायद तेज हो गई है. जान लीजिये कौन-कौन मंत्री बन सकता है.
ख़बरें फटाफट
CM योगी आदित्यनाथ ने रचा चक्रव्यूह
लखनऊ. आजादी के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी ने पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. 24X7 चुनावी मोड में रहने वाली बीजेपी की निगाहें अब 2027 में होने वाले यूपी, पंजाब समेत अन्य विधानसभा चुनावों पर है. यूपी में बीजेपी मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही बोर्ड, निगम और आयोगों के अलावा प्रदेश संगठन में अपने कार्यकर्ताओं का समायोजन करने जा रही है. मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही, बीजेपी 2027 की पृष्ठभूमि भी तैयार करेगी. जिसमें जातिगत समीकरण के साथ, हर पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है. यूपी में 2027 का विधानसभा चुनाव इसलिए भी अहम है, क्योंकि बीजेपी जीत की हैट्रिक की तयारी कर रही है. इसके लिए अब वह वही स्ट्रेटेजी अपनाएगी जो उसने पश्चिम बंगाल में अपनाया. यानी विकास के साथ हिंदुत्व.
योगी मंत्रिमंडल का विस्तार 10 से 15 मई के बीच हो सकता है. योगी मंत्रिमंडल की सूची लगभग फाइनल है. बीजेपी महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर विपक्ष को घेरने में जुटी है. खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने असम और बंगाल जीत के बाद पहले संबोधन में महिला आरक्षण के मुद्दे पर सपा को घेरा था. कहा था कि नारी शक्ति इन्हें माफ़ नहीं करेगी. ऐसे में योगी मंत्रिमंडल में महिलाओं की संख्या बढ़ाई जा सकती है. जहां मंत्रिमंडल विस्तार में महिला कोटा बढ़ाने की तैयारी है, वहीं कई मंत्रियों के विभागों में बदलाव हो सकता है.
मंत्रिमंडल में 6 नए चेहरों को मौका मिल सकता है
यूपी में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में 6 नए चेहरों के शामिल होने की चर्चा है. अगर महिलाओं की अगर बात की जाए तो फतेहपुर से तीन बार की विधायक कृष्णा पासवान को मंत्री बनाया जा सकता है. कृष्णा पासवान महिला के साथ ही दलित (पासी) भी हैं. लिहाजा, बीजेपी अखिलेश के PDA को भी साधेगी. इसके अलावा सपा की बागी विधायक पूजा पाल को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है. सपा के बागी एक अन्य विधायक और ब्राह्मण चेहरा मनोज पांडे भी मंत्री बनाए जा सकते हैं.
चौधरी भूपेंद्र सिंह का मंत्री बनना तय
पश्चिम यूपी में बीजेपी के बड़े जाट चेहरे चौधरी भूपेंद्र सिंह का मंत्री बनना तय माना जा रहा है. पश्चिम यूपी में गुर्जर समाज को साधने के लिए पूर्व मंत्री और एमएलसी अशोक कटारिया को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है. खीरी जिले में निघासन कांड में सिखों की नाराजगी दूर करने के लिए पंजाबी खत्री बिरादरी की रोमी साहनी को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है. चर्चा है कि अवध क्षेत्र से एक कुर्मी बिरादरी के विधायक को मंत्री बनाया जा सकता है.
कई मंत्रियों का हो सकता है प्रमोशन
इतना ही नहीं कई मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं. कई राज्य मंत्री और स्वतंत्र प्रभार मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है. पश्चिम बंगाल में बेहतर काम करने वाले यूपी सरकार के मंत्रियों को प्रमोशन मिल सकता है. हालांकि, पार्टी के एक धड़े का मानना है कि उम्रदराज मंत्रियों को हटाने से गलत संदेश जाएगा. दरअसल, यह मंत्रिमंडल विस्तार कम समय के लिए है, क्योंकि यूपी में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव है और चुनाव से पहले आचार संहिता लग जाएगी. ऐसे में पार्टी कुछ महीनों के लिए क्षेत्रीय क्षत्रप बुजुर्ग मंत्रियों को हटाकर विरोध लेने के मूड में नहीं है।
About the Author
Amit Tiwariवरिष्ठ संवाददाता
अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Lucknow,Uttar Pradesh











